डेली संवाद, जालंधर। Jalandhar News: जालंधर शहर में जगह-जगह लगे कूड़े के ढेर और बदहाल सफाई व्यवस्था को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने पंजाब सरकार और जालंधर नगर निगम के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। जालंधर भाजपा प्रधान अशोक सरीन हिक्की के नेतृत्व में भाजपा नेताओं ने शहर के अलग-अलग प्रमुख स्थानों पर खड़े होकर जोरदार विरोध जताया।
भाजपा नेताओं ने पंजाब की भगवंत मान सरकार, जालंधर नगर निगम, मेयर वनीत धीर और कैबिनेट मंत्री महिंद्र भगत पर सफाई व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए। नेताओं का आरोप है कि शहर के प्रमुख चौकों, सड़कों, रिहायशी इलाकों, धार्मिक स्थलों और शहीदों के स्मारकों के आसपास तक कूड़े के ढेर लगे हुए हैं।
भाजपा नेताओं ने जताया विरोध
पूर्व कैबिनेट मंत्री मनोरंजन कालिया और पूर्व सांसद सुशील रिंकू ने प्लाजा चौक में विरोध जताया। पंजाब भाजपा उपाध्यक्ष एवं पूर्व मेयर राकेश राठौड़ रामामंडी चौक, पूर्व विधायक के.डी. भंडारी विकासपुरी, पूर्व विधायक शीतल अंगूराल और भाजपा पार्षद दल के नेता मंजीत सिंह टीटू बस्ती लाल पहाड़ी के पास पहुंचे।

वहीं पूर्व जिला प्रधान सुशील शर्मा और प्रदेश सचिव अमरजीत सिंह अमरी ने कूड़े के डंप पर खड़े होकर सरकार के खिलाफ विरोध दर्ज करवाया।
जनता को मिल रही गंदगी और बीमारी
जालंधर भाजपा प्रधान अशोक सरीन हिक्की ने कहा कि शहर की जनता टैक्स और अन्य माध्यमों से सरकार को पैसा देती है, लेकिन बदले में उसे गंदगी, बदबू और बीमारी का खतरा मिल रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी ने साफ-सफाई और बेहतर सुविधाओं के बड़े-बड़े वादे किए थे, लेकिन आज शहर के कई चौक और सड़कें कूड़े के डंप में तब्दील हो रहे हैं।
कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल
पूर्व कैबिनेट मंत्री मनोरंजन कालिया ने कहा कि जालंधर जैसे प्रमुख शहर में सार्वजनिक स्थानों पर कूड़े के ढेर सरकार की नाकामी का प्रमाण हैं। उन्होंने कहा कि सफाई व्यवस्था किसी भी सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी होनी चाहिए, लेकिन सरकार और नगर निगम इस जिम्मेदारी को सही तरीके से नहीं निभा रहे।

पूर्व सांसद सुशील रिंकू ने कहा कि लोगों को नारकीय परिस्थितियों में रहने के लिए मजबूर करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने सरकार और नगर निगम अधिकारियों से जमीन पर उतरकर वास्तविक स्थिति देखने की मांग की।
सफाई व्यवस्था पर सवाल
राकेश राठौड़ ने कहा कि रामामंडी चौक जैसे व्यस्त इलाके में कूड़े के ढेर शहर की छवि खराब कर रहे हैं। वहीं के.डी. भंडारी ने विकासपुरी सहित कई इलाकों में सफाई व्यवस्था चरमराने का आरोप लगाया।
शीतल अंगूराल ने कहा कि जालंधर की जनता को गंदगी और बीमारी के खतरे के बीच छोड़कर सरकार विकास के दावे नहीं कर सकती। मंजीत सिंह टीटू ने कहा कि नगर निगम को फोटो खिंचवाने के बजाय नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करनी चाहिए।

कूड़े का उठाव नहीं
सुशील शर्मा ने कहा कि कूड़े का सही ढंग से उठाव और निपटारा नहीं होना नगर निगम की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है। अमरजीत सिंह अमरी ने सरकार से पूछा कि सफाई व्यवस्था के नाम पर खर्च किए जा रहे संसाधनों का जमीनी स्तर पर क्या परिणाम सामने आ रहा है।
भाजपा नेताओं ने सफाई कर्मचारियों के मुद्दे को भी उठाया और सरकार से कर्मचारियों के साथ बातचीत कर उनकी समस्याओं का समाधान करने की मांग की।
बारिश में बीमारी फैलने का जताया खतरा
भाजपा नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही कूड़े के ढेर नहीं हटाए गए और सफाई व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई तो बारिश के दौरान गंदगी और पानी जमा होने से डेंगू, मलेरिया और टायफाइड जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है।
भाजपा नेताओं ने कहा कि अगर हालात जल्द नहीं सुधरे तो पार्टी जनता की आवाज बनकर इस मुद्दे पर संघर्ष और तेज करेगी। उन्होंने नगर निगम से शहर को कूड़े के ढेरों से मुक्त करने और नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की।