Skip to content

Jalandhar News: पार्षद हरशरण कौर हैप्पी ने महिला पार्षद के खिलाफ की गई अभद्र भाषा की कड़ी निंदा की, कहा- हाउस की मीटिंग दोबारा बुलाई जाए

जालंधर नगर निगम की जनरल हाउस बैठक में हुए हंगामे पर पार्षद हरशरण कौर हैप्पी ने नाराजगी जताई। उन्होंने मेयर विनीत धीर से बैठक जल्द दोबारा बुलाने की मांग की है।

Jalandhar News: पार्षद हरशरण कौर हैप्पी ने महिला पार्षद के खिलाफ की गई अभद्र भाषा की कड़ी निंदा की, कहा- हाउस की मीटिंग दोबारा बुलाई जाए
Share Facebook X WhatsApp Telegram Email
View in ePaper

डेली संवाद, जालंधर। Jalandhar News: जालंधर नगर निगम की जनरल हाउस बैठक के दौरान सत्तापक्ष और विपक्ष के पार्षदों के बीच हुई तीखी नोकझोंक को लेकर वार्ड नंबर 35 की पार्षद एवं नगर निगम की चार एडहॉक कमेटियों की सदस्य हरशरण कौर हैप्पी ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। पार्षद हैप्पी ने बैठक में महिला पार्षद के खिलाफ इस्तेमाल की गई कथित अभद्र भाषा की भी निंदा की।

अभद्र भाषा का इस्तेमाल बेहद निंदनीय: हैप्पी

पार्षद हरशरण कौर हैप्पी ने कहा कि जनरल हाउस की बैठक में शहर और वार्डों से जुड़े मुद्दों पर सार्थक चर्चा होने के बजाय सत्तापक्ष और विपक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप और तीखी बहस देखने को मिली।

उन्होंने कहा कि पार्षदों के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल लोकतांत्रिक व्यवस्था और नगर निगम हाउस की गरिमा के अनुरूप नहीं है। उन्होंने विशेष रूप से महिला पार्षद के खिलाफ की गई कथित अभद्र टिप्पणी की कड़ी निंदा की।

वार्डों की समस्याओं पर नहीं हो सकी चर्चा

पार्षद हैप्पी ने कहा कि बैठक के दौरान हंगामे के कारण न तो शहर की समस्याओं का समाधान हो सका और न ही पार्षद अपने-अपने वार्डों की समस्याओं और मांगों को मेयर व नगर निगम कमिश्नर के सामने प्रभावी ढंग से रख सके।

उन्होंने कहा कि नगर निगम हाउस की बैठक का मुख्य उद्देश्य शहर के विकास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करना और जनता की समस्याओं का समाधान निकालना होना चाहिए।

पार्षदों से जनता के मुद्दों पर ध्यान देने की अपील

हरशरण कौर हैप्पी ने सभी पार्षदों से अपील की कि जनता ने उन्हें अपने प्रतिनिधि के रूप में चुनकर नगर निगम हाउस में भेजा है। इसलिए सभी पार्षदों को राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप से ऊपर उठकर लोगों की समस्याओं के समाधान पर ध्यान देना चाहिए।

उन्होंने कहा कि वार्ड स्तर पर विकास कार्यों की योजनाएं तैयार करने और उनके समय पर क्रियान्वयन को प्राथमिकता दी जानी चाहिए, ताकि लोगों को सड़क, सीवरेज, सफाई, स्ट्रीट लाइट और अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़ी परेशानियों से राहत मिल सके।

जल्द दोबारा बुलाई जाए जनरल हाउस की बैठक

पार्षद हैप्पी ने मेयर विनीत धीर से मांग की कि नगर निगम की जनरल हाउस बैठक जल्द से जल्द दोबारा बुलाई जाए। उन्होंने कहा कि अगली बैठक में पार्षदों को अपने-अपने वार्ड की समस्याओं और मांगों को हाउस के सामने रखने का पूरा अवसर मिलना चाहिए।

साथ ही इन मुद्दों पर गंभीरता से चर्चा कर उनके समाधान के लिए आवश्यक फैसले लिए जाने चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि अगली बैठक शहर के विकास और लोगों की समस्याओं के समाधान पर केंद्रित होगी तथा सभी पार्षद हाउस की गरिमा बनाए रखते हुए सकारात्मक भूमिका निभाएंगे।