डेली संवाद, लुधियाना। Fraud Travel Agent: पंजाब में विदेश भेजने के नाम पर फ्रॉड करने के मामले लगातार बढ़ते जा रहे है। आए दिन फर्जी ट्रैवल एजेंटों द्वारा विदेश भेजने का झांसा देकर भोले भाले लोगों से लाखों रुपए की ठगी कर ली जाती है। ऐसा ही एक मामला सामने आ रहा है।
मिली जानकारी के मुताबिक पंजाब के जिला लुधियाना में न्यूजीलैंड भेजने का झांसा देकर 12 लाख रुपये की ठगी कर ली गई है। मामले में शिकायतकर्ता गुरप्रीत सिंह ने पुलिस को बताया कि आरोपी पारस कुमार ने उसे भरोसा दिलाया था कि उसकी विदेशों में अच्छी पहचान है और वह उसके भाई परविंदर सिंह का कानूनी प्रक्रिया के तहत न्यूजीलैंड का वीजा लगवाकर उसे रोजगार के लिए विदेश भेज सकता है।
कुल 12 लाख रुपये दिए
आरोपी की बातों पर विश्वास कर परिवार ने अलग-अलग समय पर कुल 12 लाख रुपये उसे दे दिए। रकम लेने के बाद आरोपी ने विदेश भेजने की प्रक्रिया पूरी नहीं की और लगातार बहाने बनाकर समय टालता रहा। काफी समय बीतने के बावजूद न तो वीजा मिला और न ही परविंदर सिंह को न्यूजीलैंड भेजा गया। इसके बाद जब परिवार ने अपने पैसे वापस मांगे तो आरोपी ने रकम लौटाने से इनकार कर दिया।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस अधिकारियों की जांच में प्रथम दृष्टया धोखाधड़ी का मामला सामने आया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी पारस कुमार के खिलाफ धोखाधड़ी और अमानत में खयानत से जुड़ी धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के बैंक खातों और पैसों के लेन-देन की जांच की जा रही है। मामले में आगे की कार्रवाई करते हुए आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।