Skip to content

Jalandhar News: जालंधर के युवक का विदेश में अपहरण, 58 लाख की फिरौती मांगी, ट्रैवल एजैंट के खिलाफ शिकायत

Jalandhar News: जालंधर के युवक का विदेश में अपहरण, 58 लाख की फिरौती मांगी, ट्रैवल एजैंट के खिलाफ शिकायत
Share Facebook X WhatsApp Telegram Email
View in ePaper

डेली संवाद, जालंधर। Jalandhar News: पंजाब के जालंधर जिले के फिल्लौर क्षेत्र के गांव भैणी निवासी 30 वर्षीय राकेश कुमार को इटली भेजने के नाम पर कथित तौर पर ट्रैवल एजेंटों ने ठगी का शिकार बना दिया। राकेश को पहले कीनिया भेजा गया, जहां एक आपराधिक गिरोह ने उसका अपहरण कर लिया।

अपहरणकर्ताओं ने युवक की बेरहमी से पिटाई कर उसका वीडियो परिजनों को व्हाट्सएप पर भेजा और उसकी रिहाई के बदले 70 हजार डॉलर (करीब 58 लाख रुपये) की फिरौती की मांग की।

परमजीत सिंह एजैंट का कारनामा

पीड़ित के पिता कश्मीर लाल ने बताया कि उन्होंने बेटे को इटली भेजने के लिए दो एजेंटों से संपर्क किया था। इनमें एक एजेंट परमजीत सिंह इटली में रहता है, जबकि उसकी महिला सहयोगी गांव भारसिंहपुर की रहने वाली बताई जा रही है। एजेंटों ने राकेश को इटली भेजने के लिए 9.50 लाख रुपये में सौदा तय किया था।

परिवार ने दो लाख रुपये एडवांस के तौर पर महिला एजेंट के भाई को दिए थे, जबकि बाकी रकम इटली पहुंचने के बाद देने की बात हुई थी। परिजनों के अनुसार एजेंटों ने कहा था कि पहले राकेश को कीनिया भेजा जाएगा और वहां से उसकी इटली की फ्लाइट करवाई जाएगी।

Jalandhar News.jpg
मीडिया से बातचीत करते पीड़ित परिवार के लोग

इसी योजना के तहत 5 अगस्त को जयपुर से राकेश को दुबई होते हुए कीनिया भेजा गया। लेकिन कीनिया पहुंचते ही वहां सक्रिय गिरोह ने राकेश और उसके साथ मौजूद दो अन्य पंजाबी युवकों को बंधक बना लिया।

व्हाट्सएप पर भेजा पिटाई का वीडियो

परिवार का आरोप है कि 6 अगस्त को अपहरणकर्ताओं ने राकेश की बेरहमी से पिटाई की और उसका वीडियो व्हाट्सएप पर भेज दिया। इसके बाद फोन कर धमकी दी गई कि यदि पांच घंटे के भीतर 70 हजार डॉलर नहीं भेजे गए तो गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।

'खान बाबा' नाम से कर रहा संपर्क

पीड़ित परिवार का कहना है कि खुद को 'खान बाबा' बताने वाला व्यक्ति पहले पंजाबी भाषा में बात कर रहा था और बाद में अंग्रेजी में मैसेज भेजने लगा। उसने दावा किया कि राकेश इस समय युगांडा में उसकी कस्टडी में है।

आरोपी ने यह भी कहा कि एजेंट परमजीत सिंह से उसका पैसों का विवाद है और रकम मिलने के बाद ही राकेश को छोड़ा जाएगा। इस बीच परिवार का आरोप है कि एजेंट परमजीत सिंह अब उनके फोन भी नहीं उठा रहा।

सरकार से सुरक्षित वतन वापसी की मांग

मामले की जानकारी मिलने के बाद आम आदमी पार्टी के फिल्लौर हलका के पूर्व प्रभारी प्रिंसिपल प्रेम कुमार पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। उन्होंने परिवार को भरोसा दिलाया कि सरकार और प्रशासन के सहयोग से राकेश को सुरक्षित भारत वापस लाने के प्रयास किए जा रहे हैं और दोषी एजेंटों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।

उधर, पीड़ित परिवार ने पुलिस में लिखित शिकायत देकर आरोपी ट्रैवल एजेंटों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने और राकेश को सुरक्षित भारत वापस लाने की मांग की है।