डेली संवाद, अमृतसर। Punjab News: श्री गुरु रामदास जी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर रविवार सुबह उस समय हंगामा हो गया, जब स्पाइसजेट की दुबई जाने वाली फ्लाइट के करीब 17 घंटे देरी से रवाना होने की जानकारी यात्रियों को मिली। फ्लाइट में लगातार हो रही देरी से नाराज यात्रियों ने एयरलाइन के टिकट काउंटर पर कर्मचारियों के साथ बहस की।
यात्रियों के अनुसार, फ्लाइट का निर्धारित समय पहले सुबह 8:40 बजे था। बाद में इसे बढ़ाकर सुबह 11 बजे कर दिया गया। इसके बाद यात्रियों को बताया गया कि फ्लाइट करीब 17 घंटे की देरी से संचालित होगी।
बच्चों के साथ इंतजार करते दिखे यात्री
दुबई जाने के लिए एयरपोर्ट पहुंचे कई यात्रियों को लंबा इंतजार करना पड़ा। इस दौरान कुछ यात्री अपने बच्चों के साथ एयरपोर्ट परिसर के बाहर धूप में बैठकर फ्लाइट का इंतजार करते दिखाई दिए।
एक यात्री ने आरोप लगाया कि एयरलाइन की ओर से फ्लाइट में देरी को लेकर स्पष्ट और उचित जानकारी नहीं दी जा रही है। यात्रियों का कहना है कि उनकी समस्या सुनने के लिए कोई जिम्मेदार अधिकारी भी सामने नहीं आया।
ठहरने और वैकल्पिक टिकट को लेकर जानकारी नहीं
यात्रियों ने आरोप लगाया कि उन्हें रिफंड की प्रक्रिया को लेकर भी कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई। इसके अलावा वैकल्पिक टिकट उपलब्ध करवाने या लंबे इंतजार के दौरान ठहरने की व्यवस्था के संबंध में भी एयरलाइन की ओर से कोई जानकारी नहीं मिलने का दावा किया गया।
यात्रियों ने DGCA नियमों का दिया हवाला
नाराज यात्रियों ने नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) के नियमों का हवाला देते हुए कहा कि लंबी देरी की स्थिति में यात्रियों को नियमों के अनुसार रिफंड या वैकल्पिक यात्रा की सुविधा मिलनी चाहिए।
यात्रियों ने एयरलाइन से मांग की है कि फ्लाइट में देरी का स्पष्ट कारण बताया जाए और उन्हें जल्द से जल्द रिफंड, वैकल्पिक टिकट और जरूरी सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएं।