Skip to content

Punjab News: अब कोठी बनाना होगा आसान, घर बनाने को मिलेगा 75 लाख तक लोन; प्रोसेसिंग फीस माफ

पंजाब सरकार के नियमित कर्मचारियों के लिए पंजाब स्टेट कोऑपरेटिव बैंक ने विशेष होम लोन योजना शुरू की है। पात्र कर्मचारियों को 75 लाख रुपए तक का लोन और अधिकतम रियायत के साथ 7.25% की प्रभावी ब्याज दर का लाभ मिल सकता है।

Punjab News: अब कोठी बनाना होगा आसान, घर बनाने को मिलेगा 75 लाख तक लोन; प्रोसेसिंग फीस माफ
Share Facebook X WhatsApp Telegram Email
View in ePaper

डेली संवाद, चंडीगढ़। Punjab News: पंजाब सरकार के नियमित कर्मचारियों के लिए घर बनाने या खरीदने का सपना अब आसान हो सकता है। पंजाब स्टेट कोऑपरेटिव बैंक लिमिटेड, चंडीगढ़ ने पंजाब सरकार (Punjab Government) के रेगुलर कर्मचारियों के लिए विशेष रियायती आवास ऋण योजना शुरू की है।

इस योजना का लाभ पंजाब सरकार के नियमित कर्मचारियों के अलावा बोर्ड, निगम, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों और शीर्ष सहकारी संस्थाओं के नियमित कर्मचारी भी उठा सकेंगे।

सैलरी के आधार पर 75 लाख तक मिलेगा होम लोन

योजना के तहत पात्र कर्मचारियों को उनकी सैलरी और अन्य बैंकिंग शर्तों के आधार पर अधिकतम 75 लाख रुपए तक का होम लोन मिल सकेगा। विशेष रियायतों के बाद प्रभावी ब्याज दर 7.25 प्रतिशत सालाना तक हो सकती है।

सहकारिता विभाग के प्रशासनिक सचिव अजित बालाजी जोशी ने इस संबंध में पत्र जारी कर कर्मचारियों से इस योजना का लाभ उठाने की अपील की है।

प्रोसेसिंग फीस और प्री-पेमेंट चार्ज नहीं

बैंक के अनुसार, इस विशेष आवास लोन योजना में पात्र कर्मचारियों से प्रोसेसिंग फीस नहीं ली जाएगी। इसके अलावा समय से पहले लोन चुकाने और लोन बंद करने पर भी कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा।

लोन लेने के लिए आवेदक को संपत्ति के मूल दस्तावेज बैंक में जमा करवाकर संपत्ति को गिरवी रखना होगा। आवेदक का CIBIL स्कोर कम से कम 650 होना जरूरी है। इसके अलावा KYC दस्तावेज, आय प्रमाण पत्र, संपत्ति से जुड़े कागजात, कानूनी राय, मूल्यांकन रिपोर्ट और अन्य आवश्यक दस्तावेज भी जमा करवाने होंगे।

प्लॉट, मकान और फ्लैट के लिए मिलेगा लोन

कर्मचारी इस योजना के तहत प्लॉट खरीदकर मकान बनाने, तैयार मकान खरीदने या निर्माण करवाने और स्वीकृत योजना के तहत फ्लैट खरीदने के लिए लोन ले सकेंगे। दूसरे बैंक या वित्तीय संस्थान से लिए गए पात्र आवास ऋण को भी इस योजना में ट्रांसफर करवाया जा सकेगा।

बैंक परियोजना लागत का 85 प्रतिशत तक वित्त उपलब्ध कराएगा। हालांकि प्लॉट खरीदने के मामले में प्लॉट की कीमत कुल लोन राशि के 75 प्रतिशत से अधिक नहीं हो सकेगी। कर्मचारियों को होम लोन चुकाने के लिए अधिकतम 30 साल तक की अवधि मिल सकेगी।

30 साल तक लोन चुकाने की सुविधा

हालांकि लोन अवधि उधारकर्ता की 70 वर्ष की आयु तक ही मान्य होगी। इनमें से जो शर्त पहले पूरी होगी, वही लागू होगी।योजना के तहत मूल परिवर्तनीय ब्याज दर 8 प्रतिशत सालाना है। आईएचआरएमएस के माध्यम से किस्तों की वसूली होने पर सेवानिवृत्ति की आयु तक 0.50 प्रतिशत की ब्याज रियायत मिलेगी।

वहीं, जिन कर्मचारियों का वेतन खाता पंजाब स्टेट कोऑपरेटिव बैंक में है, उन्हें 0.25 प्रतिशत की अतिरिक्त छूट मिलेगी। इस तरह पात्र कर्मचारियों को अधिकतम रियायत के साथ 7.25 प्रतिशत की प्रभावी ब्याज दर पर होम लोन मिल सकता है।

बैंक ने स्पष्ट किया है कि योजना की शर्तों का उल्लंघन होने पर ब्याज में दी गई रियायत वापस ली जा सकती है और सामान्य ब्याज दर लागू हो सकती है। इच्छुक कर्मचारी अपनी लागत पर वैकल्पिक जीवन बीमा की सुविधा भी ले सकेंगे।