Skip to content

Jalandhar News: विद्या भारती पंजाब की प्रांतीय बैठक आयोजित, शिक्षा की गुणवत्ता और AI तकनीक के उपयोग पर हुआ मंथन

जालंधर के विद्या धाम में विद्या भारती पंजाब की प्रांतीय बैठक आयोजित हुई। देशराज शर्मा ने शिक्षा की गुणवत्ता, AI तकनीक, संस्कार और राष्ट्र निर्माण पर विचार रखे।

Jalandhar News: विद्या भारती पंजाब की प्रांतीय बैठक आयोजित, शिक्षा की गुणवत्ता और AI तकनीक के उपयोग पर हुआ मंथन
Share Facebook X WhatsApp Telegram Email
View in ePaper

डेली संवाद, जालंधर। Jalandhar News: विद्या भारती पंजाब की ओर से प्रांतीय कार्यालय विद्या धाम, जालंधर में महत्वपूर्ण प्रांतीय बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान के महामंत्री श्री देशराज शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस दौरान शिक्षा की गुणवत्ता, विद्यार्थियों के भविष्य, सामाजिक सहभागिता, संगठनात्मक गतिविधियों और राष्ट्र निर्माण में विद्यालयों की भूमिका को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में प्रांतीय कार्यकारिणी के सदस्य, समयदानी कार्यकर्ता, विभाग सचिव, संकुल संयोजक, विभिन्न विद्या मंदिरों के प्रधान, प्रबंधक, प्रधानाचार्य और प्रांत के पूर्णकालिक कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। बैठक का मुख्य उद्देश्य संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा करना, शैक्षिक एवं सामाजिक कार्यों की प्रगति का आकलन करना और आगामी योजनाओं की रूपरेखा तैयार करना रहा।

देशराज शर्मा ने शिक्षा और संस्कारों के महत्व पर दिया जोर

बैठक को संबोधित करते हुए विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान के महामंत्री श्री देशराज शर्मा ने कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया। उन्होंने संगठन के उद्देश्यों, कार्यपद्धति और सामाजिक कार्यों के बारे में अपने विचार रखे।

उन्होंने कहा कि विद्यालयों को समाज के साथ जोड़कर शिक्षा, संस्कार और सामाजिक सहभागिता के माध्यम से व्यापक परिवर्तन लाने की आवश्यकता है। राष्ट्र निर्माण में विद्यालयों की भूमिका महत्वपूर्ण है और शिक्षा के साथ विद्यार्थियों में सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना भी जरूरी है।

Vidya Bharati Punjab Meeting
Vidya Bharati Punjab Meeting

AI और आधुनिक तकनीक को शिक्षा से जोड़ने पर चर्चा

बैठक में शैक्षिक गुणवत्ता और विद्यार्थियों के परिणामों की विशेष रूप से समीक्षा की गई। विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति, विद्यालय छोड़ने के बाद उनकी उपलब्धियों और पूर्व छात्रों की सामाजिक गतिविधियों पर भी विचार-विमर्श हुआ।

पूर्व छात्रों से संपर्क बनाए रखने और पोर्टल के माध्यम से उनकी उपलब्धियों एवं कार्यों की जानकारी संकलित करने की आवश्यकता पर जोर दिया गया।

यह भी पढ़ें: फगवाड़ा-चंडीगढ़ हाईवे पर North Wood प्रोजैक्ट के खिलाफ विजीलैंस ब्यूरो में शिकायत

इसके अलावा विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं और विभिन्न प्रतिस्पर्धात्मक पाठ्यक्रमों की तैयारी करवाने, शिक्षकों के प्रशिक्षण और आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल पर चर्चा हुई। आगामी समय में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), डिजिटल प्रशिक्षण और तकनीकी संसाधनों को शिक्षा व्यवस्था से जोड़ने की दिशा में काम करने पर बल दिया गया।

विद्यालयों को समाज से जोड़ने की बनाई योजना

बैठक में विद्यालयों को समाज आधारित बनाने और समाज के विभिन्न वर्गों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर विशेष चर्चा हुई।

इसके तहत अभिभावकों, पूर्व छात्रों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों के साथ संवाद बढ़ाने, छोटी-छोटी बैठकें आयोजित करने तथा गांव और वार्ड स्तर पर समितियों के गठन का विचार रखा गया।

विद्यालयों के संचालन में समाज की भूमिका बढ़ाने और प्रबंध समितियों की कार्यक्षमता को मजबूत करने पर भी जोर दिया गया। इसके साथ ही संस्कार केंद्रों, सेवा कार्यों और सामाजिक गतिविधियों के माध्यम से लोगों के साथ संपर्क बढ़ाने की योजना पर विचार किया गया।

Vidya Bharati Punjab Meeting
Vidya Bharati Punjab Meeting

अगले 20 वर्षों के भारत की शिक्षा व्यवस्था पर मंथन

बैठक में भविष्य की योजनाओं के तहत आगामी 20 वर्षों में भारत की शिक्षा, समाज और राष्ट्र के स्वरूप को लेकर विचार-विमर्श किया गया।

इस दौरान शिक्षा में भारतीयता, संस्कार, सामाजिक उत्तरदायित्व और राष्ट्र निर्माण की भावना को अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया। साथ ही सोशल मीडिया के माध्यम से विद्यालयों की गतिविधियों, उपलब्धियों और सामाजिक कार्यों को आम लोगों तक पहुंचाने की आवश्यकता पर भी चर्चा हुई।

कार्यकर्ताओं के दायित्व निर्धारित करने, संगठनात्मक गतिविधियों को योजनाबद्ध तरीके से आगे बढ़ाने और नियमित समीक्षा व्यवस्था मजबूत करने पर भी विचार साझा किए गए।

ये पदाधिकारी रहे विशेष रूप से उपस्थित

इस अवसर पर विद्या भारती पंजाब के अध्यक्ष मेजर जनरल श्री सुरेश खजूरिया, वरिष्ठ उपाध्यक्ष डॉ. नवदीप शेखर, उपाध्यक्ष डॉ. रेखा कालिया भारद्वाज, उपाध्यक्ष श्री जीवन मोदी, मंत्री श्रीमती मंजू अरोड़ा, मंत्री श्रीमती शैली शर्मा, संगठन मंत्री श्री राजेंद्र कुमार, महामंत्री श्री संदीप धूड़िया और वित्त सचिव श्री विजय ठाकुर विशेष रूप से उपस्थित रहे।

बैठक में शिक्षा, संस्कार, सामाजिक सहभागिता और आधुनिक तकनीक के समन्वय से संगठनात्मक एवं शैक्षिक गतिविधियों को आगे बढ़ाने पर विचार-विमर्श किया गया।

Watch on Daily Samvad