डेली संवाद, चंडीगढ़। Punjab News: पंजाब यूनिवर्सिटी (PU) कैंपस में छात्र संघ चुनाव प्रचार के अंतिम दिन एक छात्र का शव हॉस्टल के कमरे में मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान 22 वर्षीय चैतन्य सिंह, निवासी पानीपत के रूप में हुई है।
वह पंजाब यूनिवर्सिटी में बीए एलएलबी पांचवें वर्ष का छात्र था और छात्र राजनीति में भी सक्रिय बताया जा रहा था। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल मौत के कारणों को लेकर कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं निकाला गया है। पुलिस पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और अन्य जांच के आधार पर मामले की स्थिति स्पष्ट होने की बात कह रही है।
सुबह से फोन नहीं उठा रहा था छात्र
परिजनों के अनुसार, चैतन्य शनिवार सुबह से फोन कॉल का जवाब नहीं दे रहा था। इसके बाद उसके साथी छात्र रात करीब 8 बजे बॉयज हॉस्टल नंबर-4 स्थित उसके कमरे पर पहुंचे।
बताया गया कि कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। काफी देर तक आवाज देने के बावजूद जब कोई जवाब नहीं मिला तो छात्रों ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद चैतन्य को अचेत अवस्था में पाया गया। सुरक्षा गार्ड और अन्य छात्रों की मदद से उसे बाहर निकाला गया और एंबुलेंस के जरिए पीजीआई इमरजेंसी पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस और CFSL टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। देर रात CFSL टीम को भी हॉस्टल बुलाया गया। टीम ने कमरे से फिंगरप्रिंट्स समेत अन्य जरूरी साक्ष्य जुटाए।
पुलिस ने छात्र का मोबाइल फोन और कमरे में मौजूद अन्य सामान कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच के दौरान मौके से कोई सुसाइड नोट मिलने की जानकारी सामने नहीं आई है।
छात्र राजनीति में सक्रिय था चैतन्य
चैतन्य छात्र राजनीति और चुनावी गतिविधियों में सक्रिय था। पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के उपाध्यक्ष एडवोकेट आशीष बिनोई और हॉस्टल वार्डन डॉ. नवीन कुमार के अनुसार, वह मिलनसार, सक्रिय और होनहार छात्र था।
बताया जा रहा है कि करीब दो महीने पहले हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के चुनाव में भी उसने सक्रिय योगदान दिया था। छात्रों और शिक्षकों के मुताबिक, वह सामान्य नजर आता था और उसके व्यवहार से किसी परेशानी का अंदेशा नहीं हुआ था।
मोबाइल, कॉल डिटेल और CCTV की जांच
घटना की जानकारी मिलने पर पीयू चीफ प्रॉक्टर प्रो. वाईपी वर्मा और चीफ ऑफ यूनिवर्सिटी सिक्योरिटी विक्रम सिंह भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयानों के बाद मौत की परिस्थितियों को लेकर स्थिति अधिक स्पष्ट होगी। फिलहाल जांच टीम छात्र के मोबाइल फोन, कॉल डिटेल, चैट और आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है।