डेली संवाद, मोहाली। Punjab News: मोहाली में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक नाबालिग लड़की को घर में घुसकर जिंदा जलाने की कोशिश की गई। आरोप है कि एक युवक काफी समय से किशोरी पर उससे बात करने का दबाव बना रहा था। परिवार की ओर से विरोध किए जाने के बाद शुक्रवार को आरोपी दो साथियों के साथ घर पहुंचा और किशोरी को अकेला पाकर उस पर सैनिटाइजर छिड़ककर आग लगा दी।
आरोपियों ने वारदात के बाद कमरे को बाहर से लॉक कर दिया और मौके से फरार हो गए। किशोरी की चीखें सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और परिजनों को सूचना दी। कमरे का ताला तोड़कर किशोरी को बाहर निकाला गया। वह करीब 80 प्रतिशत झुलस चुकी थी। गंभीर हालत में उसे PGI चंडीगढ़ रेफर किया गया है।
पहले भी किशोरी को परेशान करने का आरोप
पीड़िता के पिता के मुताबिक, आरोपी युवक काफी समय से उनकी बेटी पर उससे बात करने का दबाव बना रहा था। परिवार का आरोप है कि युवक ने कई बार रास्ते में भी किशोरी को परेशान किया।
पिता ने बताया कि करीब एक महीने पहले इस संबंध में पुलिस को शिकायत दी गई थी। उस समय आरोपी ने कथित तौर पर माफी मांग ली थी। परिवार का आरोप है कि इसके बावजूद उसने किशोरी को परेशान करना जारी रखा।
पहले कमरे में बंद किया, फिर साथियों के साथ लौटा
परिजनों के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 11:30 बजे आरोपी घर पहुंचा और किशोरी को उसके चाचा के कमरे में बंद कर दिया। चाचा ने इसका विरोध किया और हाथापाई के बाद किशोरी को उसके कब्जे से छुड़ाया।
इसके बाद किशोरी के पिता और चाचा काम पर चले गए। आरोप है कि उनके घर से निकलने के कुछ समय बाद आरोपी अपने दो चचेरे भाइयों के साथ दोबारा वहां पहुंचा। उस समय किशोरी घर में अकेली थी।
सैनिटाइजर छिड़ककर लगाई आग
परिजनों का आरोप है कि तीनों ने किशोरी को घेर लिया। इसी दौरान मुख्य आरोपी ने कथित तौर पर उस पर सैनिटाइजर छिड़का और आग लगा दी।
आग लगते ही किशोरी चीखने लगी। उसकी आवाज सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे। उन्होंने देखा कि कमरे का दरवाजा बाहर से बंद था। पड़ोसियों ने तुरंत परिजनों को सूचना दी। परिजन पहुंचे और ताला तोड़कर किशोरी को बाहर निकाला।
80% झुलसी किशोरी PGI रेफर
किशोरी को तत्काल फेज-6 स्थित सिविल अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे PGI चंडीगढ़ रेफर कर दिया। परिजनों के मुताबिक, किशोरी करीब 80 प्रतिशत झुलसी है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
पुलिस ने केस दर्ज कर शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही फेज-8बी पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों को पकड़ने के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
पुलिस परिवार की ओर से लगाए गए आरोपों, घटना के कारणों और आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है। फिलहाल सभी आरोपी फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों और जांच के आधार पर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।