डेली संवाद, चंडीगढ़। Punjab News: पंजाब में मतदाता सूचियों के स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) की प्रक्रिया आगे बढ़ गई है। चुनाव आयोग ने 13 अगस्त को ड्राफ्ट वोटर लिस्ट 2026 जारी कर दी है। अब प्रदेश के मतदाता ऑनलाइन घर बैठे यह पता कर सकते हैं कि उनका नाम नई सूची में मौजूद है या SIR के दौरान किसी कारण से हटाया गया है।
CEO पंजाब की वेबसाइट पर उपलब्ध है वोटर लिस्ट
ड्राफ्ट मतदाता सूची देखने के लिए मतदाता CEO पंजाब की आधिकारिक वेबसाइट ceopunjab.gov.in पर जा सकते हैं। वेबसाइट के होम पेज पर SIR से जुड़ी कई महत्वपूर्ण सुविधाएं उपलब्ध हैं। इनमें तीन प्रमुख विकल्प हैं:
ASDD List: इसमें उन मतदाताओं की जानकारी मिल सकती है, जिनके नाम ड्राफ्ट सूची से बाहर किए गए हैं।
Draft Roll 2026: इस विकल्प के जरिए नई ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में अपना नाम खोजा जा सकता है।
Search List SIR 2003: यहां 2003 की मतदाता सूची में दर्ज नाम की जानकारी देखी जा सकती है।
कुछ आसान स्टेप्स में चेक करें नाम
अगर आप जानना चाहते हैं कि आपका नाम ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में है या नहीं, तो इन चरणों का पालन करें:
CEO पंजाब की वेबसाइट पर जाएं।
Draft Roll 2026 विकल्प चुनें।
अपना जिला और विधानसभा क्षेत्र सिलेक्ट करें।
स्क्रीन पर दिया गया कैपचा दर्ज करें।
संबंधित भाग संख्या और भाग के नाम के आधार पर वोटर लिस्ट की PDF डाउनलोड करें।
PDF में अपना नाम और अन्य मतदाता विवरण खोजें।
20.66 लाख नाम ड्राफ्ट सूची से बाहर
SIR के दौरान गणना फॉर्म जमा नहीं करने वाले करीब 20.66 लाख मतदाताओं के नाम ड्राफ्ट सूची में शामिल नहीं किए गए हैं। आंकड़ों के अनुसार, इनमें 5.74 लाख मृत मतदाता, 1.19 लाख डुप्लीकेट प्रविष्टियां, 9.44 लाख दूसरे स्थान पर शिफ्ट हो चुके मतदाता और 4.12 लाख ऐसे मतदाता शामिल हैं, जिनसे संपर्क करने के कई प्रयास किए गए लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी।
12 सितंबर तक दावा-आपत्ति का मौका
ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी होने के बाद मतदाताओं को अपने नाम से संबंधित दावे और आपत्तियां 12 सितंबर तक दर्ज कराने का अवसर दिया गया है। प्राप्त दावों और आपत्तियों की चुनाव अधिकारियों द्वारा जांच की जाएगी।
जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद 12 अक्टूबर को अंतिम मतदाता सूची जारी की जानी है। ऐसे में जिन मतदाताओं को ड्राफ्ट सूची में अपना नाम नहीं मिल रहा है, वे तय समय सीमा के भीतर दावा या आपत्ति जरूर दर्ज कराएं।