Skip to content

Punjab News: यूनिवर्सिटी में छात्रों और पुलिस में झड़प, पुलिस ने छात्रों को VC ऑफिस जाने से रोका; जाने पूरा मामला

पटियाला की पंजाबी यूनिवर्सिटी में फीस बढ़ोतरी और अन्य मांगों को लेकर सात दिनों से चल रहा छात्रों का धरना मंगलवार रात हिंसक हो गया। वाइस चांसलर के खिलाफ 'जागो' निकालने के दौरान छात्रों और पुलिस में झड़प हुई।

Punjab News: यूनिवर्सिटी में छात्रों और पुलिस में झड़प, पुलिस ने छात्रों को VC ऑफिस जाने से रोका; जाने पूरा मामला
Share Facebook X WhatsApp Telegram Email
View in ePaper

डेली संवाद, पटियाला। Punjab News: पटियाला स्थित पंजाबी यूनिवर्सिटी में छात्रों की फीस बढ़ोतरी और अन्य मांगों को लेकर पिछले सात दिनों से चल रहा धरना मंगलवार रात हिंसक हो गया। वाइस चांसलर के खिलाफ 'जागो' निकालने के दौरान छात्रों और पुलिस के बीच झड़प हो गई। इसके बाद यूनिवर्सिटी परिसर में तनाव का माहौल बन गया।

छात्र अलग-अलग पाठ्यक्रमों और सेवाओं की बढ़ी हुई फीस वापस लेने के साथ-साथ मूलभूत सुविधाओं में सुधार और नए हॉस्टल बनाने की मांग कर रहे हैं। छात्रों ने वाइस चांसलर के खिलाफ 'जागो' निकालने का आह्वान किया था, लेकिन यूनिवर्सिटी प्रबंधन ने इसकी अनुमति नहीं दी।

'जागो' निकालने से रोकने पर छात्रों और पुलिस में झड़प

मंगलवार रात छात्रों के 'जागो' लेकर आगे बढ़ने पर यूनिवर्सिटी में तैनात भारी पुलिस बल ने उन्हें रोक दिया। इस दौरान छात्रों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की हुई, जिसके बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई।

हंगामे के बाद फिलहाल परिसर में स्थिति शांत बताई जा रही है। छात्र आज दोपहर 3 बजे बैठक कर आंदोलन की अगली रणनीति तय करेंगे।

छात्रों का दावा- फीस में 102% तक बढ़ोतरी

छात्रों के मुताबिक, यूनिवर्सिटी में अलग-अलग पाठ्यक्रमों और सेवाओं की फीस में 16 फीसदी से लेकर 102 फीसदी तक बढ़ोतरी की गई है। छात्रों का दावा है कि यूनिवर्सिटी के कॉलेजों की फीस में करीब 102 फीसदी और हॉस्टल फीस में 42 फीसदी की वृद्धि की गई है।

छात्र पूरी फीस बढ़ोतरी वापस लेने की मांग पर अड़े हुए हैं। दूसरी तरफ, यूनिवर्सिटी प्रशासन की ओर से फीस में कुछ प्रतिशत कटौती का प्रस्ताव दिया गया है, लेकिन छात्रों ने इसे स्वीकार नहीं किया है।

Police-students clash in Patiala

चार नए हॉस्टल बनाने की मांग

छात्रों की प्रमुख मांगों में पंजाबी यूनिवर्सिटी में चार नए हॉस्टल का निर्माण भी शामिल है। छात्रों के अनुसार, तीन हॉस्टल केंद्र सरकार की योजनाओं के तहत और एक हॉस्टल पंजाब सरकार की ओर से बनाया जाना प्रस्तावित है।

छात्रों का कहना है कि केंद्र सरकार की ओर से जगजीवन राम योजना के तहत दो और पीएम-अजय योजना के तहत एक हॉस्टल प्रस्तावित है। पंजाब सरकार की ओर से अपना हिस्सा जारी नहीं किए जाने के कारण इन हॉस्टलों का निर्माण अटका हुआ है।

यूनिवर्सिटी पर 150 करोड़ रुपये का कर्ज माफ करने की मांग

प्रदर्शनकारी छात्रों ने पंजाब सरकार से पंजाबी यूनिवर्सिटी पर चढ़े करीब 150 करोड़ रुपये के कर्ज को माफ करने की मांग भी की है। छात्रों का कहना है कि यूनिवर्सिटी का आर्थिक बोझ कम होने से उसकी वित्तीय स्थिति बेहतर होगी और विद्यार्थियों पर फीस बढ़ोतरी का दबाव भी कम किया जा सकेगा।

कुलपति बोले- छात्रों के हित में बढ़ाई गई फीस

पंजाबी यूनिवर्सिटी के कुलपति जगदीप सिंह ने कहा कि फीस बढ़ाने का फैसला विद्यार्थियों के हितों को ध्यान में रखकर लिया गया है। उन्होंने बताया कि यूनिवर्सिटी लंबे समय से वित्तीय संकट से गुजर रही थी और करीब पांच साल बाद ट्यूशन तथा हॉस्टल फीस में सीमित बढ़ोतरी की गई है।

अब छात्रों की बैठक के बाद आंदोलन की अगली दिशा साफ होगी। फीस बढ़ोतरी वापस लेने, हॉस्टल निर्माण और यूनिवर्सिटी की आर्थिक स्थिति को लेकर छात्रों का विरोध जारी रहने की संभावना है।