डेली संवाद, कैलगरी। Canada Calgary Extortion Case: कनाडा के कैलगरी में रंगदारी (Extortion) और फायरिंग के एक हाई-प्रोफाइल मामले में पंजाबी मूल की 23 वर्षीय कनुरीत कौर को गिरफ्तार किया गया है। कनुरीत मूलता पंजाब की रहने वाली है, उसने फिरौती मांगने के लिए युवकों को हायर किया था।
पुलिस का आरोप है कि कनुरीत ने पीड़िता की निजी जानकारी उपलब्ध कराई, जिससे संदिग्धों को महिला और उसके परिवार की पहचान करने, लोकेट करने और धमकाने में मदद मिली। हालांकि गिरफ्तारी के बाद कौर को रिहा कर दिया गया है और उसे 6 अक्टूबर 2026 को कोर्ट में पेश होना है।
WhatsApp पर धमकी के बाद घर पर फायरिंग
कैलगरी (Calgary) पुलिस के मुताबिक, मामले की जांच 25 मार्च 2026 को शुरू हुई थी। पीड़िता को WhatsApp पर अज्ञात नंबर से पैसे की मांग वाले मैसेज और वॉयस मैसेज मिले थे। इन संदेशों में उसकी निजी जिंदगी, कारोबार और परिवार से जुड़ी जानकारी के साथ हिंसा की धमकियां भी दी गई थीं।
यह भी पढ़ें: जालंधर कैंट हलके में कट गई अवैध कालोनी, डिप्टी मेयर बोले- कालोनाइजर पर FIR दर्ज होगी
पुलिस के अनुसार, धमकी भरे मैसेज आने के करीब 12 घंटे बाद महिला के घर पर गोलीबारी की गई। फायरिंग के बाद आरोपी एक वाहन में मौके से फरार हो गए। इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। CCTV और डिजिटल सबूतों की मदद से पुलिस ने संदिग्ध वाहन और आरोपियों की पहचान की।

कनुरीत कौर पर क्या आरोप है?
पुलिस ने 8 सितंबर को चेस्टरमीयर निवासी कनुरीत कौर को गिरफ्तार किया। जांचकर्ताओं का आरोप है कि उसने पीड़िता की व्यक्तिगत जानकारी उपलब्ध कराई, जिसका इस्तेमाल अन्य संदिग्धों ने महिला और उसके परिवार को डराने-धमकाने के लिए किया।
पुलिस के अनुसार कौर पीड़िता के यहां काम करती थी और उसे उसकी निजी जानकारी तक पहुंच थी। उस पर एक्सटॉर्शन का एक आरोप लगाया गया है। फिलहाल उसे रिहा कर दिया गया है और अगली कोर्ट पेशी 6 अक्टूबर को होगी।
17 वर्षीय नाबालिग भी गिरफ्तार
इस मामले में पुलिस ने 29 जुलाई को 17 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया था। उस पर पीड़िता और धमकी देने वालों के बीच बातचीत कराने में कथित भूमिका के चलते रंगदारी का आरोप लगाया गया। उसे भी बाद में रिहा कर दिया गया।
कनाडा के Youth Criminal Justice Act के तहत नाबालिग की पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है।

तनवीर सिंह की पुलिस को तलाश
पुलिस अब 21 वर्षीय तनवीर सिंह की तलाश कर रही है। उसके खिलाफ 5,000 कनाडाई डॉलर से अधिक मूल्य की चोरी की संपत्ति रखने के आरोप में वारंट जारी किया गया है। पुलिस का कहना है कि जांच से जुड़ी गोलीबारी में कथित तौर पर एक चोरी की गाड़ी का इस्तेमाल हुआ था।
पुलिस के अनुसार तनवीर सिंह की लंबाई करीब 5 फीट 8 इंच, वजन लगभग 130 पाउंड, बाल काले और आंखें भूरी हैं।
कैलगरी में रंगदारी के 51 मामले
कैलगरी पुलिस के मुताबिक, अप्रैल 2025 से अब तक शहर में 51 रंगदारी से जुड़े मामले सामने आए हैं। इनमें 19 घटनाओं में गोलीबारी हुई है और इस पूरी सीरीज में अब तक 19 लोगों पर 59 अपराधों के आरोप लगाए जा चुके हैं। पुलिस का कहना है कि यह जांच अभी जारी है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अगर उन्हें रंगदारी से जुड़ी धमकी या पैसे की मांग वाला कॉल अथवा मैसेज मिलता है, तो डरकर पैसे न दें और तुरंत पुलिस से संपर्क करें।