डेली संवाद, राजकोट। Rajkot Airport Fire: गुजरात के राजकोट स्थित हीरासर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आग लगने के कारण विमान संचालन प्रभावित होने का मामला सामने आया है। पक्षियों को रनवे से दूर रखने के लिए पटाखे फोड़ने के दौरान पास की सूखी घास में आग भड़क उठी। देखते ही देखते धुएं का गुबार फैल गया और रनवे पर दृश्यता कम हो गई।
सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए दिल्ली से राजकोट आ रही एअर इंडिया की फ्लाइट को वडोदरा डायवर्ट करना पड़ा, जहां विमान की सुरक्षित लैंडिंग कराई गई। मिली जानकारी के मुताबिक, घटना के बाद एयरपोर्ट पर सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए तत्काल कदम उठाए गए। एयरपोर्ट फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का काम शुरू किया।
पटाखों की चिंगारी से सूखी घास में भड़की आग
हीरासर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर रनवे के आसपास पक्षियों को दूर रखने के लिए पटाखे फोड़े जा रहे थे। इसी दौरान पटाखे से निकली चिंगारी पास में मौजूद सूखी घास पर जा गिरी, जिससे आग लग गई।
सूखी घास होने के कारण आग तेजी से फैलने लगी और आसपास धुआं छा गया। इसका असर रनवे की दृश्यता पर पड़ा, जिससे विमानों की सुरक्षित लैंडिंग को लेकर चिंता बढ़ गई। घटना की जानकारी मिलते ही एयरपोर्ट की अग्निशमन टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू कर दिए।
दिल्ली से आ रही Air India की फ्लाइट को किया डायवर्ट
जानकारी के अनुसार, दिल्ली से राजकोट आने वाली एअर इंडिया की सुबह की फ्लाइट निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक सुबह 10:25 बजे पहुंचने वाली थी। हालांकि, रनवे के पास धुआं फैलने के कारण एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) ने लैंडिंग की अनुमति नहीं दी।
यह भी पढ़ें: मैरिटन होटल को अवैध बताकर खाली करवाने वाले नगर निगम के अफसर हुए 'लाचार'
यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए विमान के पायलट ने विमान को हवा में ही रखा। बताया गया है कि इस दौरान विमान को चार चक्कर लगाने पड़े।
वडोदरा एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतारा गया विमान
काफी देर तक दृश्यता में सुधार का इंतजार करने के बावजूद जब स्थिति अनुकूल नहीं हुई, तो विमान को राजकोट के बजाय वडोदरा की ओर मोड़ दिया गया।
इसके बाद वडोदरा एयरपोर्ट पर विमान की सुरक्षित लैंडिंग कराई गई। रिपोर्ट के मुताबिक, विमान में 100 से अधिक यात्री सवार थे। सुरक्षित उतरने के बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली।
एयरपोर्ट पर सुरक्षा को लेकर उठे सवाल
रनवे के पास सूखी घास में आग लगने और धुएं के कारण विमान का मार्ग बदलने की घटना ने एयरपोर्ट के आसपास आग से बचाव तथा पक्षियों को दूर रखने के लिए अपनाए जाने वाले तरीकों पर ध्यान आकर्षित किया है।
फिलहाल, घटना से जुड़े सभी तकनीकी और सुरक्षा पहलुओं की आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।