Skip to content

Punjab News: मानसा नगर परिषद में विजिलेंस की बड़ी कार्रवाई, कर्मचारियों और ठेकेदार के खिलाफ आपराधिक केस दर्ज

पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने सड़क निर्माण में घटिया स्तर की सामग्री के इस्तेमाल और फंडों के दुरुपयोग के कारण सरकारी खजाने को 2.62 लाख रुपये का वित्तीय नुकसान पहुंचाने के आरोप में सड़क निर्माण करने वाले ठेकेदार तथा नगर परिषद मानसा के संबंधित कर्मचारियों के विरुद्ध आपराधिक मामला दर्ज किया है।

Punjab News: मानसा नगर परिषद में विजिलेंस की बड़ी कार्रवाई, कर्मचारियों और ठेकेदार के खिलाफ आपराधिक केस दर्ज
Share Facebook X WhatsApp Telegram Email
View in ePaper

डेली संवाद, चंडीगढ़। Punjab News: राज्य में भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने सड़क निर्माण में घटिया स्तर की सामग्री के इस्तेमाल और फंडों के दुरुपयोग के कारण सरकारी खजाने को 2.62 लाख रुपये का वित्तीय नुकसान पहुंचाने के आरोप में सड़क निर्माण करने वाले ठेकेदार तथा नगर परिषद मानसा के संबंधित कर्मचारियों के विरुद्ध आपराधिक मामला दर्ज किया है।

इस संबंध में जानकारी देते हुए आज यहां राज्य विजिलेंस ब्यूरो (Punjab Vigilance Bureau) के प्रवक्ता ने बताया कि यह मामला वार्ड नंबर 5, नई कचहरी रोड, मानसा के एक निवासी द्वारा दर्ज करवाई गई शिकायत के आधार पर दर्ज किया गया है।

मरम्मत के लिए टेंडर जारी किया गया

प्रवक्ता ने आगे बताया कि नगर परिषद मानसा द्वारा नई कचहरी रोड, मानसा स्थित ‘गगोवाल वाली गली’ से लेकर मानसा खुर्द में नगर परिषद की सीमा तक जाने वाली सड़क की मरम्मत के लिए टेंडर जारी किया गया था। परिषद द्वारा वर्क ऑर्डर जारी किए जाने के बाद कार्य शुरू कर दिया गया। हालांकि, टेंडर में शामिल सड़क के पूरे हिस्से की मरम्मत करने के बजाय केवल ‘गगोवाल वाली गली’ से छोटी मानसा की ओर जाने वाली सड़क के हिस्से का नए सिरे से निर्माण किया गया।

यह भी पढ़ें: जालंधर कैंट हलके में कट गई अवैध कालोनी, डिप्टी मेयर बोले- कालोनाइजर पर FIR दर्ज होगी

उन्होंने बताया कि मानसा के उपायुक्त के आदेश पर सड़क की जांच के लिए एक कमेटी गठित की गई थी। इस जांच के दौरान लिए गए नमूनों की प्रयोगशाला रिपोर्ट में इस्तेमाल की गई सामग्री में निर्धारित दबाव सहने की आवश्यक क्षमता नहीं पाई गई। इसके अलावा, पंजाब मंडी बोर्ड, बठिंडा के कार्यकारी अभियंता द्वारा तैयार की गई जांच रिपोर्ट में सामने आया कि इस कार्य के लिए लागू दरें सरकार द्वारा स्वीकृत दरों की तुलना में काफी अधिक थीं, जिसके कारण 2.62 लाख रुपये की अतिरिक्त अदायगी की गई।

राज्य के खजाने को वित्तीय नुकसान हुआ

प्रवक्ता ने बताया कि संबंधित नगर परिषद कर्मचारियों और ठेकेदार की मिलीभगत के कारण सड़क निर्माण के दौरान घटिया स्तर की सामग्री का इस्तेमाल किया गया, जिसके परिणामस्वरूप राज्य के खजाने को वित्तीय नुकसान हुआ।

इस संबंध में आरोपी कर्मचारियों और ठेकेदार के विरुद्ध विजिलेंस ब्यूरो थाना, बठिंडा में भ्रष्टाचार निवारण कानून के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की आगे की जांच जारी है।