डेली संवाद, लुधियाना। Punjab News: लुधियाना में बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के कथित अपमान के मामले को लेकर शुक्रवार को अमृतसर (Amritsar) में भंडारी पुल पर चक्का जाम किया जा रहा है। विभिन्न संगठनों से जुड़े लोग सड़क पर बैठकर प्रदर्शन कर रहे हैं और ‘वाल्मीकि शक्ति अमर रहे’ के नारे लगाए जा रहे हैं।
प्रदर्शन के कारण शहर के प्रमुख ट्रैफिक कॉरिडोर में शामिल भंडारी पुल पर यातायात प्रभावित हुआ है। हालांकि, प्रदर्शन के दौरान इमरजेंसी सेवाओं के लिए रास्ता खुला रखा गया है, जबकि आम वाहनों की आवाजाही पर असर पड़ा है।
पंजाब सरकार के पुतले फूंककर जताया जाएगा रोष
प्रदर्शनकारियों की ओर से बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के अपमान के मामले में पंजाब सरकार के खिलाफ रोष जताया जा रहा है। चक्का जाम के दौरान पंजाब सरकार के पुतले फूंकने की भी बात कही गई है।
प्रदर्शन के चलते भंडारी पुल के आसपास पुलिस बल तैनात किया गया है, ताकि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ यातायात को नियंत्रित किया जा सके।
भंडारी पुल के पास पुलिसकर्मी आपस में भिड़े
चक्का जाम के बीच भंडारी पुल के पास पुलिसकर्मियों के बीच भी बहस देखने को मिली। मौके पर एक एएसआई दूसरे पुलिसकर्मियों को समझाते नजर आए कि एडीसीपी के निर्देश पर बैरिकेडिंग करवाई गई है।
यह भी पढ़ें: जालंधर कैंट हलके में कट गई अवैध कालोनी, डिप्टी मेयर बोले- कालोनाइजर पर FIR दर्ज होगी
वहीं, पीसीआर कर्मियों की ओर से बैरिकेडिंग हटाने की बात कही गई। पुलिसकर्मियों के बीच हुई इस बहस का वीडियो भी सामने आया है।
अमृतसर बंद का आह्वान वापस
इससे पहले केंद्रीय वाल्मीकि मंदिर में विभिन्न संगठनों की आपात बैठक हुई। बैठक के बाद अमृतसर बंद के आह्वान को वापस लेने का फैसला किया गया।
संगठनों के प्रतिनिधियों ने कहा कि लगातार बंद के कारण व्यापारी वर्ग को काफी आर्थिक नुकसान हो रहा है। व्यापारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए शुक्रवार को अमृतसर में पूर्ण बंद नहीं रखा जाएगा। हालांकि, भंडारी पुल पर चक्का जाम के जरिए विरोध जारी रखा जा रहा है।
भंडारी पुल बंद होने से इन इलाकों पर असर
अमृतसर का भंडारी पुल पुराने और नए शहर को जोड़ने वाला प्रमुख ट्रैफिक कॉरिडोर है। रेलवे लाइन के ऊपर बने इस पुल से रोजाना बड़ी संख्या में वाहन गुजरते हैं।
पुराने शहर की तरफ हॉल गेट, हॉल बाजार और रामबाग जैसे प्रमुख इलाके जुड़े हैं, जबकि दूसरी तरफ रेलवे स्टेशन, कचहरी रोड, सिविल लाइंस और रंजीत एवेन्यू की ओर जाने वाला ट्रैफिक जुड़ता है। ऐसे में भंडारी पुल पर चक्का जाम होने से ट्रैफिक का दबाव दूसरे रास्तों पर बढ़ सकता है।
इन इलाकों में बढ़ सकता है ट्रैफिक दबाव
चक्का जाम के कारण हॉल गेट, रामबाग, रेलवे स्टेशन, क्रिस्टल चौक, कूपर रोड और आसपास की सड़कों पर यातायात प्रभावित होने की संभावना है।
पहले भी भंडारी पुल पर प्रदर्शन और ट्रैफिक रुकने के दौरान इन इलाकों में लंबा जाम देखने को मिल चुका है।
वाहन चालक इन वैकल्पिक रास्तों का करें इस्तेमाल
भंडारी पुल पर यातायात प्रभावित होने की स्थिति में वाहन चालक अपनी दिशा के अनुसार वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल कर सकते हैं। इनमें रीगो ब्रिज, लोहगढ़ चौक, टैंक चौक और खालसा कॉलेज के सामने बना नया पुल प्रमुख विकल्प हो सकते हैं।
यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वे भंडारी पुल और आसपास के इलाकों में जाने से पहले ट्रैफिक की स्थिति जांच लें और संभव हो तो वैकल्पिक मार्ग अपनाएं।
2022 में शुरू हुए थे दो समानांतर पुल
साल 2022 में भंडारी पुल के साथ दो समानांतर पुल शुरू किए गए थे। इससे सामान्य दिनों में ट्रैफिक की क्षमता बढ़ी और जाम की समस्या में कमी आई थी।
हालांकि, यदि प्रदर्शन के दौरान पूरे भंडारी पुल कॉरिडोर पर चक्का जाम रहता है, तो इसका दबाव वैकल्पिक सड़कों पर भी पड़ सकता है और शहर के कई हिस्सों में ट्रैफिक प्रभावित होने की संभावना है।