Skip to content

Punjab-Canada News: कनाडा में भीषण एक्सीडेंट, कार में जिंदा जला पंजाबी युवक; 2 साल पहले ही गया था विदेश

कनाडा के ओटावा में भीषण सड़क हादसे में होशियारपुर के टांडा निवासी ब्रह्मजोत सिंह की जिंदा जलने से मौत हो गई। Honda CR-V और Kia Sorento की जोरदार टक्कर के बाद दोनों कारों में आग लग गई।

Punjab-Canada News: कनाडा में भीषण एक्सीडेंट, कार में जिंदा जला पंजाबी युवक; 2 साल पहले ही गया था विदेश
Share Facebook X WhatsApp Telegram Email
View in ePaper

डेली संवाद, जालंधर। Punjab-Canada News: कनाडा में एक दर्दनाक सड़क हादसे में होशियारपुर के टांडा निवासी पंजाबी युवक की जिंदा जलने से मौत हो गई। हादसा कनाडा की राजधानी ओटावा के दक्षिण-पश्चिम इलाके में बुधवार देर रात करीब 1 बजे के बाद हुआ।

मृतक की पहचान ब्रह्मजोत सिंह के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक ब्रह्मजोत अपनी Honda CR-V से फेलोफील्ड रोड और ओल्ड रिचमंड रोड की तरफ जा रहा था। इसी दौरान उसकी कार की सामने से आ रही Kia Sorento से जोरदार टक्कर हो गई।

टक्कर इतनी भीषण कि दोनों कारें 25 फीट दूर जा गिरीं

कनाडा (Canada) में हादसा इतना जबरदस्त था कि टक्कर के बाद दोनों वाहन करीब 25 फीट दूर जाकर गिरे। इसके कुछ ही देर बाद दोनों कारों में आग लग गई।

हादसे में ब्रह्मजोत सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया और वह कार से बाहर नहीं निकल सका। आग की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं दूसरी कार के ड्राइवर को रेस्क्यू कर लिया गया और गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

दो साल पहले कनाडा गया था ब्रह्मजोत सिंह

ब्रह्मजोत सिंह होशियारपुर के टांडा का रहने वाला था और करीब दो साल पहले ही कनाडा गया था। उसकी मौत की खबर जैसे ही पंजाब में उसके परिवार और गांव तक पहुंची, पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।

यह भी पढ़ें: जालंधर कैंट हलके में कट गई अवैध कालोनी, डिप्टी मेयर बोले- कालोनाइजर पर FIR दर्ज होगी

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बड़ी संख्या में लोग परिवार के साथ दुख साझा करने के लिए पहुंच रहे हैं।

आग की लपटें इतनी तेज थीं कि कार तक नहीं पहुंच पाए फायर कर्मी

Ottawa Fire Services और पुलिस के अनुसार हादसा Honda CR-V और Kia Sorento के बीच हुआ था। टक्कर के बाद दोनों वाहनों में भीषण आग लग गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि शुरुआत में दमकल कर्मियों के लिए वाहनों के पास पहुंचना भी मुश्किल हो गया था।

कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। इसके बाद फायर कर्मियों को Honda CR-V की अगली सीट पर ब्रह्मजोत सिंह का जला हुआ शव मिला। पुलिस के अनुसार कार में उसके अलावा कोई अन्य व्यक्ति सवार नहीं था। पैरामेडिक्स ने मौके पर ही उसे मृत घोषित कर दिया।

दूसरी कार का ड्राइवर भी गंभीर रूप से घायल

इस हादसे में Kia Sorento का ड्राइवर भी गंभीर रूप से घायल हुआ है। रेस्क्यू के बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसा किस वाहन चालक की लापरवाही के कारण हुआ, इसका पता जांच पूरी होने के बाद चलेगा।

एक साल में दूसरा बड़ा हादसा

हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भी नाराजगी देखने को मिल रही है। लोगों का कहना है कि यह सड़क लगातार हादसों के कारण ‘मौत की सड़क’ बनती जा रही है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक पिछले एक साल के भीतर यह इस रोड पर दूसरा बड़ा हादसा है। लोगों ने सड़क की स्थिति और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि सड़क को सुरक्षित बनाने के लिए जरूरी कदम नहीं उठाए गए तो वे कोर्ट का रुख भी कर सकते हैं।

पुलिस कर रही हादसे की जांच

ओटावा पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि दोनों वाहनों की टक्कर किन परिस्थितियों में हुई और हादसे के लिए कौन-से कारण जिम्मेदार थे।

इस दर्दनाक हादसे ने कनाडा में रह रहे पंजाबी समुदाय के साथ-साथ पंजाब में ब्रह्मजोत सिंह के परिवार को भी गहरे सदमे में डाल दिया है।