डेली संवाद, अमृतसर। Punjab News: अमृतसर में दो निहंग गुटों के बीच विवाद के बाद जमकर हंगामा हो गया। झबाल रोड पर धरने पर बैठे निहंग सिंहों ने मेजर सिंह पेटेवाड़ ग्रुप से जुड़े होने के शक में एक निहंग सिंह को रोक लिया। रेकी करने के संदेह को लेकर हुई बहस के बाद उसके साथ लाठी-डंडों और थप्पड़ों से मारपीट की गई।
घटना की सूचना मिलने पर थाना गेट हकीमा की SHO मनजीत कौर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने घायल निहंग को भीड़ से छुड़ाने की कोशिश की, लेकिन इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच खींचतान हो गई। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें मारपीट और हंगामे के दृश्य दिखाई दे रहे हैं।
रेकी के शक में बाइक सवार निहंग को घेरा
जानकारी के मुताबिक, रात करीब 10:30 बजे एक निहंग सिंह बाइक पर धरने वाली जगह पहुंचा। धरने पर बैठे लोगों को शक हुआ कि वह विरोधी गुट की ओर से आया है और उनकी रेकी कर रहा है।
यह भी पढ़ें: जालंधर कैंट हलके में कट गई अवैध कालोनी, डिप्टी मेयर बोले- कालोनाइजर पर FIR दर्ज होगी
इसके बाद मौके पर मौजूद लोगों ने उसे घेर लिया और उसके मोबाइल फोन व अन्य सामान की जांच करने लगे। इसी दौरान कहासुनी बढ़ गई और कुछ लोगों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।
लाठी-डंडों से मारपीट, बाजू और टांग पर चोट
वायरल वीडियो में कुछ लोग बाइक सवार निहंग के साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में थप्पड़ और लाठी-डंडे चलाते हुए लोग नजर आते हैं।
बताया जा रहा है कि मारपीट में निहंग की बाजू और टांग पर चोटें आईं। इस दौरान कुछ लोगों ने उसकी पगड़ी/दुमाला भी उतार दिया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घायल निहंग को छुड़ाने पहुंची SHO
हंगामे की सूचना मिलने पर थाना गेट हकीमा की SHO मनजीत कौर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने घायल निहंग को भीड़ से निकालकर अपने कब्जे में लेने की कोशिश की।
इसी दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच खींचतान हो गई। वीडियो में कुछ लोगों की पुलिस अधिकारियों के साथ बहस और धक्का-मुक्की भी दिखाई दे रही है। आरोप है कि बीच-बचाव के दौरान SHO के साथ भी बदसलूकी की गई। बाद में पुलिस घायल निहंग को अपनी गाड़ी में बैठाकर थाने ले गई।
एक दिन पहले गाड़ियों को लेकर शुरू हुआ था विवाद
निहंग गुट की ओर से बताया गया कि एक दिन पहले मेजर सिंह पेटेवाड़ ग्रुप से जुड़ी कुछ गाड़ियां उनके घर के सामने से गुजरी थीं। आरोप लगाया गया कि गाड़ियों में मौजूद लोगों ने हवाई फायरिंग की और हुड़दंग किया।
इसी मामले में पुलिस कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाते हुए निहंग सिंह शुक्रवार को झबाल रोड पर धरने पर बैठ गए थे। धरने के दौरान बाइक पर पहुंचे निहंग को विरोधी पक्ष से जुड़ा होने और रेकी करने के शक में रोक लिया गया।
निहंगों ने पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप
धरने पर बैठे निहंग सिंहों ने पुलिस पर कार्रवाई नहीं करने और विरोधी पक्ष के साथ मिलीभगत के आरोप लगाए। उनका कहना है कि पहले उनके ऊपर हमला और फायरिंग की गई और बाद में रेकी के लिए व्यक्ति भेजा गया।
निहंगों ने अपने और अपने परिवार की सुरक्षा की मांग भी उठाई है। वहीं, उन्होंने मेजर सिंह पर उनके पूर्वजों की तस्वीरों और नामों का कथित तौर पर इस्तेमाल कर लोगों से पैसे लेने के आरोप लगाए हैं। इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है।
पुलिस ने कहा- पूरे मामले की जांच जारी
SHO मनजीत कौर के अनुसार, विवाद शुक्रवार को सड़क से कुछ गाड़ियों के गुजरने को लेकर शुरू हुआ। धरने पर बैठे निहंग इन गाड़ियों को मेजर सिंह से जुड़ा बता रहे थे।
पुलिस के मुताबिक, ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने ऐसी किसी गाड़ी के वहां से गुजरने की पुष्टि नहीं की है। पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है और वीडियो फुटेज समेत उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल अमृतसर में दो निहंग गुटों के बीच हुए इस विवाद के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।