Skip to content

Loot in Jalandhar: जालंधर में लूट की बड़ी वारदात, महिला को बंधक बनाकर घर खंगाला; सोना-कैश लूटकर फरार

जालंधर-पठानकोट रोड के गांव राऊवाली में देर रात आधा दर्जन से ज्यादा लुटेरों ने घर में घुसकर महिला को बंधक बना लिया। महिला के अनुसार लुटेरे 22 तोले सोने के गहने और 5 लाख रुपये कैश लेकर फरार हो गए। पूरी वारदात CCTV में कैद हुई है।

Loot in Jalandhar: जालंधर में लूट की बड़ी वारदात, महिला को बंधक बनाकर घर खंगाला; सोना-कैश लूटकर फरार
Share Facebook X WhatsApp Telegram Email
View in ePaper

डेली संवाद, जालंधर। Loot in Jalandhar: जालंधर-पठानकोट रोड पर स्थित गांव राऊवाली में देर रात लूट (Loot) की बड़ी वारदात सामने आई है। आरोप है कि आधा दर्जन से ज्यादा हथियारबंद बदमाश दीवार फांदकर एक घर में घुस गए और घर में मौजूद महिला को बंधक बना लिया।

महिला के मुताबिक, बदमाश अलमारी के ताले तोड़कर करीब 22 तोले सोने के गहने और 5 लाख रुपये कैश लेकर फरार हो गए। वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पूरी घटना घर और आसपास लगे CCTV कैमरों में कैद हुई है। फुटेज में कथित तौर पर कुछ बदमाश हाथों में लाठियां लेकर घर की ओर जाते और दीवार फांदकर अंदर दाखिल होते दिखाई दे रहे हैं।

महिला को बंधक बनाकर खंगाला पूरा घर

जानकारी के मुताबिक, लुटेरों ने घर में घुसने के बाद महिला को बंधक बना लिया। इसके बाद उन्होंने घर की अलमारी के लॉक तोड़े और सामान की तलाशी शुरू कर दी। महिला का दावा है कि बदमाशों ने घर में रखे करीब 22 तोले सोने के आभूषण और 5 लाख रुपये नकद चोरी कर लिए।

यह भी पढ़ें: जालंधर कैंट हलके में कट गई अवैध कालोनी, डिप्टी मेयर बोले- कालोनाइजर पर FIR दर्ज होगी

लुटेरों ने घर में सामान को इधर-उधर बिखेर दिया और कीमती सामान की तलाश की। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश महिला को वहीं छोड़कर फरार हो गए। महिला ने घटना की जानकारी पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची।

पहली कोठी में शोर मचा तो भागे बदमाश

स्थानीय लोगों के अनुसार, मुख्य लूट से करीब एक घंटे पहले बदमाशों ने पास की एक अन्य कोठी में घुसने की कोशिश की थी। हालांकि, वहां रहने वाले प्रवासी लोगों को भनक लग गई और उन्होंने शोर मचा दिया।

शोर सुनकर बदमाश मौके से भाग गए। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को भी दी। आरोप है कि पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही बदमाशों ने पास के दूसरे घर को निशाना बना लिया।

CCTV में दीवार फांदते दिखे बदमाश

लूट की वारदात से जुड़े CCTV फुटेज पुलिस के हाथ लगे हैं। फुटेज में कथित तौर पर बदमाश हाथों में लाठियां लिए दिखाई दे रहे हैं। कुछ बदमाश दीवार फांदकर घर में दाखिल होते नजर आ रहे हैं।

पुलिस अब CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। आसपास के अन्य कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि बदमाशों के आने-जाने के रास्ते और उनकी पहचान के बारे में जानकारी जुटाई जा सके।

थाना मकसूदा पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही थाना मकसूदा पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने महिला के बयान दर्ज किए हैं और घटनास्थल से संबंधित जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस CCTV फुटेज के साथ-साथ आसपास के इलाकों में भी जांच कर रही है।

लूटे गए सोने और नकदी की बरामदगी तथा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों द्वारा जांच आगे बढ़ाई जा रही है।फिलहाल पुलिस की जांच के बाद ही लूट में शामिल आरोपियों की संख्या, वारदात में इस्तेमाल किए गए साधनों और चोरी गए सामान की अंतिम पुष्टि हो सकेगी।