Skip to content

Punjab News: बर्थडे पर मिलने पहुंचे युवक की थार पर चलीं गोलियां, अगले दिन गर्लफ्रेंड ने किया सुसाइड; भाई ने लगाए गंभीर आरोप

पंजाब के लुधियाना में फैक्ट्री मालिक दिव्यांशु बग्गा की थार गाड़ी पर फायरिंग और पथराव के मामले में अब एक और दुखद घटनाक्रम सामने आया है। युवक की गर्लफ्रेंड 23 वर्षीय रैना धीर की मौत हो गई है।

Punjab News: बर्थडे पर मिलने पहुंचे युवक की थार पर चलीं गोलियां, अगले दिन गर्लफ्रेंड ने किया सुसाइड; भाई ने लगाए गंभीर आरोप
Share Facebook X WhatsApp Telegram Email
View in ePaper

डेली संवाद, लुधियाना। Punjab News: पंजाब के लुधियाना में फैक्ट्री मालिक दिव्यांशु बग्गा की थार गाड़ी पर फायरिंग और पथराव के मामले में अब एक और दुखद घटनाक्रम सामने आया है। युवक की गर्लफ्रेंड 23 वर्षीय रैना धीर की मौत हो गई है। सोमवार और मंगलवार की दरमियानी रात युवती ने कथित तौर पर जहरीला पदार्थ निगलकर आत्महत्या कर ली।

इस मामले में दोनों पक्षों के बयान बिल्कुल अलग हैं। दिव्यांशु बग्गा का आरोप है कि जन्मदिन पर गर्लफ्रेंड के बुलाने पर उसके घर पहुंचने के बाद लड़की के भाई और मां ने उस पर हमला करवाया। वहीं, युवती के भाई रोहन धीर ने आरोप लगाया है कि दिव्यांशु पिछले तीन महीने से उसकी बहन को परेशान कर रहा था। इसी मानसिक प्रताड़ना के कारण उसकी बहन ने यह कदम उठाया।

बॉयफ्रेंड का आरोप- गर्लफ्रेंड ने जन्मदिन पर केक काटने के लिए बुलाया था

पुलिस ने युवती के परिजनों के बयान के आधार पर कार्रवाई करने की बात कही है। मामले में फायरिंग और युवती की मौत से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। लुधियाना के शिंगार सिनेमा रोड स्थित हरचरन नगर में रहने वाले वामिका एंटरप्राइज के मालिक दिव्यांशु बग्गा ने बताया कि 2 नवंबर को उसका जन्मदिन था। उसकी गर्लफ्रेंड रैना धीर ने उसे फोन करके घर के पास बुलाया था।

दिव्यांशु के मुताबिक, रात करीब 12:30 बजे वह अपने दोस्त को छोड़ने वहां पहुंचा। इसी दौरान पहले से घात लगाकर बैठे हमलावरों ने उसकी थार को घेर लिया। उसने आरोप लगाया कि लड़की के भाई रोहन धीर और उसकी मां सीमा रानी के कहने पर उस पर हमला किया गया।

25-30 लोगों ने घेरा, थार पर 15-20 राउंड फायरिंग का आरोप

दिव्यांशु का आरोप है कि करीब 25 से 30 लोगों ने उसकी गाड़ी को घेर लिया। पहले ईंट-पत्थरों से हमला किया गया और फिर हथियारबंद युवकों ने करीब 15 से 20 राउंड फायरिंग की। उसने दावा किया कि लड़की की मां ने हमलावरों को कहा था कि उसे जिंदा वापस नहीं जाने देना। फायरिंग में थार के शीशे और टायर क्षतिग्रस्त हो गए।

यह भी पढ़ें: जालंधर कैंट हलके में कट गई अवैध कालोनी, डिप्टी मेयर बोले- कालोनाइजर पर FIR दर्ज होगी

इसके बावजूद वह फटे टायरों के सहारे गाड़ी भगाकर अपनी जान बचाने में कामयाब रहा। दिव्यांशु ने बताया कि दोनों परिवारों के बीच पहले से जान-पहचान थी। दोनों परिवार खाटू श्याम के दर्शन के लिए जाते थे। इसी दौरान उसकी रैना धीर से दोस्ती हुई थी।

युवती के भाई का आरोप- 3 महीने से बहन को परेशान कर रहा था युवक

दूसरी तरफ, युवती की मौत के बाद सिविल अस्पताल पहुंचे उसके भाई रोहन धीर ने दिव्यांशु पर गंभीर आरोप लगाए। रोहन ने कहा कि उसकी बहन एक पढ़ी-लिखी युवती थी और पिछले करीब तीन महीने से दिव्यांशु उसे गली में परेशान कर रहा था। परिवार ने कई बार युवक और उसके रिश्तेदारों को रोकने की कोशिश की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। रोहन के मुताबिक, घटना वाली रात भी युवक उनके घर के बाहर आया, तेज आवाज में गाने चलाए और शराब पी।

उसने आरोप लगाया कि युवक ने अपने दोस्तों के साथ परिवार पर गाड़ी चढ़ाने की कोशिश की और बाद में अपने साथियों के साथ फायरिंग भी की। रोहन ने कहा कि उनके परिवार की तरफ से कोई गोली नहीं चलाई गई। उसने दावा किया कि उसके पास युवक के कथित आपत्तिजनक मैसेज और पिछले दो महीने की रिकॉर्डिंग मौजूद हैं, जिन्हें वह पुलिस को सौंप सकता है।

भाई ने प्रशासन से की सख्त कार्रवाई की मांग

रोहन ने प्रशासन से मांग की है कि उसकी बहन की मौत के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। उसने आरोप लगाया कि उसकी बहन को मानसिक रूप से परेशान किया जा रहा था, जिसके चलते उसने यह कदम उठाया।

हालांकि, भाई की ओर से लगाए गए आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर होनी बाकी है।

SI बोले- परिवार के बयान पर होगी कार्रवाई

थाना डिवीजन नंबर-3 के SI हरपाल सिंह ने बताया कि हरचरन नगर इलाके में रैना धीर नाम की 23 वर्षीय युवती की मौत हुई है। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम CMC अस्पताल पहुंची। SI के अनुसार, परिवार ने अपने बयान में दिव्यांशु बग्गा पर युवती को परेशान करने के आरोप लगाए हैं। पुलिस परिवार के बयानों के आधार पर FIR दर्ज करने और आगे की कार्रवाई की प्रक्रिया कर रही है।

उन्होंने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस CCTV फुटेज भी खंगालेगी। वहीं, रात को हुई फायरिंग की घटना के बारे में अधिकारी ने कहा कि फिलहाल उन्हें इसकी पूरी जानकारी नहीं है।

फिलहाल इस मामले में दोनों पक्षों के आरोपों की जांच होना बाकी है। पुलिस का कहना है कि बयान, CCTV फुटेज और अन्य सबूतों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की सच्चाई सामने लाई जाएगी।