Skip to content

Punjab News: ऑस्ट्रेलिया से लौटते ही पति ने पत्नी को उतारा मौत के घाट, चाकू से किए ताबड़तोड़ 28 वार

पंजाब के लुधियाना में पत्नी के चरित्र पर शक करने वाले एक पति ने खौफनाक वारदात को अंजाम दे दिया। आरोपी रविंदर सिंह ने अपनी पत्नी कमलदीप कौर की चाकू से गोदकर हत्या कर दी।

Punjab News: ऑस्ट्रेलिया से लौटते ही पति ने पत्नी को उतारा मौत के घाट, चाकू से किए ताबड़तोड़ 28 वार
Share Facebook X WhatsApp Telegram Email
View in ePaper

डेली संवाद, लुधियाना। Punjab News: पंजाब के लुधियाना में पत्नी के चरित्र पर शक करने वाले एक पति ने खौफनाक वारदात को अंजाम दे दिया। आरोपी रविंदर सिंह ने अपनी पत्नी कमलदीप कौर की चाकू से गोदकर हत्या कर दी।

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी लंबे समय से पत्नी पर शक करता था और इसी वजह से दोनों के बीच अक्सर झगड़े होते रहते थे। हैरानी की बात यह है कि आरोपी हत्या से एक दिन पहले ही ऑस्ट्रेलिया से भारत लौटा था। घर पहुंचने के बाद उसकी पत्नी के साथ फिर बहस हुई और उसने हत्या की साजिश को अंजाम दे दिया।

1996 में हुई थी शादी, दो बेटों की मां थी कमलदीप

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि कमलदीप के शरीर पर चाकू के कुल 28 वार किए गए थे। इनमें छाती, पेट और पीठ पर गहरे घाव मिले हैं। पुलिस जांच के मुताबिक, रविंदर सिंह और कमलदीप कौर की शादी वर्ष 1996 में हुई थी। उनके दो बेटे हैं।

बड़ा बेटा 30 साल का और छोटा बेटा 28 साल का है। रविंदर सिंह पेशे से ड्राइवर है और बोलेरो पिकअप चलाता है, जबकि कमलदीप कौर गृहिणी थी। कमलदीप ने अपने बच्चों की परवरिश और पढ़ाई पर ध्यान दिया। परिवार के मुताबिक, उसने बड़े बेटे को बेहतर भविष्य के लिए ऑस्ट्रेलिया भी भेजा था।

पत्नी के चरित्र पर करता था शक, अक्सर होता था झगड़ा

पुलिस पूछताछ और परिवार से मिली जानकारी के अनुसार, रविंदर सिंह अपनी पत्नी के चरित्र पर शक करता था। उसे कमलदीप के खुले विचार पसंद नहीं थे। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था।

परिवार ने भी पुलिस को बताया कि आरोपी लंबे समय से पत्नी पर शक करता था और इसी कारण उसके साथ लड़ाई करता रहता था। बताया जा रहा है कि आरोपी पत्नी को धमकियां भी देता था।

3 महीने पहले बेटे के पास ऑस्ट्रेलिया गए थे दोनों

जांच में सामने आया है कि करीब तीन महीने पहले रविंदर सिंह और कमलदीप कौर अपने बड़े बेटे के पास ऑस्ट्रेलिया गए थे। बेटे की तबीयत खराब होने के कारण दोनों उसकी देखभाल के लिए वहां पहुंचे थे।

यह भी पढ़ें: जालंधर कैंट हलके में कट गई अवैध कालोनी, डिप्टी मेयर बोले- कालोनाइजर पर FIR दर्ज होगी

ऑस्ट्रेलिया में भी पति-पत्नी के बीच विवाद जारी रहा। पुलिस के मुताबिक, बेटे की बीमारी के कारण कमलदीप कई बार चुप रह जाती थी।

23 अक्टूबर को लौटी थी पत्नी, 29 अक्टूबर को आया पति

कमलदीप कौर 23 अक्टूबर को ऑस्ट्रेलिया से भारत लौट आई थी। वह अपने छोटे बेटे के साथ लुधियाना स्थित घर में रह रही थी। इसके बाद 29 अक्टूबर को उसका पति रविंदर सिंह भी ऑस्ट्रेलिया से भारत पहुंचा।

छोटा बेटा गगनदीप सिंह अपने पिता को दिल्ली एयरपोर्ट से लुधियाना लेकर आया था। घर पहुंचने के बाद एक बार फिर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ।

एक फीट लंबे स्टील के चाकू से किए 28 वार

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने रसोई से करीब 12 इंच लंबा स्टील का चाकू उठाया और पत्नी पर हमला कर दिया। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के अनुसार, कमलदीप के सीने से लेकर पेट और पीठ तक चाकू के 28 वार किए गए थे।

बताया जा रहा है कि आरोपी ने सीने और दिल के आसपास कई गहरे वार किए। हमले में उसके गुर्दे और आंतों को भी गंभीर नुकसान पहुंचा। अधिक चोटें लगने के कारण कमलदीप की मौके पर ही मौत हो गई।

बेटे को सामान लेने भेजा, पीछे से मां की हत्या

मृतका के बेटे गगनदीप सिंह ने पुलिस को बताया कि घटना के समय वह घर पर मौजूद था। उसके पिता ने उसे कुछ सामान लेने के बहाने बाहर भेज दिया।

बेटे के घर से बाहर जाते ही आरोपी ने रसोई से चाकू उठाकर कमलदीप पर हमला कर दिया। जब गगनदीप वापस लौटा तो उसकी मां खून से लथपथ हालत में जमीन पर पड़ी थी।

हत्या के बाद चाकू धोकर रखा, मौके से फरार हुआ आरोपी

पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने चाकू धोकर रख दिया, ताकि किसी को शक न हो। इसके बाद वह मौके से फरार हो गया।

घर पहुंचने पर मां की हालत देखकर बेटे को अपने पिता पर शक हुआ। उसने पुलिस को इसकी जानकारी दी। बेटे की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी गिरफ्तार, पुलिस कर रही पूछताछ

एसीपी राजेश शर्मा ने बताया कि आरोपी रविंदर सिंह को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि वारदात में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका तो नहीं है। मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच जारी है।