Skip to content

Punjab News: शहर में कांग्रेस का रोष प्रदर्शन, वड़िंग के भाषण के दौरान NSUI कार्यकर्ताओं ने लहराए झंडे; पायलट की अगुआई में मंत्री आवास तक मार्च

चंडीगढ़ के सेक्टर-15 स्थित पंजाब कांग्रेस भवन के बाहर कांग्रेस का प्रदर्शन चल रहा है। पंजाब कांग्रेस के नए प्रभारी और राजस्थान के पूर्व डिप्टी CM सचिन पायलट भी प्रदर्शन में पहुंचे हैं।

Punjab News: शहर में कांग्रेस का रोष प्रदर्शन, वड़िंग के भाषण के दौरान NSUI कार्यकर्ताओं ने लहराए झंडे; पायलट की अगुआई में मंत्री आवास तक मार्च
Share Facebook X WhatsApp Telegram Email
View in ePaper

डेली संवाद, चंडीगढ़। Punjab News: चंडीगढ़ (Chandigarh) के सेक्टर-15 स्थित पंजाब कांग्रेस भवन के बाहर कांग्रेस का प्रदर्शन चल रहा है। पंजाब कांग्रेस के नए प्रभारी और राजस्थान के पूर्व डिप्टी CM सचिन पायलट भी प्रदर्शन में पहुंचे हैं। खास बात यह रही कि करीब 3 महीने बाद पूर्व CM और जालंधर से सांसद चरणजीत सिंह चन्नी तथा पंजाब कांग्रेस प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग एक ही मंच पर नजर आए।

मंच पर सचिन पायलट (Sachin Pilot) के दाईं ओर चरणजीत सिंह चन्नी और बाईं ओर राजा वड़िंग बैठे। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच बातचीत भी होती दिखाई दी। मंच से जैसे ही चन्नी का नाम लिया गया, कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी शुरू कर दी। हालांकि, चन्नी ने अपने भाषण के दौरान राजा वड़िंग का नाम नहीं लिया।

प्रताप बाजवा बोले- मंच पर सारे कांग्रेसी इकट्ठे हो गए

प्रदर्शन के दौरान नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा ने कहा, “ये लो, मंच पर सारे कांग्रेसी इकट्ठे हो गए।” बाजवा ने कहा कि कांग्रेस आगामी चुनाव बिना किसी एक चेहरे के लड़ेगी।

यह भी पढ़ें: जालंधर कैंट हलके में कट गई अवैध कालोनी, डिप्टी मेयर बोले- कालोनाइजर पर FIR दर्ज होगी

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे और सचिन पायलट के नाम पर वोट मांगे जाएंगे। बहुमत मिलने के बाद मुख्यमंत्री को लेकर फैसला हाईकमान करेगा। उन्होंने कहा, “बाप जिंदा हो तो बेटों का कोई अधिकार नहीं होता है।”

हरपाल चीमा के आवास तक कांग्रेस निकालेगी मार्च

कांग्रेस प्रदर्शन के बाद पंजाब के मंत्री हरपाल चीमा के आवास तक मार्च निकालेगी। कांग्रेस की ओर से संगरूर में मंत्री हरपाल चीमा से सवाल पूछने के बाद कथित तौर पर दबाव में आत्महत्या करने वाले गुलजार सिंह के लिए इंसाफ की मांग की जा रही है।

कांग्रेस आम आदमी पार्टी सरकार से मंत्री हरपाल चीमा के खिलाफ FIR दर्ज करने और उन्हें मंत्रिमंडल से बर्खास्त करने की मांग कर रही है।

राजा वड़िंग को लेकर अभी भी सस्पेंस

पंजाब कांग्रेस प्रधान राजा वड़िंग को पद से हटाए जाने की चर्चाएं अभी भी जारी हैं। सचिन पायलट से एक इंटरव्यू के दौरान वड़िंग को बदले जाने की संभावना को लेकर सवाल पूछा गया था, लेकिन उन्होंने स्पष्ट रूप से हां या ना में जवाब नहीं दिया।

ऐसे में माना जा रहा है कि पंजाब कांग्रेस का प्रभार संभालने के बाद सचिन पायलट पहले ग्राउंड लेवल पर संगठन की स्थिति और नेताओं की वर्किंग को समझना चाहते हैं। इसके बाद ही प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष को लेकर कोई फैसला हो सकता है।

वड़िंग के माइक संभालते ही NSUI कार्यकर्ताओं ने लहराए झंडे

प्रदर्शन के दौरान जब राजा वड़िंग ने माइक संभाला तो NSUI कार्यकर्ताओं ने झंडे लहराने शुरू कर दिए। वड़िंग ने कार्यकर्ताओं से बैठने के लिए कहा, लेकिन इसके बावजूद कार्यकर्ता झंडे लहराते रहे।

चंडीगढ़ में ट्रैफिक प्रभावित, पुलिस ने जारी की एडवाइजरी

कांग्रेस के प्रदर्शन को देखते हुए चंडीगढ़ ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है। सुबह 11:30 बजे से सेक्टर-15/16 लाइट पॉइंट से GMCH-16 चौक तक और मध्य मार्ग पर GMCH-16 चौक से PGI चौक तक ट्रैफिक प्रभावित रहने की संभावना है।

ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों से इन रास्तों से बचने और वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की अपील की है।