Skip to content

Punjab: पंजाब में विधानसभा चुनाव से पहले अकाली दल का बड़ा दांव, 9 सदस्यीय घोषणा पत्र समिति गठित; इन नेताओं को मिली जिम्मेदारी

पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच शिरोमणि अकाली दल ने बड़ा कदम उठाते हुए 9 सदस्यीय घोषणा पत्र समिति का गठन किया है। सुखबीर सिंह बादल ने बलविंदर सिंह भुंडड़ को चेयरमैन और डॉ. दलजीत सिंह चीमा को सदस्य सचिव बनाया। समिति विभिन्न वर्गों से सीधे संवाद कर चुनावी घोषणा पत्र के लिए सुझाव जुटाएगी।

Punjab: पंजाब में विधानसभा चुनाव से पहले अकाली दल का बड़ा दांव, 9 सदस्यीय घोषणा पत्र समिति गठित; इन नेताओं को मिली जिम्मेदारी
Share Facebook X WhatsApp Telegram Email
View in ePaper

डेली संवाद, चंडीगढ़। Punjab Assembly Election 2027: पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर शिरोमणि अकाली दल (शिअद) ने अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने रविवार को 9 सदस्यीय घोषणा पत्र समिति का गठन किया है। यह समिति पंजाब के अलग-अलग क्षेत्रों का दौरा कर किसानों, मजदूरों, व्यापारियों, उद्योगपतियों, युवाओं, महिलाओं और कर्मचारियों समेत विभिन्न वर्गों से सीधे संवाद करेगी।

अकाली दल की ओर से गठित समिति में वरिष्ठ नेता बलविंदर सिंह भुंडड़ को चेयरमैन बनाया गया है, जबकि डॉ. दलजीत सिंह चीमा को सदस्य सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

समिति में गुलजार सिंह रानिके, हीरा सिंह गाबड़िया, महेश इंदर सिंह ग्रेवाल, बिक्रम सिंह मजीठिया, सिकंदर सिंह मलूका, सोहन सिंह ठंडल और हरचरण सिंह बैंस को सदस्य बनाया गया है।

सभी वर्गों से लेगी सुझाव

घोषणा पत्र समिति पंजाब के विभिन्न हिस्सों में जाकर लोगों से बातचीत करेगी। इस दौरान किसानों, मजदूरों, व्यापारियों, उद्योगपतियों, युवाओं, महिलाओं और कर्मचारियों की समस्याओं के साथ-साथ उनकी सरकार से अपेक्षाओं और भविष्य की प्राथमिकताओं को समझने का प्रयास किया जाएगा।

पार्टी के विभिन्न विंगों के अध्यक्षों को समिति में विशेष आमंत्रित सदस्य बनाया गया है। इनमें युवा, महिला, व्यापार एवं उद्योग, कानूनी, एसओआई, कर्मचारी, पूर्व सैनिक और अल्पसंख्यक विंग शामिल हैं।

यह भी पढ़ें: जालंधर कैंट हलके में कट गई अवैध कालोनी, डिप्टी मेयर बोले- कालोनाइजर पर FIR दर्ज होगी

अकाली दल का कहना है कि लोगों से मिलने वाले सुझावों और उनकी समस्याओं को 2027 विधानसभा चुनाव के घोषणा पत्र में शामिल किया जाएगा।

सरकार को घेरने की तैयारी

शिअद ने आगामी चुनाव को लेकर संगठनात्मक गतिविधियां भी तेज कर दी हैं। पार्टी की ओर से बिजली कटौती और कानून-व्यवस्था जैसे मुद्दों पर पंजाब सरकार को घेरने की रणनीति बनाई जा रही है।

पार्टी ने 16 सितंबर को बिजली कटौती के खिलाफ विधानसभा हलका स्तर पर प्रदर्शन करने का भी ऐलान किया है। ऐसे में घोषणा पत्र समिति के गठन को अकाली दल की आगामी चुनावी रणनीति का अहम हिस्सा माना जा रहा है।

जमीन तैयार कर रहा अकाली दल

घोषणा पत्र समिति के जरिए अकाली दल अब सीधे जनता के बीच जाकर उनके मुद्दों और अपेक्षाओं को समझने की कोशिश करेगा। पार्टी का फोकस केवल चुनावी घोषणा पत्र तैयार करने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि अलग-अलग वर्गों के मुद्दों को राजनीतिक अभियान का हिस्सा बनाने की तैयारी भी दिखाई दे रही है।

आने वाले दिनों में समिति के पंजाब दौरे और लोगों से संवाद के दौरान सामने आने वाले मुद्दे शिअद के 2027 चुनावी एजेंडे की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभा सकते हैं।