Skip to content

Punjab News: जालंधर बाईपास पर हाईवे जाम, पंजाब में बाजार बंद कराने पहुंचे प्रदर्शनकारी; पुलिस ने संभाला मोर्चा

संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के अपमान के विरोध में दलित समाज ने बुधवार, 9 सितंबर को लुधियाना में बड़ा प्रदर्शन किया।

Punjab News: जालंधर बाईपास पर हाईवे जाम, पंजाब में बाजार बंद कराने पहुंचे प्रदर्शनकारी; पुलिस ने संभाला मोर्चा
Share Facebook X WhatsApp Telegram Email
View in ePaper

डेली संवाद, लुधियाना। Punjab News: संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के अपमान के विरोध में दलित समाज ने बुधवार, 9 सितंबर को लुधियाना में बड़ा प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने जालंधर बाईपास चौक के पास दिल्ली-अमृतसर नेशनल हाईवे जाम कर दिया।

हाईवे जाम होने से अमृतसर, जालंधर, लुधियाना, पटियाला, अंबाला, करनाल और पानीपत की ओर आने-जाने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रदर्शनकारियों ने लुधियाना बंद का भी ऐलान किया है। हालांकि, शहर के अधिकांश बाजार खुले हैं। वहीं, जालंधर बाईपास चौक पर पुलिस ने प्रदर्शन को देखते हुए कई रास्तों पर बैरिकेडिंग कर ट्रैफिक को डायवर्ट किया है।

दोपहर 4 बजे तक हाईवे जाम

दलित समाज की ओर से दोपहर 4 बजे तक दिल्ली-अमृतसर नेशनल हाईवे जाम करने का ऐलान किया गया है। जालंधर बाईपास चौक पर प्रदर्शन के कारण हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं।

स्कूलों की छुट्टी के समय ट्रैफिक का दबाव बढ़ने की आशंका है। ऐसे में स्कूल बसों के भी जाम में फंसने से बच्चों और अभिभावकों को परेशानी हो सकती है। कई लोग रास्ता बंद देखकर आधे रास्ते से ही वापस लौट रहे हैं।

डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा के अपमान के बाद शुरू हुआ विरोध

मंगलवार, 8 सितंबर को कुछ शरारती तत्वों द्वारा डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को जूतों की माला पहनाकर कथित तौर पर अपमानित किए जाने का मामला सामने आया था। घटना के बाद इलाके में तनाव पैदा हो गया था।

पुलिस ने मामले में FIR दर्ज कर जांच शुरू की है। प्रदर्शनकारियों की मांग है कि प्रतिमा का अपमान करने वाले आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए। उनका कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी होने तक विरोध जारी रहेगा।

प्रतिमा का दूध से किया अभिषेक

घटना के बाद बुधवार सुबह दलित समाज के लोगों ने डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा का दूध से अभिषेक किया। भविष्य में ऐसी घटना दोबारा न हो, इसके लिए पुलिस ने प्रतिमा के आसपास CCTV कैमरे भी लगवाए हैं।

लुधियाना बंद का ऐलान, बाजार खुले

प्रदर्शनकारियों ने घटना के विरोध में लुधियाना बंद का आह्वान किया है। हालांकि, फिलहाल शहर के बाजारों में सामान्य रूप से दुकानें खुली हुई हैं। दूसरी तरफ जालंधर बाईपास चौक पर पुलिस की भारी मौजूदगी है और ट्रैफिक को वैकल्पिक रास्तों से निकाला जा रहा है।

हाईवे बंद होने पर जालंधर से पटियाला-दिल्ली जाने का रूट

जालंधर बाईपास चौक पर हाईवे जाम होने के कारण जालंधर की तरफ से आने वाले ट्रैफिक को लाडोवाल बाईपास की ओर डायवर्ट किया गया है। यहां से वाहन साउथ सिटी, फिरोजपुर रोड स्थित वेरका चौक और साउदर्न बाईपास के रास्ते पटियाला और दिल्ली की ओर जा सकते हैं।

दिल्ली की तरफ से आने वाले वाहन इस रास्ते जाएं

दिल्ली की ओर से लुधियाना आने वाले ट्रैफिक को दोराहा से साउदर्न बाईपास की तरफ भेजा जा रहा है। इसके बाद वाहन लाडोवाल बाईपास होते हुए टोल प्लाजा की ओर निकल सकते हैं। इसके अलावा जालंधर जाने वाले वाहन जगराओं-नकोदर रूट का भी इस्तेमाल कर सकते हैं।

जालंधर बाईपास चौक पर प्रदर्शन के चलते दिल्ली-अमृतसर हाईवे पर यातायात प्रभावित है। ऐसे में अमृतसर, जालंधर, लुधियाना, पटियाला और दिल्ली की तरफ जाने वाले वाहन चालक वैकल्पिक रूट का इस्तेमाल करें और अतिरिक्त समय लेकर निकलें।