Skip to content

Punjab News: पंजाब में गरमाई सियासत, मौत से पहले व्यक्ति ने वीडियो में लिया मंत्री का नाम, मची हलचल

संगरूर में नशे की बिक्री को लेकर वित्त मंत्री से सवाल पूछने वाले गुलजार सिंह की जहर खाने के बाद मौत हो गई। परिवार के मुताबिक, गुलजार ने मौत से पहले एक वीडियो बनाया था, जिसमें उसने अपनी मौत के लिए मंत्री हरपाल चीमा, सरपंच समेत चार लोगों को जिम्मेदार बताया था।

Punjab News: पंजाब में गरमाई सियासत, मौत से पहले व्यक्ति ने वीडियो में लिया मंत्री का नाम, मची हलचल
Share Facebook X WhatsApp Telegram Email
View in ePaper

डेली संवाद, लुधियाना। Punjab News: संगरूर में नशे की बिक्री को लेकर वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा से सवाल पूछने वाले गुलजार सिंह की जहर खाने के बाद मौत हो गई। परिवार के मुताबिक, गुलजार ने मौत से पहले एक वीडियो बनाया था, जिसमें उसने अपनी मौत के लिए मंत्री हरपाल चीमा, सरपंच समेत चार लोगों को जिम्मेदार बताया था।

मामले को लेकर अब पंजाब की राजनीति गरमा गई है। AAP नेशनल प्रवक्ता अनुराग ढांडा ने घटना की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा है कि सामने आए दो वीडियो में अंतर दिखाई देता है। वहीं, BJP और कांग्रेस ने सरकार पर गंभीर सवाल उठाए हैं।

पहले जानिए पूरा मामला

बताया गया है कि 6 सितंबर को वित्त मंत्री हरपाल चीमा तूर वंजारा गांव में लोगों से मिलने पहुंचे थे। इसी दौरान गुलजार सिंह ने उनसे मुलाकात कर अपने बेटे और गांव के अन्य युवाओं के कथित तौर पर चिट्टे के नशे की गिरफ्त में होने की शिकायत की थी।

गुलजार ने मंत्री से नशे के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की थी। परिवार का आरोप है कि मंत्री के जाने के बाद सरपंच और पंच उनके घर पहुंचे और गुलजार पर मंत्री से माफी मांगने का दबाव बनाया। परिवार के मुताबिक, इसी से परेशान होकर गुलजार ने जहर खा लिया। हालत बिगड़ने पर उसे अस्पताल ले जाया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

मौत से पहले वीडियो में क्या कहा?

परिवार के अनुसार, गुलजार सिंह ने मौत से पहले वीडियो बनाया था। इसमें उसने अपनी मौत के लिए मंत्री हरपाल चीमा, सरपंच समेत चार लोगों को जिम्मेदार बताया।

हालांकि, AAP प्रवक्ता अनुराग ढांडा ने दावा किया कि मामले से जुड़े दो वीडियो सामने आए हैं और पहले वीडियो में किसी मंत्री का नाम नहीं लिया गया है।

AAP ने लगाए दबाव बनाकर दूसरा वीडियो बनवाने के आरोप

AAP के राष्ट्रीय प्रवक्ता अनुराग ढांडा ने कहा कि अगर किसी व्यक्ति ने जहर खा लिया था तो उसे तुरंत अस्पताल ले जाना चाहिए था। उनका आरोप है कि उस व्यक्ति पर दबाव बनाकर दोबारा वीडियो बनवाया गया और मंत्री का नाम लेने के लिए कहा गया।

ढांडा ने कहा कि पूरे मामले की जांच होनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार नशे के खिलाफ कार्रवाई कर रही है और जांच में जिसका भी नाम सामने आएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई होगी।

पुलिस ने सरपंच के पति को किया गिरफ्तार

गुलजार सिंह का शव लुधियाना के DMC अस्पताल से संगरूर सिविल अस्पताल लाया गया है। पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर गांव की सरपंच के पति को गिरफ्तार किया है। पुलिस अब पूरे घटनाक्रम, वायरल वीडियो और आरोपों की जांच कर रही है।

BJP नेता गौरव भाटिया ने आरोप लगाया कि गुलजार सिंह ने मंत्री के गांव दौरे के दौरान अपने बेटे के चिट्टे का आदी होने की शिकायत की थी। भाटिया के मुताबिक, मंत्री के जाने के बाद स्थानीय सरपंच से जुड़े लोगों ने गुलजार को धमकाया और मंत्री से माफी मांगने के लिए कहा। BJP ने मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

चन्नी ने मंत्री के खिलाफ FIR की मांग की

पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने भी मामले को लेकर AAP सरकार पर हमला बोला है। चन्नी ने आरोप लगाया कि गुलजार ने मंत्री के सामने नशे को लेकर सवाल उठाया था और बाद में उस पर दबाव बनाया गया। चन्नी ने मंत्री हरपाल चीमा और सरपंच के खिलाफ FIR दर्ज करने और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

मामला बना राजनीतिक मुद्दा

गुलजार सिंह की मौत के बाद पंजाब में नशे के मुद्दे को लेकर एक बार फिर सियासत तेज हो गई है। जहां AAP ने मामले की जांच की बात कही है, वहीं BJP और कांग्रेस ने सरकार से जवाबदेही तय करने की मांग की है।

अब पुलिस जांच से यह साफ होगा कि गुलजार सिंह की मौत के पीछे किन परिस्थितियों की भूमिका थी और वायरल वीडियो में लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है।