डेली संवाद, जयपुर। Rajasthan Municipal Election: राजस्थान के शहरी निकाय चुनाव के नतीजों में एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने सभी का ध्यान खींच लिया। डीडवाना-कुचामन जिले की परबतसर नगरपालिका के वार्ड नंबर 13 से चुनाव लड़ने वाले भाजपा उम्मीदवार कैलाशचंद को महज एक वोट मिला।
राज्य चुनाव आयोग की वेबसाइट के अनुसार, वार्ड 13 में कांग्रेस उम्मीदवार हीना खानम ने 376 वोट हासिल कर जीत दर्ज की। वहीं निर्दलीय उम्मीदवार राशिद खान को 195 वोट मिले और वह दूसरे स्थान पर रहे।
बीजेपी उम्मीदवार को सिर्फ एक वोट
समाचार एजेंसी पीटीआई से बातचीत में कैलाशचंद ने बताया कि वह खुद वार्ड नंबर 12 के मतदाता हैं। उनका कहना है कि बीजेपी ने उन्हें पास के वार्ड नंबर 13 से चुनाव मैदान में उतारा था। इसी वजह से उन्हें वार्ड 13 में सिर्फ एक वोट मिला।
कैलाशचंद का एक वोट मिलना राजस्थान के शहरी निकाय चुनावों में चर्चा का विषय बन गया। खास बात यह है कि उम्मीदवार ने खुद भी स्वीकार किया कि वह जिस वार्ड से चुनाव लड़ रहे थे, वहां के मतदाता नहीं थे।
परबतसर नगरपालिका में कांग्रेस को बढ़त
परबतसर नगरपालिका में कुल 25 वार्ड हैं। चुनाव परिणामों के मुताबिक कांग्रेस ने 13 वार्डों में जीत हासिल की, जबकि बीजेपी के खाते में 12 वार्ड आए।
यह भी पढ़ें: जालंधर कैंट हलके में कट गई अवैध कालोनी, डिप्टी मेयर बोले- कालोनाइजर पर FIR दर्ज होगी
राजस्थान (Rajasthan) के कुल 309 शहरी निकायों के लिए हुई मतगणना के दौरान कई दिलचस्प परिणाम सामने आए। इन्हीं में बीजेपी उम्मीदवार कैलाशचंद का सिर्फ एक वोट हासिल करना भी खास चर्चा में रहा। इन चुनावों में पार्षद के 10,000 से अधिक पदों के लिए उम्मीदवारों के बीच मुकाबला हुआ था।
एक वोट ने खींचा सबका ध्यान
आमतौर पर चुनाव लड़ने वाला उम्मीदवार अपने वार्ड में सबसे ज्यादा वोट हासिल करने की उम्मीद करता है, लेकिन कैलाशचंद का मामला बिल्कुल अलग रहा। वार्ड 13 में उन्हें सिर्फ एक वोट मिला, जबकि कांग्रेस की हीना खानम ने 376 वोट लेकर जीत हासिल की।