Skip to content

Asian Champions Trophy: मोहाली में एशियन चैंपियंस ट्रॉफी के सेमीफाइनल और फाइनल की तैयारी पूरी, नितिन कोहली ने स्टेडियम का किया निरीक्षण

हीरो एशियन चैंपियंस ट्रॉफी पंजाब 2026 के सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले मोहाली में होंगे। हॉकी पंजाब अध्यक्ष नितिन कोहली ने स्टेडियम की तैयारियों का जायजा लिया।

Asian Champions Trophy: मोहाली में एशियन चैंपियंस ट्रॉफी के सेमीफाइनल और फाइनल की तैयारी पूरी, नितिन कोहली ने स्टेडियम का किया निरीक्षण
Share Facebook X WhatsApp Telegram Email
View in ePaper

डेली संवाद, मोहाली। Asian Champions Trophy Punjab 2026: पंजाब में अंतरराष्ट्रीय हॉकी की वापसी को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। हीरो एशियन चैंपियंस ट्रॉफी पंजाब 2026 के सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबलों की मेजबानी के लिए मोहाली का ओलंपियन बलबीर सिंह सीनियर इंटरनेशनल हॉकी स्टेडियम पूरी तरह तैयार है।

हॉकी पंजाब के अध्यक्ष एवं हॉकी इंडिया के उपाध्यक्ष नितिन कोहली ने 31 अक्टूबर को स्टेडियम का दौरा कर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान आगामी मुकाबलों के सफल आयोजन को लेकर अधिकारियों के साथ बैठक भी की गई। बैठक में स्टेडियम की सुविधाओं, खिलाड़ियों और अधिकारियों के लिए जरूरी व्यवस्थाओं तथा टूर्नामेंट के सुचारू संचालन को लेकर चर्चा हुई।

नितिन कोहली ने स्टेडियम की व्यवस्थाओं का लिया जायजा

दौरे के दौरान नितिन कोहली ने स्टेडियम की विभिन्न सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय टीमों, खिलाड़ियों, अधिकारियों और दर्शकों के स्वागत के लिए सभी जरूरी इंतजाम समय पर पूरे रखने पर जोर दिया।

यह भी पढ़ें: मैरिटन होटल को अवैध बताकर खाली करवाने वाले नगर निगम के अफसर हुए 'लाचार'

उन्होंने कहा कि एशियन चैंपियंस ट्रॉफी जैसे प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट की मेजबानी करना पंजाब के लिए गर्व की बात है। इस स्तर के आयोजन से वैश्विक हॉकी मानचित्र पर पंजाब की पहचान और मजबूत होगी।

जालंधर में लीग मुकाबले, मोहाली में होंगे सेमीफाइनल और फाइनल

हीरो एशियन चैंपियंस ट्रॉफी पंजाब 2026 राज्य के खेल इतिहास में महत्वपूर्ण आयोजन माना जा रहा है। टूर्नामेंट के लीग चरण के मुकाबले जालंधर में आयोजित किए जा रहे हैं, जबकि सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबलों की मेजबानी मोहाली को सौंपी गई है।

नितिन कोहली ने कहा कि इतने बड़े अंतरराष्ट्रीय आयोजन के लिए उच्च स्तरीय प्रबंधन और मजबूत बुनियादी ढांचा बेहद जरूरी है। सभी संबंधित पक्षों के बीच बेहतर समन्वय से टूर्नामेंट का सफल आयोजन सुनिश्चित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री भगवंत मान के विजन को मिलेगी मजबूती

पंजाब में अंतरराष्ट्रीय हॉकी को बढ़ावा देने और बड़े खेल आयोजनों की मेजबानी करने के मुख्यमंत्री भगवंत मान के विजन को इस चैंपियनशिप से मजबूती मिलने की उम्मीद है।

इस टूर्नामेंट की मेजबानी को पंजाब के वर्ष 2030 में हॉकी विश्व कप आयोजित करने के लक्ष्य की दिशा में भी अहम कदम माना जा रहा है। अंतरराष्ट्रीय स्तर के मुकाबलों से राज्य में हॉकी के बुनियादी ढांचे, खेल संस्कृति और खिलाड़ियों को प्रोत्साहन मिलेगा।