Skip to content

CBI Raid: CM भगवंत मान के OSD की बढ़ी मुश्किलें, CBI ने भेजा समन; इस मामले में होगी पूछताछ

पंजाब CM के OSD राजबीर सिंह घुम्मन को CBI ने पूछताछ के लिए समन किया है। CM कैंप ऑफिस समेत 8 ठिकानों पर छापेमारी के बाद अब ट्रांसफर-पोस्टिंग और सरकारी टेंडर से जुड़े कथित भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच तेज हो गई है।

CBI Raid: CM भगवंत मान के OSD की बढ़ी मुश्किलें, CBI ने भेजा समन; इस मामले में होगी पूछताछ
Share Facebook X WhatsApp Telegram Email
View in ePaper

डेली संवाद, चंडीगढ़। CBI Raid: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के OSD राजबीर सिंह घुम्मन को केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने पूछताछ के लिए समन जारी किया है। उन्हें बुधवार को चंडीगढ़ स्थित CBI कार्यालय में पेश होने के लिए कहा गया है। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, पहले उन्हें सुबह 11 बजे बुलाया गया था, लेकिन समय पर पेश न होने के बाद दोपहर 2:30 बजे पेश होने को कहा गया।

CBI उनसे प्रवर्तन निदेशालय (ED) की ओर से लगाए गए कैश फॉर ट्रांसफर-पोस्टिंग, सरकारी टेंडरों और नीतिगत फैसलों में कथित दखल से जुड़े आरोपों पर पूछताछ कर सकती है। पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के आदेश के बाद CBI ने इस मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू की है।

CM कैंप ऑफिस समेत 8 जगहों पर CBI की रेड

इससे पहले मंगलवार को CBI ने मुख्यमंत्री भगवंत मान के चंडीगढ़ स्थित कैंप ऑफिस समेत पंजाब और चंडीगढ़ में 8 ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया। जांच चंडीगढ़ के अलावा मोहाली, गुरदासपुर, लुधियाना, पटियाला, संगरूर और जालंधर तक पहुंची। तलाशी के दौरान लैपटॉप, मोबाइल फोन और दस्तावेज जब्त किए गए।

यह भी पढ़ें: पंजाब में 3000 करोड़ के GST घोटाले का पर्दाफाश, लोहा कारोबारियों समेत CA का नाम आया सामने

CBI ने राजबीर घुम्मन समेत 6 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। जांच में कथित तौर पर सरकारी अधिकारियों की पोस्टिंग, नीतिगत फैसलों और टेंडर से जुड़े मामलों में अनुचित प्रभाव के आरोपों को शामिल किया गया है।

हाईकोर्ट के आदेश के बाद CBI जांच

यह मामला पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के 5 अक्टूबर के आदेश के बाद CBI तक पहुंचा। हाईकोर्ट ने ED की ओर से उपलब्ध कराई गई सामग्री के आधार पर मामले में FIR दर्ज कर स्वतंत्र जांच के निर्देश दिए थे। इसके बाद CBI ने कार्रवाई शुरू की।

पंजाब सरकार ने हाईकोर्ट के आदेश को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी है। सुप्रीम कोर्ट ने राज्य सरकार की याचिका पर तत्काल सुनवाई के लिए सहमति जताई है।

संगरूर में CBI टीम के सामने फूल बरसाने का मामला

CBI की कार्रवाई के दौरान संगरूर के घरांचों गांव में टीम का कुछ लोगों ने फूल बरसाकर स्वागत किया और ढोल बजाए। घटना के बाद पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया, जबकि स्थानीय SHO को ड्यूटी में कथित लापरवाही के आरोप में निलंबित किया गया।

मामले में CBI की पूछताछ और जांच आगे बढ़ने के साथ आने वाले दिनों में और तथ्य सामने आने की संभावना है।