Skip to content

Encounter in Punjab: पंजाब में फायरिंग से मचा हड़कंप, बाइक सवार नकाबपोशों ने पुलिस को देख की गोलीबारी

पंजाब के गुरदासपुर जिले के डेरा बाबा नानक में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब दाना मंडी इलाके में पीछा कर रही पुलिस टीम पर तीन संदिग्ध बदमाशों ने फायरिंग कर दी। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए इलाके की घेराबंदी की और स्थानीय लोगों की मदद से दो आरोपियों को काबू कर लिया।

Encounter in Punjab: पंजाब में फायरिंग से मचा हड़कंप, बाइक सवार नकाबपोशों ने पुलिस को देख की गोलीबारी
Share Facebook X WhatsApp Telegram Email
View in ePaper

डेली संवाद, गुरदासपुर। Encounter in Punjab: पंजाब के गुरदासपुर जिले के डेरा बाबा नानक में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब दाना मंडी इलाके में पीछा कर रही पुलिस टीम पर तीन संदिग्ध बदमाशों ने फायरिंग कर दी। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए इलाके की घेराबंदी की और स्थानीय लोगों की मदद से दो आरोपियों को काबू कर लिया।

वहीं, तीसरा संदिग्ध मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में सर्च ऑपरेशन चला रही है। पुलिस के मुताबिक, तीनों संदिग्ध एक मोटरसाइकिल पर सवार थे और उन्होंने अपने चेहरे कपड़े से ढके हुए थे। फायरिंग की इस घटना में किसी पुलिसकर्मी या आम नागरिक के घायल होने की सूचना नहीं है।

गुप्त सूचना के बाद पुलिस ने शुरू किया पीछा

डीएसपी जोगा सिंह के अनुसार, थाना डेरा बाबा नानक के एसएचओ अशोक कुमार को सूचना मिली थी कि तीन संदिग्ध युवक मुंह बांधकर मोटरसाइकिल पर इलाके में घूम रहे हैं।

सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने संदिग्धों का पीछा करना शुरू किया। पुलिस की गाड़ी को देखकर तीनों दाना मंडी की ओर भाग निकले। पुलिसकर्मियों ने जब उन्हें घेरकर पकड़ने की कोशिश की तो आरोपियों ने पुलिस पार्टी पर फायरिंग शुरू कर दी।

पुलिस ने भी की जवाबी फायरिंग, दो आरोपी पकड़े

पुलिस के मुताबिक, बदमाशों की फायरिंग के बाद पुलिस टीम ने जवाबी कार्रवाई की। इसी दौरान दाना मंडी में मौजूद स्थानीय युवकों ने भी पुलिस की मदद की।

यह भी पढ़ें: मैरिटन होटल को अवैध बताकर खाली करवाने वाले नगर निगम के अफसर हुए 'लाचार'

पुलिस और स्थानीय लोगों की संयुक्त कार्रवाई में दो संदिग्धों को मौके पर ही पकड़ लिया गया। हालांकि, उनका एक साथी मंडी में मौजूद घनी झाड़ियों और पेड़-पौधों का फायदा उठाकर फरार हो गया।

तीसरे आरोपी की तलाश में सर्च ऑपरेशन

डीएसपी जोगा सिंह ने बताया कि तीसरे संदिग्ध को पकड़ने के लिए दाना मंडी क्षेत्र की घेराबंदी की गई है। पुलिस बल झाड़ियों और आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान चला रहा है।

पुलिस का प्रयास है कि फरार संदिग्ध को जल्द गिरफ्तार किया जाए। पकड़े गए दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है, ताकि उनके साथियों और संभावित आपराधिक गतिविधियों के बारे में जानकारी जुटाई जा सके।

बीती रात की वारदात से भी जुड़ सकते हैं तार

प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि पकड़े गए संदिग्ध बीती रात इलाके में हुई किसी आपराधिक घटना में भी शामिल हो सकते हैं। हालांकि, इस संबंध में अभी अंतिम पुष्टि नहीं हुई है।

डीएसपी जोगा सिंह के मुताबिक, मामले की गहनता से जांच की जा रही है। आरोपियों से पूछताछ और अन्य सबूतों के आधार पर ही यह स्पष्ट होगा कि उनका किसी दूसरी वारदात से संबंध है या नहीं।

फिलहाल पुलिस फरार संदिग्ध की तलाश और पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।