डेली संवाद, लुधियाना। Firing in Punjab: लुधियाना जिले के कस्बा मुल्लांपुर में देर रात गोली मारकर हत्या की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। गांव खंजरवाल जाने वाले रास्ते पर सफेद रंग की i20 कार में सवार व्यक्ति पर गोलियां चला दी गईं। गोली लगने के बाद कार अनियंत्रित होकर एक खंभे से टकरा गई और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, हमलावर वरना कार में सवार होकर आए थे। हालांकि अभी तक आरोपियों की पहचान नहीं हो सकी है।
माजरी जाते समय किया हमला
मृतक की पहचान भुंदड़ी निवासी लाडी खान के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि लाडी खान सफेद रंग की i20 कार में सवार होकर गांव माजरी की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में हमलावरों ने उनकी कार को निशाना बनाकर गोलियां चला दीं। गोलीबारी के बाद कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे खंभे से जा टकराई। घटना के समय कार में एक अन्य व्यक्ति भी मौजूद था।
उसकी पहचान माजरी निवासी रोहित उर्फ बिल्ला के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि अंधेरा होने का फायदा उठाकर रोहित मौके से भाग निकला और अपनी जान बचाने में सफल रहा। पुलिस अब उससे भी पूछताछ कर रही है, ताकि वारदात से जुड़ी अहम जानकारी हासिल की जा सके।

मौके पर पहुंची पुलिस टीम
गोलीकांड की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। SP (D) स्वर्णजीत सिंह और थाना प्रभारी निर्मलजीत सिंह पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की।
पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की जा रही है।
CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस ने हमलावरों की पहचान और उनके आने-जाने के रास्ते का पता लगाने के लिए आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। घटना के बाद आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस अधिकारियों ने अलग-अलग टीमें गठित की हैं।
पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हमलावर किस दिशा से आए थे और वारदात को अंजाम देने के बाद किस रास्ते से फरार हुए। फिलहाल हत्या के कारण और हमले के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आरोपियों की पहचान के लिए CCTV फुटेज समेत अन्य सुराग जुटाए जा रहे हैं।