डेली संवाद, लुधियाना। Firing News: लुधियाना (Ludhiana) में DIG ऑफिस के ठीक सामने एक व्यक्ति पर कथित तौर पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि कुछ युवकों ने पहले व्यक्ति के साथ मारपीट की और उसकी कार के शीशे तोड़ दिए। इसके बाद आरोपियों ने हवाई फायरिंग की और मौके से फरार हो गए।
घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें तीन युवक आपस में बातचीत करते हुए नजर आ रहे हैं। उनके पास एक सफेद स्विफ्ट कार भी खड़ी दिखाई दे रही है। मामले में चौकी कैलाश, थाना डिवीजन नंबर-8 की पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
10 साल पुराने जमीन विवाद को लेकर हुआ झगड़ा
शिकायतकर्ता सनी के मुताबिक, वह बुधवार दोपहर अपने दोस्त के साथ DIG ऑफिस आया था। उसने अपनी कार बाहर पार्क की और अंदर से हिसाब-किताब से संबंधित कुछ पर्चियां लेने चला गया। जब वह वापस बाहर आया तो वहां पहले से एक व्यक्ति और दो युवक मौजूद थे।
सनी ने आरोप लगाया कि युवकों ने उससे कहा कि उन्हें साथ वाली जमीन साफ करवानी है और वह उनके लोगों को रोक क्यों रहा है। इस बात को लेकर दोनों पक्षों में बहस शुरू हो गई। सनी के अनुसार, विवाद बढ़ने के बाद आरोपियों ने गली में आकर भी उससे बहस की।
सनी ने पुलिस को बताया कि जब उसने अपने लोगों को बुलाने की बात कही तो आरोपी जाते समय उस पर फायरिंग कर फरार हो गए। हालांकि गोली लगने से वह बाल-बाल बच गया।
जमीन को लेकर लंबे समय से चल रहा है विवाद
सनी का कहना है कि विवाद साथ वाली जमीन को लेकर है। आरोपियों का दावा है कि उन्होंने जमीन खरीदी है और वे उसकी सफाई करवाना चाहते हैं, जबकि सनी का कहना है कि संबंधित रास्ता उसकी जमीन का हिस्सा है और दूसरे पक्ष को वहां आने-जाने का अधिकार नहीं है।
शिकायतकर्ता के मुताबिक, उसने यह प्रॉपर्टी वर्ष 1988 में खरीदी थी। उसका कहना है कि जमीन को लेकर करीब 10 साल से विवाद चल रहा है और मामला अदालत में भी विचाराधीन है।
मौके पर डंडे लेकर खड़े थे लोग
घटना के एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि मौके पर सनी के साथ करीब 5-7 लोग डंडे लेकर खड़े थे। उसके अनुसार, जब एक व्यक्ति बाहर आया तो उस पर डंडे-सोटों से हमला करने की कोशिश की गई। इसके बाद आरोपी गाड़ी में बैठकर वहां से निकल गए और जाते समय हवाई फायर किया।
फिरोजपुर के व्यक्ति पर हमलावर भेजने का शक
सनी ने पुलिस को दी शिकायत में रणभीर सिंह निवासी गांव घिनीवाला, फिरोजपुर पर शक जताया है। उसका आरोप है कि रणभीर सिंह ने हमलावरों को उस पर हमला करने के लिए भेजा था। फिलहाल पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस CCTV फुटेज और अन्य तथ्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।