Skip to content

Punjab News: अंतरराष्ट्रीय दौरे के बाद स्पीकर संधवां ने पंजाब के लोगों की सेवा फिर से शुरू की

अंतरराष्ट्रीय संबंधों को मजबूत करने और दुनिया भर में बसे पंजाबियों के साथ संपर्क की कड़ियों को और मजबूत करने के उद्देश्य से किए गए अंतरराष्ट्रीय दौरों के बाद पंजाब विधानसभा के स्पीकर पंजाब के लोगों की सेवा के लिए फिर से स्वदेश लौट आए हैं।

Punjab News: अंतरराष्ट्रीय दौरे के बाद स्पीकर संधवां ने पंजाब के लोगों की सेवा फिर से शुरू की
Share Facebook X WhatsApp Telegram Email
View in ePaper

डेली संवाद, चंडीगढ़। Punjab News: अंतरराष्ट्रीय संबंधों को मजबूत करने और दुनिया भर में बसे पंजाबियों के साथ संपर्क की कड़ियों को और मजबूत करने के उद्देश्य से किए गए अंतरराष्ट्रीय दौरों के बाद पंजाब विधानसभा के स्पीकर कुलतार सिंह संधवां पंजाब के लोगों की सेवा के लिए फिर से स्वदेश लौट आए हैं।

अपने विदेश दौरे के बारे में बताते हुए स्पीकर संधवां ने साहिब श्री गुरु नानक देव जी के अनमोल दर्शन का उल्लेख किया। उन्होंने उस ऐतिहासिक प्रसंग को याद किया, जब गुरु जी ने बुरे लोगों को ‘यहीं बसे रहने’ और अच्छे लोगों को ‘उजड़ जाने’ के लिए कहा था।

जब भाई मरदाना जी ने इस गूढ़ रहस्य के बारे में पूछा तो गुरु जी ने समझाया कि यदि बुरे लोग एक स्थान पर टिके रहते हैं तो उनके बुरे कर्म वहीं तक सीमित रहते हैं, जबकि अच्छे लोग जहां भी जाते हैं, अपने साथ नेकी, भलाई और सेवा-भावना लेकर जाते हैं।

यह भी पढ़ें: पंजाब में 3000 करोड़ के GST घोटाले का पर्दाफाश, लोहा कारोबारियों समेत CA का नाम आया सामने

स्पीकर संधवां ने कहा, ‘‘इस महान विचारधारा से प्रेरित होकर पंजाब के बेटे-बेटियां आज अपनी मेहनत, हुनर और जज्बे के बल पर दुनिया के हर कोने में अपनी अलग पहचान बना रहे हैं। जहां भी कोई पंजाबी रहता है, वह हमारी भाषा, संस्कृति, विरासत और एकता के मूल्यों को अपने साथ रखता है और आगे बढ़ाता है।’’

इस अंतरराष्ट्रीय दौरे का उद्देश्य विभिन्न देशों की संसदीय प्रणालियों, लोकतांत्रिक ढांचों और कार्यप्रणाली को समझने के साथ-साथ विदेशों में बसे पंजाबी और सिख समुदाय के साथ जुड़कर उनकी जरूरतों, भावनाओं और चिंताओं को समझना था।

अंतरराष्ट्रीय दौरे के मुख्य पड़ाव :

बर्लिन, जर्मनी: क्षेत्रीय मुद्दों और प्रवासी भारतीयों की आशाओं एवं अपेक्षाओं पर चर्चा के लिए भारतीय उच्चायोग के अधिकारियों तथा पंजाबी समुदाय के सदस्यों के साथ मुलाकात की।

कुआलालंपुर, मलेशिया: पंजाब के साथ भावनात्मक, सांस्कृतिक और सामाजिक संबंधों को मजबूत करने के लिए सिख समुदाय के साथ विचार-विमर्श किया।

पेनांग, मलेशिया: पंजाबी समुदाय के कल्याण पर विचार-विमर्श करने और विभिन्न क्षेत्रों में आपसी सहयोग बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री श्री चो कोन येओ तथा उपमुख्यमंत्री जगदीप सिंह देव से मुलाकात की।

दक्षिण अफ्रीका: 67वें राष्ट्रमंडल संसदीय सम्मेलन में शिरकत की, जिसमें लोकतांत्रिक सिद्धांतों, संसदीय ढांचे और विश्व के विभिन्न प्रतिनिधियों के साथ अंतरराष्ट्रीय सहयोग पर चर्चा की गई।

कनाडा और अन्य देश: पंजाब के विकास और द्विपक्षीय संबंधों को बढ़ावा देने पर केंद्रित कई सामुदायिक कार्यक्रमों और उच्चस्तरीय बैठकों में हिस्सा लिया।

पंजाब में निवेश और रोजगार के अवसर बढ़ाना

इन देशों में हुए प्रमुख विचार-विमर्श का केंद्र पंजाब में निवेश और रोजगार के अवसर बढ़ाना, औद्योगिक एवं व्यापारिक सहयोग को प्रोत्साहित करना, सीधी अंतरराष्ट्रीय उड़ान संपर्क का विस्तार करना तथा राज्य की प्रगति में वैश्विक प्रवासी समुदाय की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना रहा।

स्पीकर संधवां ने कहा, ‘‘विदेशों में रह रहा पंजाबी समुदाय हमारी विरासत और संस्कृति का अनमोल हिस्सा है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मैं इस दौरे के दौरान प्राप्त अनुभवों, विचारों और रणनीतिक संपर्कों का पंजाब के हित में सार्थक उपयोग करने के लिए अपने वतन वापस आया हूं। हमारे प्रयास तीन निरंतर उद्देश्यों पर विशेष रूप से केंद्रित रहेंगे—विदेशों में पंजाब की आवाज को बुलंद रखना, प्रवासी समुदाय के साथ गहरे संबंध बनाए रखना और देश के लिए बेहतरी एवं खुशहाली लाना।’’