Skip to content

Punjab News: पंजाब में जमीन विवाद ने लिया खूनी रूप, व्यक्ति की गोली मारकर हत्या; एक घायल

पंजाब के अमृतसर जिले में ब्यास के नजदीक गांव गाजीवाल में शनिवार दोपहर जमीन विवाद को लेकर फायरिंग की सनसनीखेज घटना सामने आई है। इस दौरान डेरा ब्यास के एक सेवादार की गोली लगने से मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा सेवादार गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

Punjab News: पंजाब में जमीन विवाद ने लिया खूनी रूप, व्यक्ति की गोली मारकर हत्या; एक घायल
Share Facebook X WhatsApp Telegram Email
View in ePaper

डेली संवाद, अमृतसर। Punjab News: पंजाब के अमृतसर जिले में ब्यास के नजदीक गांव गाजीवाल में शनिवार दोपहर जमीन विवाद को लेकर फायरिंग की सनसनीखेज घटना सामने आई है। इस दौरान डेरा ब्यास के एक सेवादार की गोली लगने से मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा सेवादार गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

मृतक की पहचान मनजीत सिंह के रूप में हुई है, जबकि घायल सेवादार की पहचान दविंदर सिंह बताई जा रही है। घायल को उपचार के लिए बाबा बकाला साहिब के सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

खेती करने पहुंचे थे दोनों सेवादार, 3 से 4 लोगों ने की फायरिंग

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों सेवादार शनिवार को गांव गाजीवाल में जमीन पर खेती करने के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान 3 से 4 लोगों ने उन पर गोलियां चला दीं। फायरिंग में मनजीत सिंह को गोली लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दविंदर सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद घायल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं, वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई।

करीब 6 कनाल जमीन को लेकर चल रहा था विवाद

बताया जा रहा है कि गांव में करीब 6 कनाल जमीन को लेकर जौधबीर सिंह उर्फ जोधा के परिवार के साथ विवाद चल रहा था। इसी जमीन पर खेती करने को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद होने की बात सामने आई है। आशंका जताई जा रही है कि इसी विवाद के चलते सेवादारों पर फायरिंग की गई।

हालांकि, घटना के पीछे की असली वजह और फायरिंग में शामिल लोगों की भूमिका की पुलिस जांच कर रही है।

पुलिस ने शुरू की जांच, आरोपियों की भूमिका खंगाली जा रही

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस की ओर से मामले से जुड़े लोगों के बयान और अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि सभी कानूनी कार्रवाई पूरी होने के बाद मामले की विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी। फिलहाल इस वारदात ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है।