डेली संवाद, चंडीगढ़/नई दिल्ली। Punjab Election 2027 AAP Candidate List: पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने दिल्ली में पत्रकारों से बातचीत के दौरान उम्मीदवारों की पहली सूची को लेकर अहम जानकारी दी। पार्टी की ओर से 31 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे पहली सूची जारी किए जाने की बात सामने आई है।
उम्मीदवारों के चयन को लेकर दिल्ली में पार्टी की अहम बैठक हुई, जिसमें मुख्यमंत्री भगवंत मान और AAP के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल सहित वरिष्ठ नेताओं ने हिस्सा लिया। अब सभी की नजरें 31 अक्टूबर को होने वाली राजनीतिक मामलों की समिति (PAC) की बैठक पर टिकी हैं।
20 उम्मीदवारों के नाम आने की चर्चा
AAP की पहली सूची में कितने उम्मीदवारों के नाम शामिल होंगे, इसकी आधिकारिक संख्या अभी स्पष्ट नहीं है। हालांकि, राजनीतिक चर्चाओं और पार्टी सूत्रों के हवाले से करीब 20 उम्मीदवारों के नाम पहली सूची में आने की संभावना जताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि जिन मौजूदा विधायकों या हलका इंचार्ज के नामों पर पार्टी के भीतर ज्यादा विरोध नहीं है, उन्हें पहली सूची में जगह मिल सकती है।
यह भी पढ़ें: मैरिटन होटल को अवैध बताकर खाली करवाने वाले नगर निगम के अफसर हुए 'लाचार'
वहीं, 30 से 40 मौजूदा विधायकों के टिकट कटने की चर्चाएं भी चल रही हैं। हालांकि, इस संबंध में पार्टी की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
5 साल के काम के आधार पर मांगेंगे वोट
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि AAP सरकार ने पिछले पांच साल में पंजाब में जो विकास कार्य किए हैं, उन्हीं के आधार पर जनता से वोट मांगे जाएंगे।
उन्होंने कहा कि पार्टी पॉजिटिव पॉलिटिक्स करेगी और उम्मीदवारों का चयन लोगों से मिले फीडबैक और सर्वे के आधार पर किया जा रहा है। पार्टी यह भी देख रही है कि किस उम्मीदवार को जनता पसंद कर रही है और किसके खिलाफ नाराजगी है।
अकाली-भाजपा गठबंधन पर भी CM मान का बयान
अकाली दल और भाजपा के संभावित गठबंधन को लेकर भगवंत मान ने कहा कि इससे उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ता। उन्होंने दोनों दलों को लेकर तंज कसते हुए कहा कि अगर दोनों पार्टियां एक साथ आती हैं तो नशा मुक्त पंजाब का उनका एजेंडा कहां जाएगा?
मनीष सिसोदिया के प्रभारी बनने के बाद संगठन पर फोकस
AAP ने 2027 विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए पंजाब में संगठन को मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है। मनीष सिसोदिया को पंजाब का प्रभारी बनाए जाने के बाद हलका स्तर पर नियुक्तियों और संगठनात्मक बदलावों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
पार्टी की ओर से अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में नए हलका इंचार्ज नियुक्त किए गए हैं, ताकि चुनाव से पहले संगठन को जमीनी स्तर पर सक्रिय किया जा सके।
8 महीने में 19 विधानसभा हलकों में नियुक्त किए इंचार्ज
AAP ने फरवरी से अक्टूबर 2026 के बीच तीन चरणों में पंजाब के 19 विधानसभा हलकों में नए हलका इंचार्ज नियुक्त किए हैं।
5 फरवरी 2026: पहली सूची में 8 हलकों में नियुक्तियां।
21 अगस्त 2026: खरड़, चमकौर साहिब और बठिंडा देहाती में 3 नियुक्तियां।
अक्टूबर 2026: समाना, जालंधर नॉर्थ, पट्टी, फतेहगढ़ चूड़ियां, अमृतसर नॉर्थ, मजीठा, नवांशहर और शाहकोट में 8 नियुक्तियां।
अब उम्मीदवारों की पहली सूची को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं और टिकट के दावेदारों की नजरें 31 अक्टूबर की PAC बैठक पर टिकी हैं।