डेली संवाद, चंडीगढ़/लुधियाना/जालंधर। Punjab GST Fraud: पंजाब सरकार ने GST घोटाले के एक बड़े मामले का खुलासा किया है। राज्य के आबकारी एवं कर मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने खुलासा करते हुए कहा है कि जांच में करीब 429.30 करोड़ रुपये की GST धोखाधड़ी सामने आई है।
इस मामले में देश के विभिन्न राज्यों में सक्रिय 62 आपस में जुड़ी फर्मों की पहचान की गई है, जिनमें पंजाब की लगभग 25 फर्में शामिल हैं। मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशों के तहत राज्य के कर विभाग ने यह कार्रवाई की।
लुधियाना में FIR, जालंधर में छापेमारी
मामले में लुधियाना के थाना डिवीजन नंबर-4 में 13 अक्टूबर को FIR दर्ज की गई है। शिकायत में श्री बालाजी ट्रांसपोर्ट कंपनी के मालिक हर्ष थापर और उनके सहयोगियों सम्मी धीमान, जस समेत अन्य लोगों को आरोपी बनाया गया है। मामले की जांच संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत की जा रही है।
इस मामले में जालंधर और मंडी गोबिंदगढ़ के कुछ बड़े कारोबारी और ट्रांसपोर्टर के नाम भी आए हैं। इसे लेकर विभाग की टीम ने जालंधर के कुछ कारोबारी ठिकानों पर छापेमारी भी की है। सोढल इंडस्ट्रियल इलाके में एक बड़े ट्रांसपोर्टर का भी नाम इसमें जुड़ रहा है। फिलहाल पुलिस और जीएसटी विभाग संयुक्त रूप से जांच में जुट गई है।
2,410 करोड़ से अधिक राशि की जांच
वित्त मंत्री के मुताबिक, जांच में 2,410.22 करोड़ रुपये की कर योग्य राशि पर 429.30 करोड़ रुपये की GST धोखाधड़ी का आरोप सामने आया है। वहीं, एक ट्रांसपोर्ट कंपनी से जुड़े करीब 2,450 करोड़ रुपये के लेनदेन की जांच के दौरान इस नेटवर्क का पता चला।
जांच के दायरे में 62 फर्में आई हैं, जिनमें से लगभग 25 पंजाब में सक्रिय बताई गई हैं। विभाग यह पता लगाने में जुटा है कि फर्जी लेनदेन में कौन-कौन सी फर्में शामिल थीं और किन कारोबारियों ने इसका लाभ उठाया।
ई-वे बिल से खुला फर्जीवाड़े का राज
मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने बताया कि मामले की जांच 30 सितंबर को शुरू हुई थी। उस दिन राज्य कर विभाग की खुफिया एवं रोकथाम इकाई ने दिल्ली से पंजाब आ रहे माल से लदे एक वाहन को रोका।
वाहन के ई-वे बिल और अन्य बिलों में माल की आपूर्ति पंजाब की तीन फर्मों को दिखायी गई थी। हालांकि, संबंधित फर्मों ने माल का ऑर्डर देने और खरीदने से इनकार कर दिया।
इसके बाद कर विभाग ने ई-वे बिल के रिकॉर्ड और संबंधित आंकड़ों की जांच की। जांच के दौरान फर्जी दस्तावेजों के जरिए माल की ढुलाई और लेनदेन से जुड़े नेटवर्क का पता चला।
ट्रांसपोर्ट कंपनी के मालिक समेत कई लोगों पर FIR
इस मामले में लुधियाना के थाना डिवीजन नंबर-4 में 13 अक्टूबर को FIR दर्ज की गई है। इसमें श्री बालाजी ट्रांसपोर्ट कंपनी के मालिक हर्ष थापर और उनके सहयोगियों सम्मी धीमान, जस समेत अन्य लोगों को आरोपी बनाया गया है।
मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) और केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर अधिनियम (CGST Act) की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है। आरोपों की पुष्टि और प्रत्येक आरोपी की भूमिका का निर्धारण जांच के बाद होगा।
पुलिस को सौंपी गई आपराधिक जांच
वित्त मंत्री ने बताया कि GST धोखाधड़ी से जुड़े पूरे नेटवर्क की आपराधिक जांच पुलिस को सौंप दी गई है। कर विभाग को नेटवर्क से जुड़े लाभार्थी कारोबारियों की जांच करने और कथित तौर पर अनुचित तरीके से लिए गए इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) का आकलन करने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके अलावा, जांच के आधार पर बकाया टैक्स, ब्याज और जुर्माने की वसूली की प्रक्रिया भी की जाएगी। सूत्र बता रहे हैं कि लुधियाना में एफआईआर दर्ज होने के बाद पुलिस और जीएसटी की टीम ने जालंधर के कुछ कारोबारियों के ठिकानों पर भी छापेमारी की है।
जालंधर के कारोबारी का लाखों का जुर्माना
पता चला है कि इंडस्ट्रियल इलाके का एक बड़ा ट्रांसपोर्टर और कुछ लोहा कारोबारी इसमें शामिल हैं। फिलहाल विभागीय अधिकारियों ने अभी तक किसी का नाम नहीं बताया है। सूत्र बताते हैं कि कारोबारियों पर करोड़ों रुपए का जुर्माना ठोका गया है। इसमें इन कारोबारियों को जेल भी हो सकती है।
फिलहाल मामले को रफा दफा करने के लिए सियासी दबाव भी शुरू हो गया है। अब देखना यह है कि जालंधर के कारोबारियों और ट्रांसपोर्टर के खिलाफ एफआईआर दर्ज होती है या फिर लाखों रुपए देकर सैटिंग होगी? फिलहाल इस मामले में विभाग का कोई भी अधिकारी बोलने को तैयार नहीं है।
टैक्स चोरी करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई: चीमा
हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि पंजाब सरकार टैक्स चोरी के मामलों में सख्त कार्रवाई के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने स्पष्ट किया कि फर्जी बिलिंग और GST धोखाधड़ी में शामिल पाए जाने वालों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
इस मामले में आगे की जांच से कथित नेटवर्क से जुड़ी फर्मों, लेनदेन और इनपुट टैक्स क्रेडिट के उपयोग के बारे में अधिक जानकारी सामने आने की उम्मीद है।