जालंधर ग्रामीण के नए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) हरकमलप्रीत सिंह खख ने पदभार संभालते ही जिले में कानून-व्यवस्था मजबूत करने के लिए नाइट डोमिनेशन अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस टीमों ने विभिन्न इलाकों में नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहनों और लोगों की तलाशी ली। अभियान के तहत जिले के मुख्य रास्तों, संवेदनशील इलाकों और आने-जाने वाले मार्गों पर विशेष निगरानी रखी गई।
SSP ने लांबड़ा थाने का किया औचक निरीक्षण
SSP हरकमलप्रीत सिंह खख ने सिटी सर्विलांस प्लान के तहत थाना लांबड़ा का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाने के कामकाज, पुलिस रिकॉर्ड, सुरक्षा इंतजाम और कर्मचारियों की तैनाती की जांच की।
उन्होंने पुलिसकर्मियों को ड्यूटी के दौरान पूरी सतर्कता बरतने और पेशेवर तरीके से काम करने के निर्देश दिए। साथ ही आम लोगों के साथ विनम्र व्यवहार करने और उनकी शिकायतों को गंभीरता से सुनने की हिदायत भी दी।
SP और DSP स्तर के अधिकारियों ने भी जांचे पुलिस थाने
नाइट डोमिनेशन अभियान के साथ-साथ जिले के SP और DSP स्तर के अधिकारियों ने विभिन्न पुलिस थानों का निरीक्षण किया।
SP (Investigation) विनीत अहलावत ने नूरमहल थाने का निरीक्षण किया।
SP (Headquarters) तेजबीर सिंह हुंदल ने लांबड़ा थाने की जांच की।
SP (PBI) गुरप्रीत सिंह गिल ने शाहकोट थाने का निरीक्षण किया।
DSP अधिकारियों ने संभाली अलग-अलग थानों की जिम्मेदारी
अभियान के तहत DSP स्तर के अधिकारियों ने भी अलग-अलग पुलिस थानों का निरीक्षण किया।
DSP (Headquarters) कुलदीप सिंह ने गोराया थाने की जांच की।
DSP (Investigation) लखविंदर सिंह ने लोहियां और मेहतपुर थानों का निरीक्षण किया।
DSP (CAW) तरजिंदर सिंह ने भोगपुर थाने की जांच की।
DSP नरिंदर सिंह ने करतारपुर और मकसूदां थानों का निरीक्षण किया।
DSP परमिंदर सिंह ने आदमपुर और पतारा थानों की जांच की।
DSP बिट्टन कुमार ने फिल्लौर और बिलगा थानों का निरीक्षण किया।
DSP सरवण सिंह ने सिटी नकोदर और सदर नकोदर थानों की जांच की।
रात की गश्त और नाकाबंदी आगे भी रहेगी जारी
SSP हरकमलप्रीत सिंह खख ने कहा कि जिले के लोगों को सुरक्षित माहौल उपलब्ध करवाना पुलिस की प्राथमिकता है। इसके लिए रात के समय गश्त, नाकाबंदी और औचक निरीक्षण लगातार जारी रहेंगे।
उन्होंने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी जिम्मेदारी और सतर्कता के साथ ड्यूटी निभाई जाए।
पुलिस का उद्देश्य जिले में अपराध पर नियंत्रण रखना, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखना और आम लोगों में सुरक्षा का विश्वास मजबूत करना है।