Skip to content

Patiala Municipal Election: पटियाला नगर निगम चुनाव में हंगामा, वार्ड नंबर-44 में AAP और अकाली दल के कार्यकर्ता आमने-सामने; धक्केशाही और मारपीट के आरोप

पटियाला नगर निगम चुनाव के दौरान वार्ड 44 में AAP और अकाली दल के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। अकाली दल ने मारपीट और धक्केशाही के आरोप लगाए। पटियाला, बाघापुराना और धर्मकोट के 52 वार्डों में दोबारा मतदान।

Patiala Municipal Election: पटियाला नगर निगम चुनाव में हंगामा, वार्ड नंबर-44 में AAP और अकाली दल के कार्यकर्ता आमने-सामने; धक्केशाही और मारपीट के आरोप
Share Facebook X WhatsApp Telegram Email
View in ePaper

डेली संवाद, पटियाला (संजय वर्मा)। Patiala Municipal Election: पंजाब में नगर निकाय चुनाव के दौरान पटियाला में माहौल तनावपूर्ण हो गया। पटियाला नगर निगम के वार्ड नंबर-44 में आम आदमी पार्टी (AAP) और शिरोमणि अकाली दल के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। अकाली दल के कार्यकर्ताओं ने AAP वर्करों पर धक्केशाही और मारपीट करने के आरोप लगाए हैं।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन अलर्ट हो गया और एसपी सिटी मोहित अग्रवाल मौके पर पहुंचे। इस दौरान अकाली दल के नेताओं ने एसपी सिटी से मुलाकात कर उन्हें पूरी घटना की जानकारी दी। एसपी ने अकाली दल के कार्यकर्ताओं से कहा कि यदि उनके साथ धक्केशाही या मारपीट हुई है तो वे तुरंत पुलिस को शिकायत दें।

उन्होंने स्पष्ट किया कि हिंसा की घटना किसी गली-मोहल्ले में हुई है, न कि किसी मतदान बूथ के पास। एसपी सिटी ने यह भी कहा कि बूथ के आसपास अनावश्यक भीड़ इकट्ठी करके मतदाताओं या किसी अन्य व्यक्ति को प्रभावित करने की कोशिश करना गलत है।

पटियाला समेत 3 नगर निकायों में दोबारा मतदान

पंजाब में सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद पटियाला नगर निगम, मोगा जिले की बाघापुराना नगर काउंसिल और धर्मकोट नगर काउंसिल के कुल 52 वार्डों में दोबारा मतदान करवाया जा रहा है।

यह भी पढ़ें: फगवाड़ा-चंडीगढ़ हाईवे पर North Wood प्रोजैक्ट के खिलाफ विजीलैंस ब्यूरो में शिकायत

राज्य चुनाव आयोग की ओर से मतदान के लिए सभी तैयारियां पूरी की गई हैं। तीनों निकायों में कुल 150 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं, जहां करीब 1.76 लाख मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर रहे हैं।

इनमें 91,415 पुरुष, 84,999 महिलाएं और 15 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। मतदान सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक निर्धारित किया गया है।

पटियाला नगर निगम: 30 वार्डों में 1.50 लाख मतदाता

पटियाला नगर निगम के 30 वार्डों में दोबारा मतदान करवाया जा रहा है। यहां कुल 1,49,768 मतदाता अपने वोट का इस्तेमाल करेंगे।

इनमें 77,419 पुरुष, 72,338 महिला और 11 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं। चुनाव के लिए कुल 123 पोलिंग बूथ स्थापित किए गए हैं। इन बूथों पर ईवीएम की रेंडमाइजेशन प्रक्रिया भी पूरी कर ली गई है।

मतदान की निगरानी पंजाब राज्य चुनाव आयोग की ओर से नियुक्त ऑब्जर्वर और IAS अधिकारी डॉ. सेनू दुग्गल कर रही हैं।

सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर हो रहा दोबारा मतदान

दरअसल, वर्ष 2024 में हुए नगर निगम चुनाव के बाद भाजपा ने चुनाव में धांधली के आरोप लगाते हुए सुप्रीम कोर्ट का रुख किया था। मामले से जुड़े सबूतों पर विचार करने के बाद अदालत ने पटियाला नगर निगम के 30 वार्डों में दोबारा मतदान कराने का आदेश दिया था।

बाघापुराना नगर काउंसिल: सभी 15 वार्डों में वोटिंग

मोगा जिले की बाघापुराना नगर काउंसिल के सभी 15 वार्डों में मतदान करवाया जा रहा है। वार्ड नंबर 1 से 15 तक चुनाव के लिए 20 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं।

यहां सबसे ज्यादा 62 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। जिला प्रशासन की ओर से निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान करवाने के लिए जरूरी प्रबंध किए गए हैं।

DC सागर सेतिया ने बताया कि चुनाव प्रक्रिया राज्य चुनाव आयोग के निर्देशों के अनुसार पूरी करवाई जा रही है। उन्होंने मतदाताओं से अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने की अपील भी की।

धर्मकोट नगर काउंसिल: 7 वार्डों में मतदान

मोगा जिले की धर्मकोट नगर काउंसिल के 7 वार्डों में भी दोबारा मतदान करवाया जा रहा है। इनमें वार्ड नंबर 1, 2, 3, 4, 7, 9 और 13 शामिल हैं।

इन वार्डों में मतदान के लिए 7 पोलिंग बूथ स्थापित किए गए हैं। यहां कुल 30 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।

चुनाव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से पूरी हो सके।

Watch on Daily Samvad