जालंधर/रुद्रपुर: उत्तराखंड के रुद्रपुर स्थित गदरपुर में जालंधर के एक रिटायर्ड कर्नल के परिवार के साथ लूट और बदसलूकी का मामला सामने आया है। आरोप है कि शादी समारोह से लौट रहे परिवार के सदस्यों की कार को बदमाशों ने रास्ता पूछने के बहाने रुकवाया। इसके बाद आरोपियों ने कार सवार युवक को बाहर खींचने की कोशिश की और विरोध करने पर उसका पीछा किया। बदमाशों ने गोली मारने की धमकी देकर कार में तोड़फोड़ की और रिटायर्ड कर्नल के बेटे की सोने की चेन छीन ली। कार में मौजूद महिलाओं के साथ भी बदसलूकी करने का आरोप है।
शादी समारोह से लौट रहा था परिवार
जालंधर निवासी रिटायर्ड कर्नल साधु सिंह बाजवा ने रुद्रपुर पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अपनी पत्नी, बेटे, बेटी, बहू और साली के साथ गदरपुर के गांव केशवगढ़ में शादी समारोह में शामिल होने गए थे। समारोह के बाद वह पहले ही वापस लौट आए, जबकि उनका बेटा सुखमन सिंह अन्य परिजनों के साथ कार से जालंधर लौट रहा था।
रास्ता पूछने के बहाने रुकवाई कार
शिकायत के मुताबिक, शुक्रवार रात करीब 11:25 बजे बिगवाड़ा गेट के पास कुछ लोगों ने रास्ता पूछने के बहाने सुखमन सिंह की कार रुकवा ली। आरोप है कि जब सुखमन ने रास्ता बताने से इनकार किया तो पवन नाम के युवक ने अपने साथियों को बुलाना शुरू कर दिया। इस दौरान युवक का हाथ पकड़कर उसे कार से बाहर खींचने की कोशिश भी की गई।
बाइक और स्कूटी से किया पीछा, गोली मारने की धमकी
परिवार की शिकायत के अनुसार, किसी तरह वहां से निकलने के बाद आरोपियों ने बाइक और स्कूटी से कार का पीछा किया। खुद को खतरे में देखकर सुखमन सिंह ने कार गुरुद्वारे की तरफ मोड़ दी और अपने साथ मौजूद परिजनों को सुरक्षित निकालने की कोशिश की।
आरोप है कि प्रबल ग्रीन के गेट के पास बदमाशों ने कार को घेर लिया। इस दौरान गोली मारने की धमकी दी गई और कार में तोड़फोड़ की गई। आरोपियों ने कार चला रहे सुखमन सिंह की सोने की चेन छीन ली। साथ ही कार में मौजूद महिलाओं के साथ बदसलूकी करने का भी आरोप लगाया गया है।
पुलिस ने शिकायत लेकर शुरू की जांच
गदरपुर थाने के सीओ (प्रभारी) विभव सैनी के मुताबिक, परिवार की ओर से सोने की चेन छीनने और महिलाओं के साथ बदसलूकी की शिकायत दी गई है। पुलिस ने शिकायत प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आरोपियों की पहचान नहीं हो पाई है।
CCTV फुटेज से आरोपियों की तलाश करेगी पुलिस
पुलिस के अनुसार, घटनास्थल का निरीक्षण किया जाएगा और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपियों का सुराग जुटाया जाएगा। पुलिस ने परिवार को जल्द आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी का इंतजार है।