डेली संवाद, जालंधर (पंकज राय)। Jalandhar News: पंजाब में साल 2027 में हाेने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर सत्ताधारी आम आदमी पार्टी ने सबसे पहले टिकटों का वितरण करके सियासी हलचल मचा दी है। बावजूद इसके सूबे में अहम माने जाते जालंधर शहर में आप के अंदरूनी हालात ठीक नहीं हैं।
जालंधर के चार में से तीन शहरी हलके में टिकट की घोषणा हो चुकी है, नतीजन जालंधर नॉर्थ से मेयर वनीत धीर, कैंट से दीपक बाली और सेंट्रल हलके से नितिन कोहली ने चुनाव प्रचार शुरू कर दिया है। बावजूद इसके जिले से एकमात्र मंत्री होने के नाते सबसे हॉट सीट होने के बावजूद जालंधर वेस्ट हलका में आप की सियासी जमीन खिसकती नजर आ रही है।
आम आदमी पार्टी ने अब तक अधिकांश मंत्री के टिकट की घोषणा नहीं की है, शायद इसी कड़ी में मंत्री मोहिंदर भगत का भी सियासी इंतजार लंबा होता जा रहा है। लेकिन इस चक्कर में पार्टी वर्करों का हौसला जवाब देने लगा है। तभी तो कैबिनेट मंत्री के शक्ति प्रदर्शन में गिनती के लोग पहुंचे। माना यही जा रहा है कि मोहिंदर भगत को टिकट नहीं मिलेगी।
कतार में हैं कई दावेदार
इसके कारण ही हलके में AAP की टिकट के कई दावेदार बन गए हैं। कई सार्वजनिक मंचों पर इस बात को लेकर मोहिंदर भगत के समर्थकों की रॉबिन सांपला से कई बार अदावत भी हो चुकी है। इस बीच खास बात है कि हाल ही में बगैर टिकट मिले मोहिंदर भगत ने वीर बबरीक चौक पर चुनावी दफ्तर का उदघाटन किया।
उदघाटन कार्यकम में रॉबिन सांपला का नहीं दिखना तो गंवारा था, लेकिन हलका से ही गो सेवा बोर्ड के वाइस चेयरमैन कीमती भगत, सुभाष गोरिया, करीबी पार्षद हरजिंदर सिंह लाडा सहित वार्ड इंचार्ज सहित अधिकांश चेहरे नदारद थे, जो वेस्ट हलका में मोहिंदर भगत के सियासी दुश्मनों को हौसला देने के लिए काफी है।
टिकट तो मिला नहीं, समर्थक भी रहे नदारद
वेस्ट हलका से मोहिंदर भगत को पार्टी का टिकट मिले बगैर ही चुनावी दफ्तर का उदघाटन तो पार्टी से ज्यादा विरोधियों को मुद्दा दे गया। कारण लंबे समय से हलका के लोग मंत्री के अर्बन एस्टेट वाली कोठी में दरबार लगाने से कतराते रहे हैं। रही-सही कसर समर्थकों ने पूरी कर दी, जो अगले ही दिन आप को छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए।
कुल मिलाकर हलके में चर्चा यही है कि भाजपा से आकर वेस्ट हलका से उपचुनाव में जीत हासिल कर मंत्री बनने में कामयाब रहने वाले मोहिंदर भगत की सियासी जमीन उनके ही परिवार के युवाओं की मैनेज पॉलिटिक्स के नए-नए पैंतरों ने हाशिए पर लाने में कोई कसर नहीं छोड़ी है।
रिस्क नहीं लेना चाहती पार्टी
ऐसे माहौल में पार्टी के कई पार्षद और वार्ड इंचार्ज तो नाराज हैं ही इसकी धमक पार्टी के ही एक विधायक के भ्रष्टाचार के आरोप में जेल जाने के दौरान दिल्ली दरबार तक भी पहुंच गई थी। शायह यही वजह हो जब मोहिंदर भगत के नाम की घोषणा से पहले आप की सीनियर लीडरशिप सूबे की सत्ता पर दोबारा वापसी के गेम में कोई रिस्क लेना नहीं चाहते हाें।
फिलहाल मोहिंदर भगत की उम्मीदवारी को लेकर पार्टी की ओर से कोई अंतिम आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। ऐसे में आने वाले दिनों में यह देखना दिलचस्प होगा कि आम आदमी पार्टी जालंधर वेस्ट में मौजूदा मंत्री पर भरोसा जताती है या किसी नए चेहरे को चुनावी मैदान में उतारती है।