Skip to content

Punjab News: पंजाब की 520 गौशालाओं को मिलेंगे 100 करोड़ रुपये, मुख्यमंत्री भगवंत मान ने अनुदान को दी मंजूरी

पंजाब की 520 पंजीकृत गौशालाओं के लिए मुख्यमंत्री भगवंत मान ने 100 करोड़ रुपये के अनुदान को मंजूरी दी। करीब 2.20 लाख गोवंश को मिलेगा लाभ।

Punjab News: पंजाब की 520 गौशालाओं को मिलेंगे 100 करोड़ रुपये, मुख्यमंत्री भगवंत मान ने अनुदान को दी मंजूरी
Share Facebook X WhatsApp Telegram Email
View in ePaper

डेली संवाद, चंडीगढ़। Punjab News: पंजाब की गौशालाओं और बेसहारा गोवंश की देखभाल के लिए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने बड़ा फैसला लिया है। मुख्यमंत्री ने राज्य की 520 पंजीकृत गौशालाओं के लिए 100 करोड़ रुपये का अनुदान जारी करने की मंजूरी दे दी है। पंजाब के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री और आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अमन अरोड़ा ने चंडीगढ़ में पंजाब भवन में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान यह जानकारी दी।

अमन अरोड़ा के मुताबिक, मंजूर की गई 100 करोड़ रुपये की राशि अगले दो से तीन दिनों में संबंधित गौशालाओं के खातों में ट्रांसफर कर दी जाएगी। इस वित्तीय सहायता से राज्य की गौशालाओं में रह रहे लगभग 2.20 लाख गोवंश को लाभ मिलेगा।

गौशालाओं को मिलेगी सहायता

अमन अरोड़ा ने बताया कि पंजाब में पहली बार शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों की सभी पंजीकृत गौशालाओं को वित्तीय सहायता के दायरे में शामिल किया गया है। इस योजना के तहत 520 संस्थानों में 500 पंजीकृत गौशालाएं और 20 सरकारी कैटल पॉन्ड शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि पहले सरकारी वित्तीय सहायता केवल शहरी क्षेत्रों की 228 गौशालाओं तक सीमित थी, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित 272 गौशालाओं को इस प्रकार की सहायता नहीं मिलती थी। अब सरकार ने ग्रामीण और शहरी गौशालाओं के बीच इस अंतर को खत्म करते हुए सभी पंजीकृत गौशालाओं को अनुदान देने का फैसला किया है।

चारे और पशुओं के इलाज पर खर्च होगी अनुदान राशि

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि 100 करोड़ रुपये की इस वित्तीय सहायता से गौशाला प्रबंधकों को पशुओं के लिए पौष्टिक चारा, दवाइयां, इलाज और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध करवाने में मदद मिलेगी। इससे गौशालाओं में रखे गए बेसहारा गोवंश की देखभाल और सुरक्षा को बेहतर बनाने में सहायता मिलेगी।

यह भी पढ़ें: लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में छात्रा से रेप! गुस्साए छात्रों ने किया जमकर हंगामा, आगजनी

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार पशु कल्याण के लिए काम करने वाली संस्थाओं और गौशाला प्रबंधकों को सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है।

100 करोड़ रुपये के पुराने बिजली बिल भी किए माफ

अमन अरोड़ा ने बताया कि पंजाब सरकार ने गौशालाओं को पहले भी वित्तीय राहत दी है। सरकार द्वारा गौशालाओं के पुराने करीब 100 करोड़ रुपये के बिजली बिल माफ किए गए हैं। इसके अलावा गौशालाओं को बिजली खर्चों से छूट भी प्रदान की गई है।

उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य गौशालाओं को आर्थिक रूप से सहयोग देना है, ताकि वे पशुओं के लिए चारा, स्वास्थ्य सुविधाएं और बेहतर देखभाल की व्यवस्था कर सकें।

गौ रक्षा संगठनों की मांग के बाद लिया गया फैसला

मंत्री अमन अरोड़ा ने बताया कि विभिन्न गौ रक्षा दलों और गौशाला एसोसिएशनों के प्रतिनिधियों ने हाल ही में मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान से मुलाकात कर अपनी समस्याओं और जरूरतों से अवगत करवाया था। मुख्यमंत्री ने उनकी मांगों पर विचार करते हुए गौशालाओं को वित्तीय सहायता देने के निर्देश दिए।

अमन अरोड़ा ने कहा कि पंजाब सरकार 'सरबत दे भले' के सिद्धांत पर काम कर रही है, जिसमें समाज के हर वर्ग के साथ-साथ प्रत्येक जीव के कल्याण और देखभाल को महत्व दिया जाता है। उन्होंने गौ भक्तों, स्वयंसेवकों और सामाजिक संस्थाओं के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि सरकार पशुधन की सुरक्षा और देखभाल के लिए काम करने वाली संस्थाओं को हर संभव सहयोग देती रहेगी।

Watch on Daily Samvad