Skip to content

मालेरकोटला में ऑनलाइन सुअर के मांस की डिलीवरी पर विवाद, मुस्लिम समुदाय ने किया स्टिंग; पुलिस को दी शिकायत

मालेरकोटला में ऑनलाइन सुअर के मांस की डिलीवरी पर विवाद, मुस्लिम समुदाय ने किया स्टिंग; पुलिस को दी शिकायत
Share Facebook X WhatsApp Telegram Email
View in ePaper

मालेरकोटला। पंजाब के मालेरकोटला में ऑनलाइन सुअर के मांस की डिलीवरी को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। प्रतिबंध के बावजूद कथित तौर पर सुअर का मांस ऑनलाइन बेचे जाने का मामला सामने आने के बाद स्थानीय लोगों और मुस्लिम समुदाय के सदस्यों ने विरोध जताया। सामाजिक कार्यकर्ता वसीम शेख ने कुछ लोगों के साथ मिलकर मामले का स्टिंग ऑपरेशन किया और ऑनलाइन फूड डिलीवरी के जरिए मांस का ऑर्डर दिया।

जानकारी के मुताबिक, ऑर्डर करने के कुछ ही समय बाद डिलीवरी बॉय मांस लेकर पहुंच गया। इस दौरान वसीम शेख ने उससे मांस के स्रोत के बारे में पूछा। डिलीवरी बॉय ने कथित तौर पर बताया कि मांस मालेरकोटला से ही उपलब्ध कराया गया है। इसके बाद मौके पर मौजूद लोगों ने आपत्ति जताई और सिटी एसएचओ को बुलाकर मामले की शिकायत दी।

पुलिस ने शिकायत लेकर शुरू की जांच

मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने लोगों की शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि फूड डिलीवरी कंपनी या किसी स्टोर पर सीधे छापेमारी करने के लिए संबंधित अनुमति जरूरी है। आवश्यक परमिशन मिलने के बाद फूड विभाग के साथ मिलकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

कार्रवाई नहीं हुई तो शहर में जाम लगाने की चेतावनी

स्थानीय लोगों का आरोप है कि मालेरकोटला में सुअर और गोमांस की बिक्री पर प्रतिबंध होने के बावजूद कुछ लोग कथित तौर पर चोरी-छिपे ऑनलाइन डिलीवरी कर रहे हैं। लोगों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन ने जल्द कार्रवाई नहीं की तो पूरे शहर में जाम लगाया जाएगा। फिलहाल पुलिस और संबंधित विभाग की जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Watch on Daily Samvad