Skip to content

Punjab News: पंजाब में 10 लाख नए परिवारों को मिलेगा राशन का लाभ, CM भगवंत मान ने शुरू की स्मार्ट राशन कार्ड योजना; 'मेरी रसोई' किट भी बांटी

पंजाब में CM भगवंत मान ने 10 लाख नए लाभार्थियों के लिए स्मार्ट राशन कार्ड योजना शुरू की। मेरी रसोई किट में दाल, चीनी, नमक, हल्दी और सरसों का तेल मिलेगा। प्रति सदस्य 5 किलो मुफ्त गेहूं भी मिलेगा।

Punjab News: पंजाब में 10 लाख नए परिवारों को मिलेगा राशन का लाभ, CM भगवंत मान ने शुरू की स्मार्ट राशन कार्ड योजना; 'मेरी रसोई' किट भी बांटी
Share Facebook X WhatsApp Telegram Email
View in ePaper

डेली संवाद, चंडीगढ़/मोगा। Punjab News: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने राज्य के 10 लाख नए लाभार्थियों तक खाद्य सुरक्षा का लाभ पहुंचाने के लिए स्मार्ट राशन कार्ड योजना की शुरुआत की। इस अवसर पर आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने नए लाभार्थियों को 'मेरी रसोई' राशन किट वितरित कीं। सरकार के अनुसार, इस योजना के तहत योग्य परिवारों को मुफ्त गेहूं के साथ जरूरी खाद्य सामग्री भी उपलब्ध करवाई जाएगी।

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि पंजाब सरकार ने बिना रिश्वत, सिफारिश और राजनीतिक हस्तक्षेप के योग्य परिवारों का चयन करने के लिए डिजिटल और पारदर्शी प्रक्रिया अपनाई है। सरकार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि खाद्य सुरक्षा का लाभ केवल वास्तविक जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचे।

19.25 लाख आवेदन मिले

मुख्यमंत्री ने बताया कि जुलाई में शुरू किए गए विशेष अभियान के दौरान कुल 19.25 लाख ऑनलाइन आवेदन प्राप्त हुए थे। लोगों ने सेवा केंद्रों, कॉमन सर्विस सेंटरों (CSC) और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से आवेदन किया था।

इसके बाद जिला प्रशासन की ओर से घर-घर जाकर सत्यापन किया गया। योग्य परिवारों की पहचान के लिए डिजिटल डेटा और निष्पक्ष अंक प्रणाली का इस्तेमाल किया गया। इसी प्रक्रिया के आधार पर 10 लाख नए लाभार्थियों को योजना में शामिल किया जा रहा है।

'मेरी रसोई' किट में मिलेंगी ये 5 जरूरी चीजें

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने नए राशन कार्ड धारकों के लिए विशेष 'मेरी रसोई' राशन किट की घोषणा की। इस किट में निम्नलिखित खाद्य सामग्री शामिल होगी:

  • 2 किलो दालें

  • 2 किलो चीनी

  • 1 किलो नमक

  • 200 ग्राम हल्दी

  • 1 लीटर सरसों का तेल

इसके अलावा लाभार्थियों को राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (NFSA) के तहत मुफ्त गेहूं का लाभ भी मिलता रहेगा।

हर सदस्य को मिलेगा 5 किलो मुफ्त गेहूं

मुख्यमंत्री ने बताया कि नए राशन कार्ड धारकों को ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी करने के बाद राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत प्रति सदस्य प्रति माह 5 किलो मुफ्त गेहूं दिया जाएगा।

यह भी पढ़ें: लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में छात्रा से रेप! गुस्साए छात्रों ने किया जमकर हंगामा, आगजनी

उन्होंने लाभार्थियों से अपील की कि वे अपने नजदीकी राशन डिपो या अधिकृत डीलर के पास जाकर परिवार के प्रत्येक सदस्य की ई-केवाईसी जल्द पूरी करवाएं, ताकि राशन मिलने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

पंजाब में पहले से 1.36 करोड़ लाभार्थी

मुख्यमंत्री भगवंत मान के अनुसार, राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम-2013 के तहत पंजाब में फिलहाल 39.73 लाख परिवारों के लगभग 1.36 करोड़ लाभार्थी शामिल हैं। अब 10 लाख नए लाभार्थियों को जोड़ने के लिए स्मार्ट राशन कार्ड योजना शुरू की गई है।

SMS और IVRS से मिलेगी लाभार्थियों को जानकारी

मुख्यमंत्री ने बताया कि अंतिम लाभार्थी सूची में शामिल परिवारों को उनके पंजीकृत मोबाइल नंबरों पर SMS भेजे जा रहे हैं। इसके अलावा IVRS संदेश और पत्रों के माध्यम से भी चयन की जानकारी दी जा रही है।

लाभार्थी अपने आवेदन नंबर की मदद से उसी पोर्टल पर लॉगिन करके आवेदन की स्थिति भी चेक कर सकते हैं, जहां से उन्होंने आवेदन किया था।

सफल आवेदकों के राशन कार्डों को ऑनलाइन राशन वितरण प्रणाली से जोड़ने की प्रक्रिया भी जारी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य राज्य के गरीब और जरूरतमंद परिवारों को खाद्य सुरक्षा उपलब्ध करवाना है।