Skip to content

Jalandhar News: जालंधर नॉर्थ में विकास कार्यों के जरिए मजबूत हो रही मेयर वनीत धीर की पकड़, उद्योगपतियों और युवाओं का मिल रहा समर्थन

सड़कों, पार्कों और सीवरेज व्यवस्था में सुधार पर फोकस, हाईमास्ट लाइटों से जगमगाएंगे चौक और पार्क; हर वार्ड तक विकास पहुंचाने का दावा

Jalandhar News: जालंधर नॉर्थ में विकास कार्यों के जरिए मजबूत हो रही मेयर वनीत धीर की पकड़, उद्योगपतियों और युवाओं का मिल रहा समर्थन
Share Facebook X WhatsApp Telegram Email
View in ePaper

डेली संवाद, जालंधर। Jalandhar News: जालंधर नॉर्थ हलके में आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार और शहर के मेयर वनीत धीर ने अपनी जनसंपर्क मुहिम तेज कर दी है। हलके के विभिन्न वर्गों, कारोबारियों, उद्योगपतियों, ट्रांसपोर्टरों और युवाओं के साथ लगातार संपर्क स्थापित कर रहे वनीत धीर को समर्थन मिलने का दावा किया जा रहा है। वहीं, क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों को भी उनकी मुहिम का प्रमुख आधार बताया जा रहा है।

वनीत धीर लगातार लोगों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं सुन रहे हैं। उनका मुख्य फोकस जालंधर नॉर्थ की पुरानी समस्याओं का समाधान करवाने और लोगों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध करवाने पर है।

उद्योगपतियों और कारोबारियों के साथ लगातार संपर्क

फोकल प्वाइंट, गदईपुर इंडस्ट्रियल एसोसिएशन, ट्रांसपोर्ट इंडस्ट्री और स्पोर्ट्स इंडस्ट्री से जुड़े उद्योगपतियों एवं कारोबारियों के साथ वनीत धीर की बैठकें चर्चा में हैं। उद्योग जगत से जुड़े लोगों की मांग है कि औद्योगिक क्षेत्रों में सड़कों, सीवरेज और अन्य बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाया जाए।

वनीत धीर इन क्षेत्रों के प्रतिनिधियों से मिलकर उनकी समस्याओं को समझ रहे हैं और उन्हें प्राथमिकता के आधार पर हल करवाने की बात कह रहे हैं। इसके साथ ही युवाओं और स्थानीय निवासियों के साथ भी उनका जनसंपर्क लगातार जारी है।

सड़कों और पार्कों के विकास पर विशेष ध्यान

जालंधर नॉर्थ के विभिन्न इलाकों में सड़क निर्माण और गलियों की मरम्मत के कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है। जिन क्षेत्रों में लंबे समय से सड़कों की हालत खराब थी, वहां नए निर्माण कार्य करवाने पर जोर दिया जा रहा है।

यह भी पढ़ें: फगवाड़ा-चंडीगढ़ हाईवे पर North Wood प्रोजैक्ट के खिलाफ विजीलैंस ब्यूरो में शिकायत

इसके अलावा पार्कों के सौंदर्यीकरण, हरियाली बढ़ाने और लोगों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने की दिशा में भी काम किया जा रहा है। उद्देश्य है कि प्रत्येक वार्ड के निवासियों को विकास कार्यों का लाभ मिल सके।

हाईमास्ट लाइटों से रोशन होंगे चौक और पार्क

हलके के विभिन्न चौकों और पार्कों में हाईमास्ट लाइटें लगाने के साथ स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को बेहतर बनाने पर भी ध्यान दिया जा रहा है। इससे रात के समय क्षेत्र में रोशनी और सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।

विशेष रूप से बुजुर्गों के लिए पार्कों में सैर करने और बच्चों के लिए खेलने का बेहतर माहौल तैयार करने की योजना पर काम किया जा रहा है।

सुपर सक्शन मशीनों से सीवरेज की सफाई

जालंधर नॉर्थ में सीवरेज की समस्या से लोगों को राहत दिलाने के लिए सुपर सक्शन मशीनों के माध्यम से सीवरेज लाइनों की सफाई करवाई जा रही है। इसका उद्देश्य सीवरेज जाम और गंदे पानी की निकासी जैसी पुरानी समस्याओं को दूर करना है।

वनीत धीर का कहना है कि विकास केवल बड़ी घोषणाओं तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि इसका लाभ हर वार्ड, गली और परिवार तक पहुंचना चाहिए। इसी सोच के तहत सड़कों, सीवरेज, स्ट्रीट लाइटों और पार्कों से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है।

जनता के बीच पहुंचकर समस्याओं का समाधान करना प्राथमिकता: वनीत धीर

वनीत धीर ने कहा कि जालंधर नॉर्थ के लोगों का प्यार, विश्वास और समर्थन उन्हें और अधिक जिम्मेदारी के साथ काम करने की प्रेरणा देता है। उनका लक्ष्य हलके को आधुनिक सुविधाओं से लैस, स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित क्षेत्र बनाना है।

उन्होंने कहा कि उद्योगपतियों, व्यापारियों, युवाओं और आम नागरिकों के सहयोग से विकास कार्यों को और गति दी जाएगी। लोगों की समस्याओं को सुनकर उनके समाधान के लिए लगातार प्रयास किए जाएंगे।

Watch on Daily Samvad