Skip to content

Lok Sabha Seats Increase 2026: लोकसभा सीटों में 50% बढ़ोतरी को केंद्रीय कैबिनेट की मंजूरी, देश में अब 816 लोकसभा सीटें होंगी!

महिला आरक्षण और परिसीमन विधेयक में संशोधन की तैयारी, लोकसभा की सीटें 543 से बढ़कर करीब 816 होने का प्रस्ताव; 30 नवंबर से संसद का विशेष सत्र

Lok Sabha Seats Increase 2026: लोकसभा सीटों में 50% बढ़ोतरी को केंद्रीय कैबिनेट की मंजूरी, देश में अब 816 लोकसभा सीटें होंगी!
Share Facebook X WhatsApp Telegram Email
View in ePaper

डेली संवाद, नई दिल्ली। Lok Sabha Seats Increase 2026: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में लोकसभा की सीटों में 50 प्रतिशत तक बढ़ोतरी से जुड़े प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई है। इस प्रस्ताव के तहत सभी राज्यों में लोकसभा सीटों की संख्या समान अनुपात में बढ़ाई जाएगी। वहीं, राज्यों के बीच मौजूदा सीटों का आनुपातिक हिस्सा वर्ष 2051 तक बरकरार रखने का प्रस्ताव है।

इस फैसले को परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े विधायी बदलावों की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। कैबिनेट की मंजूरी के बाद अब सरकार 30 नवंबर से शुरू होने वाले संसद के विशेष सत्र में संबंधित संविधान संशोधन विधेयक पेश कर सकती है।

543 से बढ़कर करीब 816 हो सकती हैं लोकसभा सीटें

मौजूदा समय में लोकसभा की 543 निर्वाचित सीटें हैं। प्रस्तावित 50 प्रतिशत बढ़ोतरी के बाद इनकी संख्या लगभग 816 तक पहुंच सकती है। इसके लिए अधिकतम 850 सीटों की सीमा का प्रावधान भी चर्चा में है।

प्रस्ताव के अनुसार, सभी राज्यों की मौजूदा लोकसभा सीटों में समान अनुपात से बढ़ोतरी की जाएगी। इससे किसी राज्य की संसद में दूसरे राज्यों के मुकाबले मौजूदा आनुपातिक हिस्सेदारी कम नहीं होगी।

दक्षिण भारतीय राज्यों की चिंताओं को दूर करने की कोशिश

परिसीमन को लेकर दक्षिण भारत के राज्यों में लंबे समय से चिंता जताई जाती रही है। इन राज्यों का मानना है कि जनसंख्या के आधार पर सीटों का नया निर्धारण होने से उनकी लोकसभा में हिस्सेदारी प्रभावित हो सकती है।

इसी चिंता को ध्यान में रखते हुए प्रस्ताव में 1971 की जनगणना के आधार पर निर्धारित राज्यों के बीच मौजूदा आनुपातिक प्रतिनिधित्व को 2051 तक बनाए रखने का प्रावधान शामिल किया गया है।

इसका उद्देश्य लोकसभा सीटों की संख्या बढ़ाने के साथ राज्यों के बीच प्रतिनिधित्व के मौजूदा अनुपात को सुरक्षित रखना है।

महिला आरक्षण को लागू करने की दिशा में नया प्रयास

सरकार लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने से जुड़े कानून में संशोधन की तैयारी कर रही है।

महिला आरक्षण कानून को लागू करने की प्रक्रिया पहले जनगणना और परिसीमन से जोड़ी गई थी। अप्रैल 2026 में पेश संविधान (131वां संशोधन) विधेयक लोकसभा में आवश्यक दो-तिहाई बहुमत हासिल नहीं कर पाया था।

यह भी पढ़ें: फगवाड़ा-चंडीगढ़ हाईवे पर North Wood प्रोजैक्ट के खिलाफ विजीलैंस ब्यूरो में शिकायत

अब सरकार संशोधित प्रावधानों के साथ इस विधेयक को दोबारा आगे बढ़ाने की तैयारी में है। प्रस्तावित बदलावों का उद्देश्य लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए आरक्षण लागू करने का रास्ता आसान बनाना है।

30 नवंबर से शुरू होगा संसद का विशेष सत्र

संसद का विशेष सत्र 30 नवंबर 2026 से शुरू होगा। पहले दिन लोकसभा की बैठक होगी, जबकि राज्यसभा की बैठक 2 दिसंबर से प्रस्तावित है।

सरकारी कामकाज के अनुसार, संसद का यह विशेष सत्र 3 दिसंबर तक चल सकता है। इस दौरान परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े प्रस्तावों पर सरकार की अगली रणनीति और विधायी प्रक्रिया पर सबकी नजर रहेगी।

हालांकि, कैबिनेट की मंजूरी के बाद भी संविधान संशोधन विधेयक को संसद के दोनों सदनों में आवश्यक विशेष बहुमत से पारित होना होगा। इसके बाद ही प्रस्तावित बदलाव कानून का रूप ले सकेंगे।

Watch on Daily Samvad