Skip to content

Punjab News: झोटा मर्डर के विरोध में धरना बना मातम का कारण, CM मान का होर्डिंग उतारते समय युवक की करंट से मौत

लुधियाना में चंडीगढ़ रोड स्थित जमालपुर इलाके में धरना-प्रदर्शन के दौरान करंट लगने से 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान जश्नदीप सिंह के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, युवक प्रदर्शन के दौरान खंभे पर चढ़कर मुख्यमंत्री भगवंत मान का होर्डिंग उतार रहा था।

Punjab News: झोटा मर्डर के विरोध में धरना बना मातम का कारण, CM मान का होर्डिंग उतारते समय युवक की करंट से मौत
Share Facebook X WhatsApp Telegram Email
View in ePaper

डेली संवाद, लुधियाना। Punjab News: पंजाब के लुधियाना में चंडीगढ़ रोड स्थित जमालपुर इलाके में धरना-प्रदर्शन के दौरान करंट लगने से 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान जश्नदीप सिंह के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, युवक प्रदर्शन के दौरान खंभे पर चढ़कर मुख्यमंत्री भगवंत मान का होर्डिंग उतार रहा था।

इसी दौरान लोहे की रॉड ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली की तारों के संपर्क में आ गई। करंट लगने से युवक नीचे गिर गया। मौके पर मौजूद प्रदर्शनकारियों और पुलिस की मदद से युवक को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

परविंदर सिंह झोटा की हत्या के विरोध में धरने में पहुंचा था युवक

घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें युवक खंभे पर चढ़कर होर्डिंग उतारता दिखाई दे रहा है। हादसे के बाद परिवार में मातम छा गया। परिजनों ने घटना को लेकर प्रशासन और सरकार की व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। परिजनों के मुताबिक, एंटी-ड्रग एक्टिविस्ट परविंदर सिंह झोटा की हत्या के विरोध में पंजाब बंद के आह्वान पर लुधियाना में भी नशे के खिलाफ धरना दिया जा रहा था।

यह भी पढ़ें: पंजाब में 3000 करोड़ के GST घोटाले का पर्दाफाश, लोहा कारोबारियों समेत CA का नाम आया सामने

जश्नदीप सिंह इसी प्रदर्शन में शामिल होने पहुंचा था। उसके चचेरे भाई सतनाम सिंह ने बताया कि जश्नदीप धरने में शामिल होने आया था। उन्हें अंदाजा नहीं था कि वहां इस तरह का हादसा हो जाएगा। उन्होंने कहा कि जश्नदीप के मुख्यमंत्री भगवंत मान का होर्डिंग उतारने को लेकर परिवार को कोई जानकारी नहीं थी। उनके मुताबिक, युवक प्रदर्शन में शामिल होने के लिए पहुंचा था।

Parminder Singh Jhota
Parminder Singh Jhota

11 हजार वोल्ट की तार से टकराई लोहे की रॉड

जश्नदीप के भाई गगनदीप सिंह ने बताया कि घटनास्थल पर एक लोहे का खंभा था और उसके पास से करीब 11,000 वोल्ट की बिजली की तार गुजर रही थी। इसी दौरान लोहे की रॉड बिजली की तार के संपर्क में आ गई, जिससे जश्नदीप को जोरदार करंट लगा और वह नीचे गिर गया।

परिजनों के अनुसार, युवक के नीचे गिरने के बाद उसके मुंह से खून निकलने लगा। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।

कपड़ों की कटिंग का काम करता था जश्नदीप

जश्नदीप सिंह के परिवार में माता-पिता, दो बहनें और दो भाई हैं। वह कपड़ों की कटिंग का काम करता था और साथ में दिहाड़ी-मजदूरी भी करता था। उसकी अभी शादी नहीं हुई थी। युवक की अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

DCP ने जताया दुख, पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया

DCP रूरल गुरसेवक सिंह ने घटना पर दुख जताते हुए बताया कि चंडीगढ़ रोड पर यह हादसा हुआ। उन्होंने मृतक की पहचान कड़ियाना खुर्द निवासी जश्नप्रीत सिंह के रूप में बताई। उनके अनुसार, युवक प्रदर्शन में शामिल होने आया था और बिजली की तार तथा खंभे के संपर्क में आने से उसे करंट लगा।

DCP ने बताया कि करंट लगने के बाद प्रदर्शनकारियों और पुलिस पार्टी की मदद से युवक को फोर्टिस अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। लुधियाना पुलिस कमिश्नरेट की ओर से मृतक के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की गई है। यह हादसा धरना-प्रदर्शन के दौरान बिजली की हाईटेंशन तारों के पास बरती जाने वाली सावधानियों को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े करता है।