डेली संवाद, खरड़। Punjab News: मोहाली (Mohali) के सन्नी एनक्लेव इलाके में देर रात करीब 1:30 बजे तेज रफ्तार कार चालक ने जमकर हड़कंप मचा दिया।
आरोप है कि नशे की हालत में ग्रे रंग की KIA Sonet (PB-65-AZ-5589) चला रहे युवक ने कई वाहनों को टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे कुछ युवकों ने चालक की पिटाई कर दी। सूचना मिलने पर पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया।
निज्जर चौक से शुरू हुआ पीछा
जानकारी के मुताबिक, सन्नी एनक्लेव पहुंचने से पहले चालक ने चंडीगढ़ हाईवे पर निज्जर चौक के पास एक कार को दो बार टक्कर मारी। इसके बाद कार में सवार तीन युवकों ने उसका पीछा शुरू कर दिया।
बताया जा रहा है कि पीछा किए जाने से घबराया चालक सन्नी एनक्लेव की तरफ भागा और पुलिस चौकी वाली गली में घुस गया। पुलिस चौकी से करीब 50 मीटर की दूरी पर मकान नंबर 138-B के बाहर खड़े वाहनों से उसकी कार जा टकराई।
कई गाड़ियां और एक्टिवा क्षतिग्रस्त
टक्कर इतनी जोरदार थी कि आसपास के लोग धमाके की आवाज सुनकर घरों से बाहर निकल आए। हादसे में एडवोकेट अविनाश कुमार शर्मा की एक्टिवा और घर के बाहर खड़ी एक्सटर कार क्षतिग्रस्त हो गई।
इसके अलावा पड़ोसी एडवोकेट हेमराज और उनके बेटे की Maruti Ignis समेत एक अन्य वाहन को भी नुकसान पहुंचा। पीछा कर रहे युवकों का आरोप है कि भागने के दौरान चालक ने पुलिस चौकी के बाहर खड़े पुलिस वाहन को भी टक्कर मार दी।
जालंधर का रहने वाला है आरोपी चालक
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कार चालक को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में चालक ने अपना नाम दिवांशु निवासी जालंधर बताया। पुलिस जांच के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त KIA Sonet मोहाली की एक महिला के नाम पर पंजीकृत है।
कार से एक लेडीज पर्स भी बरामद किया गया है। पीछा कर रहे युवकों ने आरोप लगाया कि चालक ने रास्ते में अपना मोबाइल फोन और पर्स किसी साथी को दे दिया था, जो मौके से फरार हो गया। हालांकि, इन दावों की पुलिस जांच के बाद ही पुष्टि हो सकेगी।
CCTV कैमरों में कैद हुई पूरी घटना
हादसे के बाद पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि कार के कई वाहनों से टकराने और उसके बाद हुए घटनाक्रम की तस्वीरें CCTV में कैद हुई हैं।
पुलिस फुटेज के आधार पर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने और फरार बताए जा रहे व्यक्ति की भूमिका की जांच कर रही है।
कार पर पहले से 10 चालान, ₹44 हजार बकाया
पुलिस द्वारा वाहन का रिकॉर्ड खंगालने पर एक और बड़ा खुलासा हुआ। KIA Sonet पर ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन से जुड़े करीब 10 चालान पहले से पेंडिंग हैं। इन सभी चालानों की कुल राशि करीब ₹44,000 बताई जा रही है।
फिलहाल पुलिस ने वाहन और CCTV फुटेज को जांच का हिस्सा बनाया है। आरोपी चालक के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस यह भी जांच रही है कि हादसे के समय चालक ने शराब या किसी अन्य नशीले पदार्थ का सेवन किया था या नहीं।