Skip to content

Punjab News: पूर्व सरपंच हत्याकांड में बड़ा खुलासा, जमीन विवाद में भाई ने रची साजिश; 2 बदमाशों ने बरसाई थी गोलियां

लुधियाना के लाडोवाल में पूर्व सरपंच नवतेज सिंह उर्फ नीटू की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक हत्या पुराने पारिवारिक और जमीन विवाद के चलते हुई। मामले में 7 आरोपी नामजद हैं और सभी फरार हैं।

Punjab News: पूर्व सरपंच हत्याकांड में बड़ा खुलासा, जमीन विवाद में भाई ने रची साजिश; 2 बदमाशों ने बरसाई थी गोलियां
Share Facebook X WhatsApp Telegram Email
View in ePaper

डेली संवाद, लुधियाना। Punjab News: लुधियाना (Ludhiana) के लाडोवाल इलाके के गांव मनेवाल के पूर्व सरपंच नवतेज सिंह उर्फ नीटू (60) की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है।

पुलिस के मुताबिक, पूर्व सरपंच की हत्या किसी राजनीतिक रंजिश के चलते नहीं बल्कि पुराने पारिवारिक और जमीन विवाद के कारण की गई। पुलिस ने इस मामले में कुल 7 लोगों को नामजद किया है, जबकि सभी आरोपी फिलहाल फरार बताए जा रहे हैं।

जमीन विवाद बना हत्या की वजह

पुलिस कमिश्नर स्वप्न शर्मा ने बताया कि दोनों परिवारों के दादा सगे भाई थे। एक परिवार के पास करीब 34 एकड़ और दूसरे परिवार के पास 44 एकड़ जमीन है। दोनों परिवारों की जमीनें आपस में लगती हैं और लंबे समय से इनके बीच विवाद चल रहा है। इस जमीन विवाद को लेकर स्थानीय अदालत से लेकर हाई कोर्ट तक सिविल केस चल रहे हैं।

पुलिस के अनुसार, दोनों परिवारों के बीच पहले भी रंजिश और धमकियों का सिलसिला रहा है। इसी पुरानी दुश्मनी ने अब खूनी रूप ले लिया। CP ने स्पष्ट किया कि प्रारंभिक जांच में यह मामला राजनीतिक नहीं बल्कि पुरानी पारिवारिक रंजिश और जमीन विवाद से जुड़ा सामने आया है।

बाइक सवार बदमाशों ने की थी ताबड़तोड़ फायरिंग

घटना 3 अक्टूबर की शाम की है। नवतेज सिंह गांव मनेवाल स्थित अपनी करीब 30-35 एकड़ जमीन पर चल रहे काम को देखने के बाद अपनी कार से घर लौट रहे थे। वह कृष्णा नगर, घूमार मंडी स्थित अपने घर जा रहे थे। लाडोवाल टोल प्लाजा से साउथ सिटी रोड की ओर जाते समय पंजाब फूड ऑफिस के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने उनकी इनोवा कार को निशाना बनाया।

यह भी पढ़ें: लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में छात्रा से रेप! गुस्साए छात्रों ने किया जमकर हंगामा, आगजनी

आरोप है कि बाइक पर पीछे बैठे हमलावर ने पहले सामने से कार पर गोलियां चलाईं। इसके बाद दोनों बदमाश आगे निकलकर पीछे की तरफ गए और ड्राइवर साइड से दोबारा ताबड़तोड़ फायरिंग की। इस दौरान कार के ड्राइवर साइड का शीशा पूरी तरह चकनाचूर हो गया।

डैशबोर्ड कैमरे में कैद हुई पूरी वारदात

पूर्व सरपंच की कार में लगे डैशबोर्ड कैमरे ने पूरी वारदात रिकॉर्ड कर ली। परिवार ने यह फुटेज पुलिस को सौंप दी है।

फुटेज के मुताबिक, करीब 6:25 बजे दो बाइक सवार सामने से आते दिखाई देते हैं, जबकि करीब 6:27 बजे फायरिंग शुरू होती है। पुलिस के अनुसार, फुटेज में हमलावरों की तस्वीरें काफी स्पष्ट हैं और एक आरोपी की पहचान भी कर ली गई है। पुलिस अब CCTV और डैशबोर्ड कैमरे की फुटेज के आधार पर बाकी आरोपियों की पहचान और उनकी गतिविधियों की जांच कर रही है।

रोज साथ जाने वाला बेटा उस दिन नहीं था

परिवार के मुताबिक, नवतेज सिंह रोजाना खेतों पर जाते समय अपने वकील बेटे को साथ लेकर जाते थे, लेकिन घटना वाले दिन वह अकेले ही खेतों से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान हमलावरों ने उनकी कार को घेरकर फायरिंग कर दी।

गोली लगने के बाद स्थानीय लोगों ने गंभीर रूप से घायल नवतेज सिंह को उनकी ही गाड़ी में DMC अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

7 आरोपी नामजद, सभी फरार

नवतेज सिंह को कितनी गोलियां लगीं, इसकी सटीक जानकारी पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी। शव का पोस्टमार्टम कराया जाना है। पुलिस ने इस हत्याकांड में कुल 7 लोगों को नामजद किया है।

पुलिस के मुताबिक, दूसरे परिवार का मुखिया इस मामले में मुख्य आरोपी है। वारदात के बाद सभी आरोपी अपने घरों से फरार बताए जा रहे हैं। फिलहाल किसी आरोपी को हिरासत में नहीं लिया गया है।

6 पुलिस टीमें जांच में जुटीं

मामले की गंभीरता को देखते हुए DCP सिटी के नेतृत्व में पुलिस की 6 टीमें गठित की गई हैं। पुलिस की टीमें राउंड द क्लॉक आरोपियों की तलाश कर रही हैं।

पुलिस आरोपियों के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक खंगाल रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि हत्या की साजिश में कौन-कौन लोग शामिल थे और वारदात के बाद आरोपियों को किसने मदद की। पुलिस कमिश्नर स्वप्न शर्मा ने दावा किया है कि मामले को जल्द सुलझा लिया जाएगा और आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।