डेली संवाद, चंडीगढ़। Punjab News: बच्चों का सुरक्षित बचपन, सम्मानजनक जीवन और बेहतर भविष्य सुनिश्चित करने के लिए पंजाब सरकार द्वारा सामाजिक सुरक्षा योजनाओं को लगातार मजबूत किया जा रहा है।
सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने बताया कि आश्रित बच्चों को वित्तीय सहायता योजना के तहत राज्य सरकार द्वारा सितंबर 2026 तक 254.44 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता जारी की जा चुकी है। इस सहायता का लाभ पूरे पंजाब में लगभग 2.43 लाख बच्चों को मिल रहा है।
यह पहल ‘रंगला पंजाब’ की सोच को दर्शाती
डॉ. बलजीत कौर ने कहा कि प्रत्येक बच्चा प्यार, देखभाल, सम्मान और अपने सपनों को साकार करने के लिए समान अवसरों का हकदार है। मुख्यमंत्री स.भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार मानवीय सरोकारों को प्राथमिकता देते हुए ऐसे बच्चों को समय पर सहायता उपलब्ध करवा रही है, ताकि वे आत्मविश्वास के साथ अपने जीवन में आगे बढ़ सकें।
यह भी पढ़ें: मैरिटन होटल को अवैध बताकर खाली करवाने वाले नगर निगम के अफसर हुए 'लाचार'
उन्होंने कहा कि यह पहल ‘रंगला पंजाब’ की सोच को दर्शाती है, जहां प्रत्येक बच्चे की सुरक्षा, कल्याण और सर्वांगीण विकास सरकार की प्रमुख प्राथमिकता है। सरकार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि किसी भी बच्चे की विपरीत परिस्थितियां उसकी शिक्षा, प्रगति और सपनों की राह में बाधा न बनें।
बच्चों की देखभाल करने में सक्षम नहीं
कैबिनेट मंत्री ने बताया कि आश्रित बच्चों को वित्तीय सहायता योजना के अंतर्गत 21 वर्ष से कम आयु के ऐसे बच्चे शामिल हैं, जिनके माता-पिता दोनों की मृत्यु हो चुकी है, दोनों माता-पिता लापता हैं अथवा माता-पिता शारीरिक या मानसिक अक्षमता के कारण बच्चों की देखभाल करने में सक्षम नहीं हैं।
इस योजना का लाभ उन पात्र परिवारों को भी दिया जाता है, जिनकी वार्षिक आय 60,000 रुपये या इससे कम है। उन्होंने आगे बताया कि वित्त वर्ष 2026-27 के लिए इस योजना के तहत 432.78 करोड़ रुपये का बजट प्रावधान किया गया है, जिसमें से सितंबर 2026 तक 254.44 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं।
भविष्य की नींव मजबूत करने में सहायक सिद्ध हो रही
यह वित्तीय सहायता बच्चों की बुनियादी आवश्यकताओं को पूरा करने, उनकी शिक्षा जारी रखने और उनके बेहतर भविष्य की नींव मजबूत करने में सहायक सिद्ध हो रही है।
डॉ. बलजीत कौर ने दोहराया कि पंजाब सरकार बच्चों के कल्याण, सुरक्षा और सशक्तीकरण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि राज्य के प्रत्येक बच्चे को सुरक्षित बचपन, सम्मानजनक जीवन और अपने सपनों को साकार करने के लिए समान अवसर प्राप्त हों।