डेली संवाद, तरनतारन। Punjab News: पंजाब के तरनतारन में आम आदमी पार्टी (AAP) से जुड़े सरपंच की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात पट्टी हलके के तूत बस स्टैंड पर हुई, जहां बाइक सवार दो अज्ञात हमलावरों ने सरपंच पर फायरिंग कर दी।
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। मृतक की पहचान तूत गांव के सरपंच अश्वनी कुमार उर्फ अश्वनी देवगन के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, अश्वनी कुमार AAP के वरिष्ठ नेता भी थे।
बाइक पर आए थे दो हमलावर
फायरिंग के दौरान उनके साथ मौजूद साथी चमकौर सिंह को भी गोली लगी, जिसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के प्रत्यक्षदर्शी और घायल चमकौर सिंह के मुताबिक, बाइक पर सवार दो लोग मौके पर पहुंचे और उन्होंने सरपंच पर करीब तीन गोलियां चलाईं।
यह भी पढ़ें: मैरिटन होटल को अवैध बताकर खाली करवाने वाले नगर निगम के अफसर हुए 'लाचार'
फायरिंग के बाद हमलावर फरार हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत घायल सरपंच को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पत्नी ने 50 लाख रुपये फिरौती मांगने का लगाया आरोप
पट्टी क्षेत्र के DSP रवि शेर सिंह ने बताया कि अश्वनी कुमार कहीं जा रहे थे। इसी दौरान तूत बस स्टैंड पर उन्हें निशाना बनाया गया। हमले में तीन गोलियां लगीं। पुलिस अधिकारी के अनुसार, एक गोली सीधे दिल के पास लगी, जिसके कारण उनकी मौत हो गई। फायरिंग में अश्वनी कुमार के साथ मौजूद चमकौर सिंह भी घायल हुए हैं और उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
मृतक सरपंच की पत्नी ने आरोप लगाया है कि उनके परिवार से 50 लाख रुपये की फिरौती मांगी जा रही थी और उन्हें इस संबंध में कई बार धमकियां भी मिल चुकी थीं। पुलिस अब इस पहलू को भी जांच में शामिल कर रही है। हालांकि, फिरौती की मांग और हत्या के बीच संबंध की अभी पुलिस की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
पुलिस हमलावरों की तलाश में जुटी
घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और अज्ञात हमलावरों की तलाश की जा रही है। पुलिस आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाल सकती है, ताकि आरोपियों की पहचान और उनके भागने के रास्ते का पता लगाया जा सके।
DSP रवि शेर सिंह ने कहा कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द ही वारदात का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा।