डेली संवाद, जालंधर। Jalandhar News: पंजाब में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जालंधर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। बस्ती बावा खेल इलाके में नशा तस्करी से कथित तौर पर अर्जित काली कमाई से बनाए जा रहे एक निर्माणाधीन चैरिटेबल अस्पताल पर पुलिस और नगर निगम की संयुक्त टीम ने बुलडोजर चला दिया।
प्रशासन ने अवैध इमारत के एक हिस्से को ध्वस्त कर दिया है। पुलिस का कहना है कि इस पूरी इमारत को चरणबद्ध तरीके से गिराया जाएगा और जल्द ही इसे सील भी किया जाएगा। जालंधर के पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह ने कार्रवाई की जानकारी देते हुए बताया कि निर्माणाधीन अस्पताल अमनदीप सिंह नामक व्यक्ति का है।
दुकान पर छापेमारी में मिली थीं 1 लाख से अधिक नशीली गोलियां
अमनदीप का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है और उसके खिलाफ पहले से तीन आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें NDPS एक्ट के तहत नशा तस्करी के दो मामले और आर्म्स एक्ट के तहत एक मामला शामिल है। पुलिस कमिश्नर के मुताबिक, करीब दो सप्ताह पहले पुलिस टीम ने अमनदीप सिंह की दुकान पर छापेमारी की थी। इस दौरान वहां से एक लाख से अधिक नशीली गोलियां बरामद की गई थीं।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि कथित तौर पर नशीली दवाइयों की बिक्री से अर्जित काली कमाई का इस्तेमाल निर्माणाधीन अस्पताल को बनाने में किया जा रहा था। इस मामले में कार्रवाई करते हुए अमनदीप सिंह और उसके पिता के मेडिकल लाइसेंस भी रद्द कर दिए गए हैं। पुलिस अब इस संपत्ति से जुड़े वित्तीय लेन-देन और अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
नगर निगम के नोटिस का नहीं मिला जवाब
प्रशासन के अनुसार, नगर निगम की ओर से इस अवैध निर्माण को लेकर अमनदीप सिंह को पहले नोटिस जारी किए गए थे। हालांकि, उसकी तरफ से कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिलने के बाद पुलिस और नगर निगम की संयुक्त टीम ने ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की।
यह भी पढ़ें: फगवाड़ा-चंडीगढ़ हाईवे पर North Wood प्रोजैक्ट के खिलाफ विजीलैंस ब्यूरो में शिकायत
पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह ने स्पष्ट किया कि यह कार्रवाई यहीं तक सीमित नहीं रहेगी। पूरी इमारत को चरणबद्ध तरीके से ध्वस्त किया जाएगा और जल्द ही इसे सील करने की प्रक्रिया भी पूरी की जाएगी।
मारपीट के मामले में जेल में बंद है अमनदीप
पुलिस के मुताबिक, अमनदीप सिंह जून महीने में डिवीजन नंबर-1 थाना क्षेत्र में दो पक्षों के बीच हुई मारपीट के मामले में भी आरोपी है और फिलहाल जेल में बंद है।
पुलिस कमिश्नर ने कहा कि जालंधर शहर के हॉटस्पॉट इलाकों में नशे के खिलाफ विशेष अभियान लगातार चलाया जा रहा है। नशा तस्करी से अर्जित संपत्तियों की पहचान कर उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
संपत्ति होगी फ्रीज, यहां बनेगी सरकारी इमारत
पुलिस कमिश्नर ने बताया कि आगे की कार्रवाई के तहत अमनदीप सिंह की इस संपत्ति को फ्रीज करने की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी। प्रशासन की योजना है कि भविष्य में इस जगह पर सरकारी इमारत का निर्माण किया जाए।
प्रशासन की इस कार्रवाई को नशा तस्करी के जरिए बनाई गई कथित अवैध संपत्तियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई के तौर पर देखा जा रहा है।