डेली संवाद, दसूहा। Farmers Protest: पंजाब में गन्ने के दाम बढ़ाने और शुगर मिलों की ओर बकाया राशि का जल्द भुगतान करने की मांग को लेकर किसानों का आंदोलन तेज हो गया है। पिछले तीन दिनों से शुगर मिल के बाहर धरने पर बैठे किसानों ने अब जालंधर-पठानकोट नेशनल हाईवे जाम कर दिया है।
किसानों ने जालंधर की ओर जाने वाले मार्ग को पूरी तरह बंद कर दिया, जिससे हाईवे पर यातायात प्रभावित हो गया है और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। किसान नेताओं ने साफ कहा है कि जब तक गन्ने का रेट बढ़ाने और बकाया राशि जारी करने की मांग पूरी नहीं होती, तब तक उनका धरना जारी रहेगा।
तीन दिन से चल रही थी किसानों और प्रशासन के बीच बातचीत
जानकारी के मुताबिक, किसान अपनी मांगों को लेकर पिछले तीन दिनों से शुगर मिल के बाहर शांतिपूर्ण धरना दे रहे थे। इस दौरान किसान नेताओं, प्रशासनिक अधिकारियों और शुगर मिल प्रबंधन के बीच कई दौर की बैठकें हुईं।
यह भी पढ़ें: फगवाड़ा-चंडीगढ़ हाईवे पर North Wood प्रोजैक्ट के खिलाफ विजीलैंस ब्यूरो में शिकायत
किसानों को उम्मीद थी कि बातचीत के जरिए उनकी समस्याओं का समाधान निकल आएगा, लेकिन तीन दिनों तक चली वार्ता बेनतीजा रही। किसी भी मुद्दे पर सहमति नहीं बनने के बाद किसानों ने अपने पहले से दिए गए अल्टीमेटम के मुताबिक हाईवे जाम करने का फैसला लिया।
जालंधर जाने वाला मार्ग पूरी तरह बंद
किसानों ने जालंधर-पठानकोट नेशनल हाईवे की जालंधर की ओर जाने वाली लेन को बंद कर दिया है। इसके कारण इस मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
धरने के दौरान किसान सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं। किसान नेताओं का कहना है कि गन्ने का उचित रेट और किसानों की बकाया राशि का भुगतान उनकी प्रमुख मांगें हैं।
दूसरी लेन भी बंद करने की चेतावनी
किसान नेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार और प्रशासन ने जल्द उनकी मांगों पर कोई फैसला नहीं लिया तो हाईवे की दूसरी लेन भी बंद कर दी जाएगी।
किसानों का कहना है कि जब तक गन्ने के दाम नहीं बढ़ाए जाते और बकाया भुगतान नहीं किया जाता, तब तक जालंधर जाने वाला रास्ता नहीं खोला जाएगा। फिलहाल हाईवे पर किसानों का धरना जारी है और प्रशासन की ओर से समाधान निकालने के प्रयास किए जा रहे हैं।